UP Weather News: उत्तर प्रदेश में आज भारी बारिश का अनुमान, कई जिलों में स्कूल बंद करने का निर्देश
उत्तर-प्रदेश में मानसून ने फिर से जोर पकड़ लिया है। कई जिलों में भारी बारिश हुई है। लखनऊ में भी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। बिजनौर मुरादाबाद रामपुर बरेली और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है। आगरा में भी बारिश जारी है। शहर में दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर से जोरदार दस्तक दी है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई क्षेत्रों में सामान्य से अधिक बारिश हुई। शुक्रवार को भी कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना मौसम विभाग की ओर से जताई गई है।
भारी बारिश से तापमान में भी गिरावट दर्ज हुई है। लखनऊ में भी बारिश के आसार बने हुए हैं।गुरुवार को लखनऊ में 12.6 मिलीमीटर बरसात हुई। प्रदेश में सबसे अधिक बरसात आगरा, अलीगढ़ 52 मिलीमीटर से अधिक हुई। भारी बरसात से कई जिलों में जलभराव से जनजीवन अस्तव्यस्त भी होने लगा है।
शुक्रवार 13 सितंबर को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश हो सकती है। कुछ जिलों में भारी बारिश होने की चेतावनी भी जारी हुई है। 13 सितंबर को बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और आसपास क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है।
इसे भी पढ़ें-अवैध मतांतरण के लिए दिल्ली की NGO में बुना गया था गहरा जाल
बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, मुजफ्फरनगर, कासगंज, एटा, मैनपुरी, अमरोहा, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं में भी भारी से बहुत भारी बारिश के आसार हैं। 14 सितंबर को बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत में भारी बारिश हो सकती है। जबकि सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, सहारनपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, अमरोहा, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं और आसपास भारी बारिश होगी।
मौसम विज्ञानी डा. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, उत्तर प्रदेश में एक कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय हो गया है, जो पश्चिम-दक्षिण पश्चिम उत्तर प्रदेश से पूर्व-उत्तर पूर्व की दिशा में 10 किमी प्रति घंटे की गति से बढ़ते हुए अब शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) के दक्षिण-पश्चिम में लगभग 70 किमी, हरदोई के पश्चिम में 90 किमी, बरेली के दक्षिण में 100 किमी, अलीगढ़ के पूर्व-दक्षिण में 130 किमी और आगरा के पूर्व-उत्तर पूर्व में 130 किमी की दूरी पर स्थित है। इसके 13 सितंबर से धीरे -धीरे कमजोर होने की संभावना है।
आगरा में बारिश में हुई सुबह, दोपहर और शाम
आगरा में घड़ी की सुइयां अगर चलायमान न हों तो गुरुवार को काले-काले बादल, तेज हवा और घनघोर बारिश ये संकेत भी नहीं दे रही थी कि कब सुबह, कब दोपहर और कब हुई शाम। मंगलवार देर रात से शुरू हुई बारिश गुरुवार शाम तक नहीं थमी। लगातार हुई बारिश ने शहर भर को संकट में डुबो दिया।
आज से हल्की हो सकती है वर्षा
आगरा शहर में दो दिन-रात निरंतर कभी हल्की तो कभी तेज वर्षा ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। शहर से लेकर देहात तक अत्यधिक वर्षा से लोग परेशान नजर आए। भगवान से वर्षा बंद करने की प्रार्थना करते रहे। 24 घंटे में 151 मिलीमीटर (एमएम) वर्षा रिकार्ड की गई। आगरा में एक जून से अब तक 721.9 एमएम वर्षा हो चुकी है, जो वार्षिक औसत 650 एमएम से कहीं अधिक है।
शहर में मंगलवार रात करीब दो बजे वर्षा शुरू हुई थी। बुधवार को पूरे दिन और पूरी रात वर्षा होती रही। गुरुवार को सुबह से वर्षा की झड़ी शुरू हुई तो रात आठ बजे के करीब ही थमी। थोड़ी देर रुकने के बाद फिर रिमझिम होने लगी। दिनभर कभी फुहारें पड़ीं तो कभी तेज वर्षा हुई। ठंडी हवा चलती रही। इससे शहर से देहात तक जगह-जगह पेड़, होर्डिंग और खंभे उखड़ गए।
मौसम विज्ञानी मो. दानिश ने बताया कि उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और निकटवर्ती क्षेत्र का अवदाब 10 घंटे प्रति घंटे की गति से उत्तर-उत्तर पूर्व की ओर बढ़ गया है। इसका केंद्र आगरा से करीब 50 किमी पूर्व-दक्षिण पूर्व रहा। इसके शुक्रवार से धीरे-धीरे कमजोर होने की संभावना है।
बरेली का मौसम
बरेली में शुक्रवार को तेज वर्षा का अनुमान है। बरेली में झमाझम वर्षा को देखते हुए कक्षा आठ तक के सभी स्कूलों में शुक्रवार को अवकाश रहेगा। डीएम रविन्द्र कुमार के निर्देश पर कक्षा एक से आठ तक के सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त वित्तविहीन विद्यालयों और सभी बोर्ड के विद्यालयों में 13 सितंबर को अवकाश घोषित किया। बीएसए संजय सिंह ने बताया कि अवकाश के आदेश का कड़ाई से अनुपालन कराया जाएगा।
इसे भी पढ़ें-पूर्वांचल में स्मार्ट मीटर से बिजली चोरी पर लगेगी लगाम, काशी से होगी निगरानी
गोरखपुर का मौसम
गोरखपुर में शुक्रवार को बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। देवरिया और बस्ती में भी कुछ स्थानों पर बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम वर्षा होने का पूर्वानुमान है।
कानपुर का मौसम
कानपुर में गरज -चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा के आसार हैं। कृषि मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार मानसून विदाई का समय है लेकिन अभी अगले पूरे सप्ताह तक वर्षा थमने के आसार नहीं है। प्रशांत महासागर में ला -नीना मौसम की गतिविधियां सक्रिय हुई हैं। इससे मानसून मौसम बना रह सकता है।