Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

UP Weather Today: गोरखपुर में धूल भरी आंधी के साथ बारिश, आगरा में गर्मी को लेकर ऑरेज जोन घोषित, जानिए आज कैसा रहेगा यूपी का मौसम

UP Weather Update यूपी में मौसम का मिजाज बदल गया है। गुरुवार को प्रदेश के कई जिलों में भयंकर गर्मी पड़ने के आसार हैं। लोगों को दिन में गर्मी ने बेचैन किया तो वही रात में भी राहत नहीं मिली। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 30 से 40 किलोमीटर की गति से हवाएं चल सकती हैं। सूरज आगामी दिनों में तेवर तो दिखाएगा ही लू भी बेहाल करेगी।

By Jagran News Edited By: Vivek Shukla Updated: Thu, 06 Jun 2024 07:10 AM (IST)
Hero Image
तेज गर्मी से राहत के लिए रेलवे ट्रैक के किनारे नहाता एक व्यक्ति। जागरण

 डिजिटल डेस्‍क, लखनऊ। (UP Weather Update) उत्‍तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फ‍िर करवट बदली है। बीते कई दिनों से तापमान में कमी देखी जा रही थी लेकिन अब फ‍िर से तापमान ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। हालांकि गोरखपुर में सुबह बारिश होने से लोगों ने राहत की सांस ली है। आने वाले चार-पांच दिनों में तापमान 45 पार जा सकता है। आइए जानते हैं कि आज गुरुवार को यूपी का मौसम कैसा रहेगा।

आगरा में लू ने जमकर सताया

आगरा जिले में लू का प्रकोप जारी है। बुधवार को भी दिनभर लू चलती रही। मौसम विभाग ने अगले चार दिन तक लू का प्रकाेप रहने का पूर्वानुमान जताया है। न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।

बुधवार को सामान्य तापमान से अधिकतम व न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस अधिक रिकार्ड दर्ज किए गए। मंगलवार को जिले में अधिकतम तापमान 46.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दोपहर से राह तक गरम हवा चलती रही थी। बुधवार को सुबह से तेज धूप निकली। दिन चढ़ने के साथ अधिकतम तापमान भी बढ़ता चला गया। दोपहर 12 बजे के बाद तो तेज धूप की वजह से घर से बाहर निकलना दूभर हो गया।

लू के थपेड़े चुभते रहे और त्वचा झुलस गई। दोपहर एक से चार बजे मध्य सर्वाधिक गर्मी रही। अधिकतम तापमान बढ़कर 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। शाम को भी गरम हवा चली। इससे शहर से देहात तक लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। प्रदेश में बुधवार को आगरा दूसरा सबसे गरम शहर रहा।

फतेहपुर 46.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे अधिक गरम रहा। मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट मौसम विभाग ने आगरा को आरेंज जोन में रखते हुए अलर्ट जारी किया है। छह व सात जून को यहां लू का प्रकोप देखने को मिलेगा। सुबह 11 से शाम चार बजे तक घर में रुकने, जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने का सुझाव दिया गया है।

इसे भी पढ़ें-गोरक्षनगरी में फिर भाजपा की तारणहार बनी गोरक्षपीठ, यहां कम नहीं हुई जनता की निष्ठा

गर्मी की मार.. ड्यूटी पर तैनात दो होमगार्ड बेहोश

बरेली : तापमान अब भले ही कम हो गया, लेकिन उमस भरी गर्मी लोगों को बेचैन कर रही है। स्थिति यह है कि भीषण गर्मी और डिहाइड्रेशन की वजह से लोग बेहोश हो रहे हैं। बुधवार को भी ड्यूटी पर तैनात दो होमगार्ड बेहोश हो गए। अन्य साथी होमगार्डों ने उन्हें जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया। जहां उनका इलाज किया जा रहा है।

बुधवार को तापमान भले ही कम हो गया, लेकिन उमस ने लोगों को परेशान कर दिया। महज 40.6 डिग्री सेल्सियस तापमान में भी लोगों को बेचैनी हो रही थी। उमस की वजह से वह चैन की सांस नहीं ले पा रहे थे। मगर अब शुक्रवार से फिर तेजी से तापमान बढ़ने की आशंका मौसम विभाग जता रहा है। हालांकि गुरुवार तक हल्की बूंदाबांदी और तेज हवा के संकेत जारी हैं।

मौसम विज्ञानी अतुल कुमार बताते हैं कि, अभी बीच में हल्की बूंदाबांदी होने की वजह से मौसम में आर्द्धता बढ़ गई है। जिस वजह से उमस तेजी से बड़ी है। जितनी ऊष्मा सूर्य से आ रही वह वापस नहीं जा पा रही है। जिसकी वजह से लोगों को गर्मी की वजह से घुटन महसूस हो रही है। गुरुवार तक तेज हवा और हल्की बूंदाबांदी के आसार बने हुए हैं। तापमान में बढ़ोतरी अधिक नहीं होगी। मगर शुक्रवार से मौसम पूरी तरह से शुष्क हो जाएगा और हवा भी पश्चिमी हो जाएगी। जिसकी वजह से तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी।

इसे भी पढ़ें-12 में नौ सीटें जीत सपा बनी पूर्वांचल की सबसे बड़ी पार्टी, बस दो पर खिला कमल

गोरखपुर में बारिश से राहत

गोरखपुर में कई दिनों से बारिश का इंतजार हो रहा था। ऐसे में गुरुवार सुबह अचानक धूलभरी आंधी चलने लगी। अभी लोग इससे संभलते उससे पहले तेज बारिश होने लगी। तेज बारिश होने से लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है। वहीं बस्ती में धूल भरी आंधी के साथ तेज बारिश हुई है। हालांकि दिन में मौसम साफ रहने और भीषण गर्मी पड़ने का पूर्वानुमान है।

कानपुर में नमी बढ़ने सताएगी उमस भरी गर्मी

कानपुर में मौसम से अभी गर्मी से राहत मिलती नहीं दिख रही है। बुधवार को पूरे दिन करीब सात किमी प्रति घंटे की गति से चले लू के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर दिया। रात में बादल छाने से न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस का इजाफा दर्ज किया गया। वायुसेना स्टेशन, चकेरी में 46 और न्यूनतम तापमान 31.0 डिग्री सेल्सियस और सीएसए कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान केंद्र में अधिकतम तापमान 43.4 और न्यूनतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में अधिकतम आर्द्रता 59 प्रतिशत पर पहुंचने से उमस भरी गर्मी ने परेशान किया। आगामी दिनों में नमी बढ़ने से उमस भरी गर्मी सताएगी और दिन में लू के थपेड़े बेहाल करते रहेंगे।

मेरठ में 40 के नीचे उतरा पारा

दिन में तेज धूप के बाद बुधवार रात मौसम ने पलटी मारी। शाम सात बजे तेज हवाओं के साथ वर्षा हुई। कई कालोनियों की बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई। मौसम का मिजाज बदलने से गर्मी में काफी राहत मिली। इससे पहले दिन भर तेज धूप रही और तापमान भी 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही रहा।

नौतपा में प्रचंड गर्मी के बाद मौसम का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे जरूर आ गया है, लेकिन गर्मी का सितम जारी रहा। दिन में सुबह से ही तेज धूप रही। बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो अधिक 39.8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक रहा।

सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डा. यूपी शाही के अनुसार गुरुवार को जिले में हल्के बादलों के बीच धूप खिलेगी। इसके अलावा आर्द्रता 32 प्रतिशत रहेगी।

तीसरे दिन दहका प्रयागराज, चार दिन प्रचंड गर्मी करेगी परेशान

प्रयागराज : लगातार तीसरे दिन प्रयागराज दहका। अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है। अभी अगले चार दिन राहत की उम्मीद नहीं है। लू की वजह से गुरुवार को अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। वहीं गर्मी के साथ उमस भी परेशान कर रही है।

आर्द्रता में मामूली वृद्धि के कारण ही नमी की मात्रा बढ़ने लगी है। मई के आखिरी दिनों में राहत के बाद एक जून के लगातार पारा ऊपर की ओर चढ़ रहा है। तीन जून को अधिकत तापमान 45 डिग्री के पार चला गया था और तब से लगातार यह 45 के ऊपर ही बना हुआ है। बुधवार को भी यह 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार नौ जून तक अधिकतम तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। इसके बाद मामूली राहत मिल सकती है पर 12 जून तक अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के इर्द-गिर्द ही रहेगा।