Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

जेई के पदों पर भर्ती की लिखित परीक्षा में पूछे जाएंगे 100 सवाल, UPSSSC ने जारी किया पाठ्यक्रम

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने विभिन्न विभागों में अवर अभियंता (सिविल) यानी जेई के 4612 पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा का पाठ्यक्रम जारी कर दिया है। परीक्षा में कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे जिन्हें हल करने के लिए अभ्यर्थियों को दो घंटे का समय दिया जाएगा। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा और परीक्षा में ऋणात्मक मूल्यांकन किया जाएगा।

By Ashish Kumar Trivedi Edited By: Aysha Sheikh Updated: Wed, 18 Sep 2024 09:03 PM (IST)
Hero Image
जेई के पदों पर भर्ती की लिखित परीक्षा में पूछे जाएंगे 100 सवाल - प्रतीकात्मक तस्वीर।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विभिन्न विभागों में अवर अभियंता (सिविल) यानी जेई के 4,612 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित की जाने वाली लिखित परीक्षा का पाठ्यक्रम बुधवार को उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने जारी कर दिया। परीक्षा में कुल 100 सवाल पूछे जाएंगे।

सभी प्रश्न बहुविकल्पीय होंगे और इन्हें हल करने के लिए अभ्यर्थियों को दो घंटे का समय दिया जाएगा। प्रत्येक सवाल एक अंक का होगा। परीक्षा में ऋणात्मक मूल्यांकन किया जाएगा। एक सवाल गलत होने पर एक चौथाई अंक काट लिया जाएगा।

यूपीएसएसएससी के परीक्षा नियंत्रक विधान जायसवाल के मुताबिक लिखित परीक्षा का प्रश्नपत्र तीन भागों में होगा। पहले भाग में प्रबलित कंक्रीट संरचना का डिजाइन और भवन सामग्री एवं निर्माण विषय से संबंधित 10-10 प्रश्न पूछे जाएंगे और सामग्री की मजबूती एवं संरचना का सिद्धांत, स्टील एवं मशीनरी संरचना, आंकलन, लागत एवं मूल्यांकन, मृदा यांत्रिकी एवं फाउंडेशन इंजीनियरिंग, सर्वेक्षण, परिवहन इंजीनियरिंग, पर्यावरण एवं जन स्वास्थ्य इंजीनियरिंग, सिंचाई अभियंत्रिकी और द्रव यांत्रिकी के पांच-पांच सवाल होंगे।

जल्द लिखित परीक्षा का कार्यक्रम भी होगा जारी

वहीं दूसरे भाग में कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी की अवधारणाओं एवं इस क्षेत्र में समसामयिक प्रौद्योगिकी विकास एवं नवाचार का ज्ञान विषय के 15 सवाल और तीसरे भाग में उत्तर प्रदेश राज्य से संबंधित सामान्य जानकारी से जुड़े 20 सवाल पूछे जाएंगे। मालूम हो कि जेई के पदों पर भर्ती के लिए आयोग ने बीती सात मई को आनलाइन आवेदन फार्म जारी किए थे और 28 जून फार्म भरने की अंतिम तारीख है। आयोग जल्द लिखित परीक्षा का कार्यक्रम भी जारी करेगा।

ये भी पढ़ें - 

महाकुंभ 2025 के प्रबंधन का बीड़ा उठाएंगे 'स्पेशल-55', जल्द होगी नियुक्ति; राज्य सरकार ने अनुदान भी किया स्वीकृत

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर