Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

UP Weather Update Today: आगरा में उमस ने किया परेशान, गोरखपुर में मानसून ने दी दस्तक, जानिए आज यूपी के मौसम का हाल

UP Weather Update यूपी में मौसम का मिजाज बदल गया है। प्रदेश में मानसून की दस्‍तक होने वाली है लेकिन इससे पहले गर्मी ने लोगों की हालत खराब कर दी है। वहीं शनिवार को कई शहर में हल्‍के बादल ने राहत पहुंचाई लेकिन उमस परेशान करती रही। अब भी कई जिलों में तेज हवाएं चल रही हैं। आज से बौछार पड़ने के आसार हैं।

By Jagran News Edited By: Vivek Shukla Updated: Sun, 23 Jun 2024 08:15 AM (IST)
Hero Image
बरेली में बारिश होने पर छाता लगाकर जाते लोग। जागरण

 जागरण संवाददाता, लखनऊ। लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में मौसम करवट बदल रहा है। अब लोगों को घूप नहीं उमस परेशान कर रही है। हालांकि सुबह से बादलों की आवाजाही और ठंडी हवा चलने की वजह से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।

आगरा तापमान में गिरावट, उमस ने किया परेशान

आगरा जिले में शनिवार को मौसम के कई रंग देखने को मिले। अधिकतम तापमान में गिरावट और न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज किए जाने से उमस बढ़ी रही। उमस अधिक होने से शहरवासी बैचेन नजर आए। यमुना पार, फतेहाबाद रोड, बरहन व अछनेरा में वर्षा हुई। शाम को हवा चलने से शहरवासियों को राहत मिली।

26 से होगी वर्षा

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 26 जून से निरंतर वर्षा की संभावना है। 26 जून को तेज हवा के साथ वर्षा या गरज के साथ बौछार पड़ सकती है। 27 व 28 जून को आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। वर्षा या आंधी आ सकती है।

प्रदेश में स्थिति

क्रम, स्थिति, अधिकतम तापमान

1, कानपुर, 43.8

2, प्रयागराज, 41.4

3, इटावा, 41.1

4, उरई, 40.6

5, झांसी, 40.3

6, वाराणसी, 39.9

7, आगरा, 39.0

इसे भी पढ़ें-बस्‍ती अपहरण कांड के 22 साल पुराने मामले में आया नया मोड़, राहुल ने कहा- मेरे किडनैपिंग में अमरमणि की कोई भूमिका नहीं

बरेली में कल पहुंचेगा मानसून

बरेली में गर्मी का प्रकोप अब कम हो चुका है। शनिवार सुबह से छाए बादलों के बाद दोपहर में हुई हल्की वर्षा ने लोगों को राहत की सांस दिलाई। हालांकि, उमस की वजह से शरीर में चिपचिपाहट शुरू हो गई। मौसम विभाग ने भी प्रदेश के अलग-अलग जिलों में आने वाले मानसून की अनुमानित तिथि घोषित कर दी हैं। बरेली में सोमवार से मानसून सक्रिय होना बताया जा रहा है।

गोरखपुर में मानसून की दस्तक शुरू

गोरखपुर में मानसून का इंतजार अब समाप्त होने वाला है। शनिवार को कुछ स्थानों पर हुई छिटपुट वर्षा के जरिये मानसून ने दस्तक देना शुरू कर दिया है। अब यह क्रम जारी रहेगा। तीन दिन तक लगातार वर्षा होने के बाद मौसम विभाग की ओर से यह वर्षा को मानसूनी वर्षा घोषित कर दी जाएगी। शनिवार को हुई छिटपुट वर्षा ने ही गोरखपुर और आसपास के क्षेत्र में रहने वाले लोगों को गर्मी से राहत दिला दी है।

कानपुर तापमान में गिरावट से मिली राहत

कानपुर में बीते तीन दिनों से तापमान में गिरावट से काफी राहत महसूस की गई है। बीते 48 घंटों में कोई भी अज्ञात शव न मिलने से अब पोस्टमार्टम हाउस में पूर्व में रखे सभी अज्ञात शवों का निस्तारण हो गया है। जिससे डाक्टरों के साथ ही पोस्टमार्टम के कर्मचारियों ने राहत की सांस ली है।

बीते 51 दिनाें में शहर में 309 अज्ञात शव मिले थे वहीं पुलिस ने कई ज्ञात व अज्ञात शवों के पंचनामा भरने के दौरान गर्मी से मौत होने की बात लिखी थी। हालांकि इसके बावजूद राहत आयुक्त कार्यालय की रिपोर्ट के अनुसार शहर में किसी भी व्यक्ति की हीटस्ट्रोक से मौत नहीं हुई है।

इसे भी पढ़ें-परिषदीय के गुरुजी पर बढ़ेगा ऑनलाइन का बोझ, स्कूल रजिस्टर होंगे डिजिटल, टैबलेट पर चेहरा दिखा हाजिरी

मेरठ में प्री मानसून ने किया मायूस, मानसूनी बरसात के झमाझम होने की आस

मेरठ में मई और जून में सूरज देव के प्रचंड तेवरों से आमजन मानस त्रस्त हो गया था। चार माह से रूठी बरसात पिछले दो दिन से कुछ मेहरबान हुई है। प्री मानसून सीजन में 16 प्रतिशत बरसात हुई है। जून में भी अभी तक केवल छह मिलीमीटर बरसात हुई है। लगातार चार माह तक बरसात का टोटा होने से किसानों की मुसीबत बढ़ गई है। फसलों की लागत में बढ़ोत्तरी हो गई है।

मार्च, अप्रैल और मई तक तीन माह प्री मानसून बरसात के माने जाते हैं। मेरठ में मानसून का आगमन की तिथि 28 - 29 जून मानी जाती है। इसलिए जून में होने वाली बरसात को मानसून सीजन का माना जाता है। प्री मानसून सीजन में मात्र 11.4 मिलीमीटर बरसात हुई है। जबकि प्री मानसून सीजन में सामान्य बरसात का आंकड़ा 68.6 मिलीमीटर है।

बारिश से मौसम खुशनुमा, जारी रहेगा राहत का दौर

प्रयागराज में मौसम ने शनिवार की भोर से अचानक अपना रूख बदल लिया। बारिश ने यमुनापार से लेकर गंगापार तक कई क्षेत्रों में गर्मी को हवा में उड़ा दिया। हालांकि शहर के कई इलाकों में लोग बारिश का इंतजार करते रहे पर उनको तेज हवाओं से ही संतोष करना पड़ा।

हालांकि अधिकतम तापमान में आइ गिरावट से लोगों को गर्मी से राहत मिली पर शाम को उमस बढ़ने के कारण लोगों को परेशानी का सामाना भी करना पड़ा। मौसम विज्ञानियों के अनुसार 24 जून तक प्रयागराज में अच्छी बारिश की शुरूआत हो जाएगी। ऐसे में जून के महीने में अब लोगों को गर्मी से लगातार राहत रहेगी।

वाराणसी में छिटपुट वर्षा से मौसम सुहाना

वाराणसी में मानसून की यात्रा भले अभी 24 घंटे पूर्व के स्थानों पर ही अटकी पड़ी हों, लेकिन पूर्वी उत्तर प्रदेश में प्री-मानसूनी गतिविधियां आरंभ हो गई हैं। इससे रह-रह कर कहीं-कहीं हुई छिटपुट वर्षा ने मौसम सुहाना तो बनाया और तापमान भी घटाया लेकिन पुरवा हवा के साथ आ रही भरपूर आर्द्रता के चलते उमस भरी गर्मी ने पसीना भी खूब छुड़ाया। हवा बंद होने या हवा से आड़ होते ही ऐसा लगता मानों देह उबल पड़ी हो और पसीने के रूप में शरीर का सारा पानी निचुड़ रहा हो।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें