Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

UP Weather Today: देर रात हुई बूंदाबांदी ने दी गर्मी से राहत, आगरा में चली आफत की आंधी, एक की मौत, जानिए आज यूपी के मौसम का हाल

UP Weather Update यूपी में मौसम का मिजाज बदल गया है। प्रदेश में मानसून की दस्‍तक होने वाली है लेकिन इससे पहले गर्मी ने लोगों की हालत खराब कर दी है। वहीं बुधवार देर रात कई शहरों में बारिश होने से लोगों को राहत मिली है। 23 जून लगातार गरज के साथ बौछारें पड़ने के आसार है। इससे लोग राहत की सांस लेंगे।

By Jagran News Edited By: Vivek Shukla Updated: Thu, 20 Jun 2024 08:12 AM (IST)
Hero Image
आगरा तेज वर्षा और आंधी के चलते खंदारी हाईवे स्थित सिद्धार्थ अपार्टमेंट में खड़ी कार के ऊपर गिरा पेड़। जागरण

 डिजिटल डेस्‍क, लखनऊ। (UP Weather Update) उमस भरी गर्मी में मौसम का मिजाज बदल गया है।बुधवार को प्रदेश के कई जिलों में बौछारें पड़ने से लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है। वहीं गुरुवार को गोरखपुर सहित अन्‍य जिलों में तेज हवाएं चल सकती हैं। आइए जानते हैं कि यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम...

आगरा- आंधी और वर्षा से आफत, एक की मृत्यु, कई कार क्षतिग्रस्त

आगरा में कई दिन से गर्मी से परेशान लोगों के लिए बुधवार शाम हुई वर्षा ने राहत तो दी, लेकिन आंधी के साथ से यह कई क्षेत्रों में आफत बनकर आई। सैंया में दीवार गिरने से वृद्ध की मृत्यु हो गई। जबकि तीन बच्चे घायल हो गए।

शहर के कई क्षेत्रों में आंधी की चपेट में आकर पेड़ों के गिरने से छह कार क्षतिग्रस्त हो गईं। कई स्थानों पर पेड़ों की चपेट में आने से लोग बाल-बाल बच गए। बुधवार शाम छह बजे से आंधी और वर्षा शुरू हो गई थी।

बरेली में तापमान @43.3 डिग्री

बरेली में बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लू बंद नहीं हुई, लेकिन पिछले दिनों की तुलना में इसका प्रभाव कुछ कम हो गया। पछुआ हवा का रुख बदलकर उत्तरी पश्चिमी हो गया। जिसकी वजह से वातावरण में नमी बढ़ गई और उमस हो गई।

भीषण गर्मी की वजह से डीएम का रसोइया और ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी में लगे होमगार्ड की हालत बिगड़ गई। उन्हें आनन फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों मरीजों को हीट स्ट्रोक वार्ड में भर्ती किया गया है।

गोरखपुर में गुरुवार को मौसम साफ रहेगा। आसमान में बादल छाए रहेंगे। उमस भरी गर्मी पड़ेगी। देवरिया और बस्ती में भी बादल छाए रहने और उमस भरी गर्मी पड़ने पूर्वानुमान है।

इसे भी पढ़ें-यूपी में 23 को होगी झमाझम बारिश, 25 को मानसून की आस, फ‍िलहाल प्रदेशभर में लू को लेकर रेड अलर्ट

कानपुर में लू के थपेड़ों ने किया बेहाल, उमस भरी गर्मी ने छुड़ाया पसीना

कानपुर में रेगिस्तान से आ रही गर्म हवा ने पूरे गंगा-यमुना क्षेत्र को तपाकर रख दिया है। बुधवार को भी सूर्य देव की तपिश ने शहरवासियों को झुलसाया तो वहीं लू के थपेड़े बेहाल करते रहे। तेज उमस से लोगों का पसीना छूटता रहा।

सीएसए कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान केंद्र में अधिकतम तापमान 43.8 और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और वायुसेना स्टेशन, चकेरी में अधिकतम तापमान 46.3 और न्यूनतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में उत्तर पश्चिम दिशा से 18.3 किमी प्रति घंटा की गति से आंधी चली।

