Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

UP Weather Update: यूपी में आज से सक्रिय होगा मानसून, कई जिलों में बारिश के आसार; पढ़ें लेटेस्ट अपडेट

यूपी में आज से मानसून सक्रिय होने जा रहा है। कई जिलों में बारिश के आसार हैं। बहराइच आगरा कासगंज समेत कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल में भी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 26 से 29 सितंबर तक आंशिक बादल छाए रहने वर्षा या गरज के साथ बौछार पड़ने का पूर्वानुमान जताया है।

By Jagran News Edited By: Abhishek Pandey Updated: Thu, 26 Sep 2024 08:16 AM (IST)
Hero Image
प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कई इलाकों में हल्की बारिश का क्रम जारी रहा। हालांकि कई इलाकों में मौसम शुष्क रहा है लेकिन जल्द ही प्रदेश में एक बार फिर मौसम सक्रिया होने वाला है। वहीं प्रदेश में अधिकतम तापमान 36 डिग्री रहा। आज गुरुवार को बहराइच, आगरा, कासगंज समेत कई जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल में बारिश होने के आसार हैं।

मैनपुरी में कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी नरेंद्र कुमार के अनुसार, इस 29 तक बूंदाबांदी या तेज वर्षा होने की संभावना है। आकाशीय गर्जना भी होगी और हवा चलेगी। उन्होंने बताया कि बुधवार को हुई वर्षा की वजह से न्यूनतम और अधिकतम तापमान में भी कुछ कमी आएगी।

आज से मानसून के सक्रिय होने के आसार

मानसून के एक बार फिर सक्रिय होने के संकेत हैं। गुरुवार से तीन दिनों तक बरसात देखने को मिल सकती है। बुधवार को दोपहर बाद मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। हवाओं ने उमस भरी गर्मी से राहत दिलाई। रात में भी मौसम अनुकूल रहा। अधिकतम तापमान सामान्य तीन डिग्री अधिक 34.8 और न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

आगरा में बारिश के आसार

आगरा के कुछ क्षेत्रों में बुधवार शाम वर्षा हुई तो कहीं एक बूंद नहीं पड़ी। वर्षा होने के बाद हवा चलने से शहरवासियों को उमस से राहत मिली। मौसम विभाग ने 26 से 29 सितंबर तक आंशिक बादल छाए रहने, वर्षा या गरज के साथ बौछार पड़ने का पूर्वानुमान जताया है।

शहर में बुधवार को सुबह से सूरज व बादलों में लुकाछिपी का खेल चलता रहा। कभी धूप निकली तो कभी सूरज बादलों की ओट में छिपा रहा। दोपहर में हवा चलने लगी, लेकिन उमस अधिक होने से शहरवासी बेहाल नजर आए। शाम चार बजे के करीब आवास विकास कालोनी, सिकंदरा, शास्त्रीपुरम, पश्चिमपुरी, इंडस्ट्रियल एस्टेट सिकंदरा आदि क्षेत्रों में जमकर वर्षा हुई।

मौसम विज्ञानी मो. दानिश ने बताया कि 26 से 29 सितंबर तक आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। एक या दो बार वर्षा या गरज के साथ बौछार भी पड़ सकती है। 30 सितंबर को भी बादल छाए रहेंगे।

मथुरा में झमाझम बारिश

लगभग एक घंटे की झमाझम वर्षा ने आफत पैदा कर दी। बीएसए मार्ग पर कंकाली मंदिर से लेकर भूतेश्वर रेलवे अंडरपास के नीचे तीन फीट तक पानी भर गया। आवागमन बाधित हो गया। दोपहिया वाहन बंद हो गए। खींचकर निकालने में लोगों का पसीना छूट गया।

अधिकतम तापमान भी 27 से बढ़कर 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। तापमान में वृद्धि से हर कोई बेचैन हो गया था। बुधवार की सुबह तेज धूप निकली। दोपहर एक बजे आसमान में बादल छा गए और कुछ देर बाद वर्षा शुरू हो गई। करीब आधा घंटे बाद वर्षा बंद हो गई। इसके बाद ढाई बजे आसमान से झमाझम वर्षा शुरू हो गई। करीब पौन घंटे तक जमकर वर्षा हुई। लोग सुरक्षित ठिकानों पर जा छिपे।

रिमझिम वर्षा से राहत के साथ आफत

कासगंज में दो दिनों से उमस और गर्मी से परेशान लोगों को बुधवार शाम वर्षा ने राहत दी। शाम पांच बजे बूंदाबांदी से शुरू हुई वर्षा शाम सात बजे तक रिमझिम बरसती रही। इससे मौसम खुशनुमा हो गया। वहीं गलियों में कीचड़ होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। पिछले दो दिनों से मौसम में खासी गर्मी थी।

अचानक मौसम में बदलाव हुआ और शीतल हवा चलने से लोगों को कुछ सुकून मिला। शाम पांच बजे करीब बूंदाबांदी के बाद रिमझिम वर्षा शुरू हो गई। जो शाम सात बजे तक रुक-रुक कर होती रही। इसके बाद मौसम खुशनुमा हो गया। लोगों को गर्मी से राहत भी मिली। लेकिन राहत के साथ आफत भी साथ आयी।

वर्षा के कारण गलियों में कीचड़ और जलभराव से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। वर्षा से शहर के सोरों गेट, बिलराम गेट, साईं कालोनी, 16 बीघा, दुर्गा कालोनी आदि क्षेत्रों में जलभराव और गलियों में कीचड़ हो गया था। देर शाम वर्षा के रुकने के बाद बाजारों में दोबारा रोनक आ गई। लोग खरीदारी को बाहर निकले। देर रात तक सड़क किनारे लगे ठेल-ढकेलों पर वि​भिन्न व्यंजनों का स्वाद चखा।

सीतापुर में मौसम का हाल

वहीं सीतापुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियल, न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं बहराइच में नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार हल्के से मध्यम बादल छाए रहने एवं कहीं-कहीं हल्की वर्षा की संभावना है। हवा सामान्य गति से पूर्वी दिशा में चलने के आसार हैं। औसत तापमान सामान्य से अधिक रहेगा।

गोंडा में कैसा रहेगा मौसम

वहीं गोंडा मौसम वरिष्ठ वैज्ञानिक डा. उपेंद्रनाथ सिंह के अनुसार मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। गुरुवार को आसमान में बादलों की आवाजाही रहेगी। तेज धूप होने से गर्मी का असर बढ़ेगा। तापमान में उतार-चढ़ाव से उमस बढ़ सकती है।

बाराबंकी के कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम सहायक सचिन शुक्ला ने बताया कि गुरुवार को 65 प्रतिशत बारिश होने की आशंका है। दोपहर में धूप निकल सकती है। बादल आते-जाते रहेंगे। शाम तक फिर से बूंदाबांदी के आसार हैं। रात में तापमान घटेगा।

इसे भी पढ़ें: सीमांचल एक्सप्रेस पर पथराव मामले में GRP ने आधी रात कई स्थानों पर की छापेमारी, 22 संदिग्धों को उठाया

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें