Move to Jagran APP

UPSSSC Exam Updates: यूपी स्टेनो भर्ती मुख्य परीक्षा का बदला पैटर्न, एग्जाम में पूछे जाएंगे 100 प्रश्न; सिलेबस जारी

UPSSSC Exam Pattern यूपीएसएसएससी ने लिखित परीक्षा का पाठ्यक्रम जारी कर दिया है। परीक्षा में हिंदी परिज्ञान और लेखन योग्यता के 30 प्रश्न होंगे। सामान्य बुद्धि परीक्षण के 15 प्रश्न सामान्य जानकारी के 20 प्रश्न कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी की अवधारणाओं एवं इस क्षेत्र में समसामयिक प्रौद्योगिकी विकास एवं नवाचार का ज्ञान से संबंधित 15 और उत्तर प्रदेश राज्य से संबंधित सामान्य जानकारी के 20 प्रश्न होंगे।

By Jagran NewsEdited By: Narender SanwariyaUpdated: Sat, 09 Dec 2023 06:30 AM (IST)
Hero Image
यूपीएसएसएससी स्टेनो भर्ती मुख्य परीक्षा का पैटर्न बदल गया है। (फाइल फ़ोटो)
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने विभिन्न विभागों में आशुलिपिक के 333 पदों पर भर्ती के लिए प्रक्रिया तेज कर दी है। आनलाइन आवेदन की प्रक्रिया बीते छह नवंबर को खत्म होने के बाद अब आशुलिपिक मुख्य परीक्षा के लिए पाठ्यक्रम भी जारी कर दिया है। परीक्षा में 100 प्रश्न पूछे जाएंगे।

परीक्षा का पाठ्यक्रम जारी

प्रत्येक प्रश्न एक-एक अंक का होगा। ऋणात्मक मूल्यांकन भी किया जाएगा। एक उत्तर गलत होने पर एक चौथाई अंक काट लिए जाएंगे। परीक्षा दो घंटे की होगी। यूपीएसएसएससी के परीक्षा नियंत्रक विधान जायसवाल की ओर से लिखित परीक्षा का पाठ्यक्रम जारी कर दिया गया है।

परीक्षा के प्रश्न

परीक्षा में हिंदी परिज्ञान और लेखन योग्यता के 30 प्रश्न होंगे। सामान्य बुद्धि परीक्षण के 15 प्रश्न, सामान्य जानकारी के 20 प्रश्न, कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी की अवधारणाओं एवं इस क्षेत्र में समसामयिक प्रौद्योगिकी विकास एवं नवाचार का ज्ञान से संबंधित 15 और उत्तर प्रदेश राज्य से संबंधित सामान्य जानकारी के 20 प्रश्न होंगे।

टायपिंग टेस्ट

लिखित परीक्षा के आधार पर अभ्यर्थियों की छंटनी की जाएगी। लिखित परीक्षा में अर्ह पाए गए अभ्यर्थियों की हिंदी आशुलेखन व टंकण की परीक्षा होगी। हिंदी आशुलेखन में 80 शब्द प्रति मिनट व हिंदी टंकण में 25 शब्द प्रति मिनट होना अनिवार्य है।

नेत्र परीक्षण अधिकारी की परीक्षा का पाठ्यक्रम जारी

नेत्र परीक्षण अधिकारी के 157 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा का भी पाठ्यक्रम जारी कर दिया गया है। परीक्षा में 100 सवाल पूछे जाएंगे। 65 सवाल विषयागत ज्ञान से संबंधित होंगे, कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी से संबंधित 15 व उप्र राज्य से संबंधित सामान्य जानकारी के 20 सवाल होंगे। प्रत्येक सवाल एक अंक का होगा।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।