वातावरण में नमी का अधिकतम 51 और न्यूनतम नमी 31 प्रतिशत रही। हालांकि, शाम होते ही तेज हवा चलने से गर्मी से राहत मिली। वहीं, गुरुवार से पूर्वी हवा चलने से शहरवासियों को गर्मी से राहत मिलने और 22 जून से प्री मानसून के सक्रिय होने के आसार बने हैं।

लखनऊ में बारिश से राहत

प्रदेशभर में इन दिनों भीषण गर्मी से बुरा हाल है। मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ों तक में लू का कहर जारी है। हालांिक, बुधवार देर रात राजधानी में हुई बूंदाबांदी से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। हर दिन अधिकतम और न्यूनतम तापमान रिकार्ड स्तर पर पहुंच रहा है।

मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार से भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। लखनऊ के आसपास और पूर्वी यूपी के लगभग सभी जिलों में लू का दौर खत्म होगा। हालांकि, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अभी चार-पांच दिनों तक हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है।

23 जून से बारिश के आसार

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि दो दिन बाद गर्मी से राहत मिलेगी। अरब सागर से आ रही नमी के प्रभाव से प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में बादलों की आवाजाही एवं आंधी के साथ ही छिटपुट बारिश के आसार बन रहे हैं। आगामी 24 घंटों के दौरान तापमान में और गिरावट हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को लखनऊ में लू का बहुत ज्यादा असर नहीं रहेगा।

इसे भी पढ़ें-प्रयागराज में युवक के किए कई टुकड़े, फेंका मिला हाथ, पैर और प्राइवेट पार्ट

मेरठ में पारा 42.5 डिग्री, दिन में तेज धूप, शाम को छाए बादल

मेरठ में पिछले 11 दिनों से तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियम से नीचे नही गिरा है। बुधवार को भी अधिकतम तापमान सामान्य से 6.4 डिग्री अधिक 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से 6.3 अधिक 31.5 डिग्री सेल्सियम रहा। यह इस सीजन का सर्वाधिक न्यूनतम तापमान है।

बुधवार को तेज धूप के साथ दिन की शुरूआत हुई। प्रचंड गर्मी और तेज लू ने जीवन को हलकान कर दिया। शाम लगभग पांच बजे के बाद मौसम में परिवर्तन आया और हल्की तेज हवा के साथ आसमान में बादल छा गए। चुभती व पसीने वाली गर्मी से आंशिक राहत मिली।

प्रयागराज में दो दिन में सात डिग्री डिग्री लुढ़काया पारा

प्रयागराज में जून की प्रचंड गर्मी पर बादलों ने ब्रेक लगा दिया। दो दिन में ही बादलों की घेराबंदी और नम हवाओं ने पारे को सात डिग्री नीचे लाकर पटक दिया। इसकी वजह से गर्मी से त्रस्त लोगों राहत मिल गई। पारा गिरा तो घरों में दुबके लोग बाहर निकले।

अच्छी खासी संख्या में लोगों ने राहत का आनंद उठाने के लिए संगम की ओर कूच कर दिया। बादलों की छतरी के नीचे जमकर मस्ती की। हालांकि गुरुवार एक बार फिर गर्म हवाएं और तेज धूप पारे को चढ़ाकर दो दिन की राहत को खत्म कर सकती है।

दोपहर तक बादलों का साया, फिर चली लू ने झुलसाया

वाराणसी में अभी तीन-चार दिन और प्रचंड लू और ताप सहने को तैयार रहिए। हालांकि इस बीच में रह-रह कर बादलों की उपस्थिति कभी-कभी उमस भरा वातावरण भी उत्पन्न करेगी, तब चिपचिपाती पसीने वाली गर्मी बेहाल करेगी। इसके बाद कहीं प्री-मानसून की सक्रियता देखने को मिल सकती है। मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि अब मानसून लेट हो सकता है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें