Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

UP Weather Today: प्रदेश में सबसे गरम रहा आगरा, बारिश के इंतजार में उमस से परेशान हो रहे लोग, जानिए आज यूपी के मौसम का हाल

UP Weather News बारिश तेज धूप और फिर उमस यूपी में मौसम के कई रंग देखने को मिल रहे हैं। मानसून के मौसम ने इस बार कानपुर सहित यूपी के सभी शहरों में समय से दस्तक दी। दो जुलाई को आए मानसून ने कुछ दिन झमाझम बारिश से सराबोर किया था लेकिन अब बूंदाबांदी और धूप निकलने के बाद उमस परेशान कर रही है।

By Jagran News Edited By: Vivek Shukla Updated: Thu, 18 Jul 2024 08:40 AM (IST)
Hero Image
कानपुर में तेज धूप और उमस के बीच धूप से बचने की कोशिश करती युवतियां। जागरण

 जागरण संवाददाता, लखनऊ। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में जुलाई के पहले सप्ताह में झमाझम बारिश हुई। कुछ जिलों में बाढ़ जैसे हालत भी हुए, लेकिन पिछले चार-पांच दिनों से मानसून कमजोर पड़ गया है। लखनऊ सहित अन्‍य जिलों में तेज धूप व उमस ने लोगों को खूब परेशान किया है।

प्रदेश में सबसे गरम रहा आगरा

आगरा शहर से बादल रूठे हुए नजर आ रहे हैं। बुधवार को दिनभर बादल उमड़ते रहे, लेकिन सिकंदरा क्षेत्र को छोड़कर कहीं बरसे नहीं। उमस अधिक होने से दिनभर पसीना बहता रहा, जिससे शहरवासी परेशान रहे। प्रदेश के गरम शहरों में आगरा पहले स्थान पर रहा।

मौसम विभाग ने गुरुवार को आंशिक बादल रहने, वर्षा या आंधी आने का पूर्वानुमान जताया है। बुधवार को सुबह से धूप निकली। दिनभर बादल उमड़े। सूरज कभी बादलों की ओट में छिपा तो कभी धूप निकली। इस वजह से उमस बढ़ी हुई रही।

इसे भी पढ़ें-रिलायंस की साझेदारी वाले संयंत्र को नहीं मिल रहा बिजली कनेक्शन, निवेश से पीछे हटी कंपनी

बरेली में गुरुवार को मौसम साफ होने का अनुमान है। वहीं गोरखपुर में गुरुवार को भी आसमान में छिटपुट बादल छाए रहेंगे। उमस भरी गर्मी पड़ेगी। देवरिया व बस्ती में भी छिटपुट बादल छाए रहने और उमस भरी गर्मी पड़ने का पूर्वानुमान है।

कानपुर में वर्षा ने तरसाया, उमस भरी गर्मी ने सताया

कानपुर में मानसून के सक्रिय होने के बाद भी झमाझम वर्षा का इंतजार शहरवासियों को हैं। आसमान से राहत की बूंदे नहीं गिर रहीं हैं और लोगों को उमस भरी गर्मी सता रही है। इससे लोगों को पसीना बहाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

इसे भी पढ़ें-गंगा पार नावों के जाने पर लगा प्रतिबंध, नहीं चलेंगी छोटी नावें, बढ़ रहे जलस्‍तर को लेकर अलर्ट

शहरवासियों को भी बुधवार को वर्षा होने की आस लगी रही लेकिन देर शाम निराशा हाथ लगी। बुधवार को अधिकतम तापमान 36.8 और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में उत्तर पूर्व दिशा से दस किमी प्रति घंटा की गति से हवा चलती रही।

अमेठी कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष डा. आरके आनंद के अनुसार गुरुवार को कहीं-कहीं हल्के बादल छाए रहने तथा हल्की बारिश होने की संभावना है।

मेरठ में बरसात के बाद उमस, अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस

मेरठ में सावन का महीना शुरू होने वाला है। अभी तक जोरदार वर्षा नहीं हुई है। बुधवार को हल्की वर्षा हुई। जिससे उमस हो गई और लोग गर्मी से परेशान दिखाई पड़े। बुधवार को हुई वर्षा का आंकलन 3.5 मिलीमीटर किया गया। जुलाई के पूरे माह में अब तक केवल 66 मिलीमीटर ही वर्षा हुई है।

बुधवार को वर्षा के बाद उपजी उमस से लोग परेशान हो गए। हल्की वर्षा के बावजूद भी लोग दिनभर पसीना-पसीना होते रहे। वहीं, बुधवार को मौसम का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक 35.7 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 19 जुलाई तक इसी तरह का मौसम बना रहेगा। कोई विशेष बदलाव नहीं होगा।

वाराणसी में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। धूप और बादल का क्रम बना रह सकता है। तापमान में हल्की वृद्धि हो सकती है। उमस भरा मौसम बना रहेगा।