Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

UP Weather Today: आगरा में उमस ने छुड़ाया पसीना, कानपुर में राहत बनकर आई बारिश, आज बदला रहेगा यूपी का मौसम

यूपी में मानसून ब्रेक की समस्या अब समाप्त होने वाली है। अगले तीन दिनों में यूपी के तमाम जिलों में बदरा फिर से बरसेंगे और मौसम सुहावना होगा। मानसून एक्टिव होने के बाद प्रदेश के कई जिलों में तीन से 4 दिनों तक अच्छी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून का लो प्रेशर एरिया अब दक्षिण भारत से मध्य प्रदेश की ओर शिफ्ट हो गया है।

By Jagran News Edited By: Vivek Shukla Updated: Fri, 26 Jul 2024 07:33 AM (IST)
Hero Image
कानपुर में बारिश से लोगों को उमस से मिली राहत। जागरण

 डिजिटल डेस्क, लखनऊ। UP Weather News यूपी में मानसून ब्रेक लेकर अब फिर से सक्रिय हो रहा है। अगले कुछ घंटे के भीतर यूपी के तमाम जिलों में बादल फिर से बरसेंगे और मौसम सुहावना होगा। मानसून एक्टिव होने के बाद प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश का अनुमान है।

आगरा में सुबह से रात तक उमस ने छुड़ाया पसीना

आगरा शहर में गुरुवार को सुबह से रात तक उमस ने पसीना छुड़ाया। घर या बाहर कहीं चैन नहीं मिला। उमस की वजह से दम फूलता रहा। अधिकतम आर्द्रता 92 प्रतिशत तक पहुंच गई, लेकिन वर्षा नहीं हुई।

मौसम विभाग ने शुक्रवार को बादल छाए रहने और हल्की वर्षा का पूर्वानुमान जताया है। शहर में गुरुवार को सुबह से हल्के बादल रहे। बादलों की ओट में छिपे सूरज ने कभी दर्शन दिए तो कभी बादल छाए। इससे सुबह से ही उमस बढ़ी रही।

इसे भी पढ़ें-वाराणसी में लुटेरों का सरगना दारोगा दो साथियों संग गिरफ्तार, CCTV से खुला राज

बरेली में कहीं झमाझम तो कहीं तेज धूप

बरेली में मौसम का मिजाज इन दिनों पूरी तरह से बदला हुआ चल रहा है। श्रावण मास में भादों जैसी वर्षा हो रही है। शहर के किस क्षेत्र में अचानक से वर्षा शुरू हो जाए किसी को नहीं पता होगा। हालांकि, मौसम विभाग की ओर से शुक्रवार से मौसम पूरी तरह से साफ होना बताया जा रहा है।

मौसम विज्ञानी अतुल कुमार बताते हैं कि शुक्रवार से जिले में मौसम साफ होने का अनुमान है। तेज धूप होने की वजह से तापमान में बढ़ोतरी होगी। अभी अगले तीन दिनों तक किसी भी तरह का कोई अलर्ट नहीं हैं। गुरुवार को अचानक से शहर के कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा हुई।

बाकी के क्षेत्रों में तेज धूप खिली रही। जिसकी वजह से तापमान में बुधवार की तुलना में एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। गुरुवार को जिले का अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार को तापमान बढ़ने का अनुमान हैं।

इसे भी पढ़ें-पूर्व विधायक उदयभान करवरिया नैनी सेंट्रल जेल से रिहा, पत्‍नी और समर्थकों ने किया स्‍वागत

गोरखपुर में शुक्रवार को बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा हो सकती है। देवरिया और बस्ती में भी बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर वर्षा होने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुसार मेरठ जिले में मौसम बादलों के बीच बारिश के आसार, धूप खिलेगी। इसके अलावा आर्द्रता 87 प्रतिशत रहेगी।

कानपुर में तरसे किसानों को इंद्रदेव ने भिगोया , दो दिन में 40 मिमी वर्षा

कानपुर में दक्षिण भारत की ओर खिसक चुकी मानसून रेखा वापस मध्य प्रदेश के खजुराहो तक आ गई है। इसका असर कानपुर व आस -पास के जिलों में वर्षा के तौर पर दिखाई दे रहा है। पिछले दो दिन के दौरान शहर में लगभग 40 मिलीमीटर की वर्षा हुई है।

बृहस्पतिवार को शहर में रुक - रुक कर पानी बरसता रहा। बादलों की आवाजाही के साथ ही वर्षा का दौर जारी रहने से मौसम विज्ञानी अनुमान लगा रहे हैं कि अगले दो दिन तक यह मौसम बना रहेगा। दिन में तेज धूप निकलेगी और उमस बढ़ने के साथ ही वर्षा होती रहेगी।

जुलाई के पहले सप्ताह के बाद से रूठे इंद्रदेव आखिरकार मान गए और दो सप्ताह से बने अघोषित सूखे की विदाई कर दी है।

दिन में हल्की बारिश, दो डिग्री लुढ़का पारा

प्रयागराज में बुधवार की शाम शुरू हुआ झमाझम बारिश के बाद गुरुवार को भी हल्की बारिश का दौर चलता रहा। कुछ स्थानों पर रिमझिम बारिश हुई तो कुछ जगहरों में हल्की बारिश ने भिगाेया। इसकी वजह से भीषण उमस का सामना कर रहे लोगों को राहत मिली। तापमान में भी दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार शुक्रवार को भी हल्की बारिश की उम्मीद है। प्रयागराज में 22 जून को मानसून ने दस्तक दी थी। इसके बाद से लोग अच्छी बारिश के लिए तरस गए थे पर बुधवार को पहली झमाझम बारिश ने धरती को तर कर दिया। गुरुवार की सुबह भी बारिश का दौर चला और दोपहर में रिमझिम बारिश होती रही।

पूर्वांचल में बादलों का डेरा, उमस ने भी घेरा

काशी समेत पूरे पूर्वांचल में मानसूनी द्राेणिका भी है, पुरवा हवा चल रही है, भरपूर आर्द्रता भी है, आसमान में बादलों की आवाजाही भी है, यानी पूरी तरह से वर्षा के अनुकूल वातावरण है, फिर धरती का आंचल अतृप्त है। बादलों के बीच से तिरछी तीखी धूप की चिलचिलाती किरणें त्वचा को झुलसा रही हैं तो भीषण उमस भरी गर्मी देह का पानी निचोड़ कर पसीने के रूप में बहा देने पर आमादा है।

बादल हैं, फिर भी बरस नहीं रहे। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि ऐसा द्रोणिका की कमजोर स्थिति के कारण है। हालांकि बीते 24 घंटों में जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों मं 24 मिमी तो शहरी क्षेत्र में 13 मिमी वर्षा हुई लेकिन यह छिटपुट और बूंदाबांदी के रूप में होने से कोई विशेष प्रभाव नहीं डाल सकी।