Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

UP News: लीड्स 2023 सर्वे में यूपी लगातार दूसरे वर्ष बना अचीवर प्रदेश, उत्तर प्रदेश के खाते में एक और उपलब्धि दर्ज

यूपी को लीड्स (लाजिस्टिक्स ईज अक्रास डिफरेंट स्टेट्स) रिपोर्ट 2023 में लैंडलाक राज्यों की श्रेणी में अचीवर्स राज्यों की सूची में शामिल किया गया है। यह लगातार दूसरा वर्ष है जब उत्तर प्रदेश को लीड्स सर्वे रिपोर्ट में अचीवर्स राज्यों की सूची में स्थान दिया गया है। लीड्स रिपोर्ट के जरिये मल्टीमोडल कनेक्टिविटी भंडारण क्षमता में सुधार तथा लोगों और सामानों की निर्बाध आवाजाही के स्तर को मापा जाता है।

By Jagran NewsEdited By: Jeet KumarUpdated: Sun, 17 Dec 2023 06:30 AM (IST)
Hero Image
लीड्स 2023 सर्वे में यूपी लगातार दूसरे वर्ष बना अचीवर प्रदेश

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश को लीड्स (लाजिस्टिक्स ईज अक्रास डिफरेंट स्टेट्स) रिपोर्ट 2023 में लैंडलाक राज्यों की श्रेणी में ‘अचीवर्स’ राज्यों की सूची में शामिल किया गया है। यह लगातार दूसरा वर्ष है जब उत्तर प्रदेश को लीड्स सर्वे रिपोर्ट में अचीवर्स राज्यों की सूची में स्थान दिया गया है। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय की ओर से विभिन्न राज्यों में लाजिस्टिक्स की सुगमता पर आधारित लीड्स रिपोर्ट प्रत्येक वर्ष जारी की जाती है।

इस तरह से किया गया आंकलन

इसके जरिये मल्टीमोडल कनेक्टिविटी, भंडारण क्षमता में सुधार तथा लोगों और सामानों की निर्बाध आवाजाही के स्तर को मापा जाता है। लीड्स देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लाजिस्टिक्स, बुनियादी ढांचा, सेवाओं और मानव संसाधनों का आंकलन करने के लिए एक स्वदेशी डाटा-संचालित सूचकांक है।

यह रिपोर्ट राज्यों और संघ शासित राज्यों में लाजिस्टिक्स परफार्मेंस इंडेक्स जैसे अंतरराष्ट्रीय मानकों के आधार पर तैयार की जाती है। इसके तहत देश के सभी राज्यों के लिए रैंकिंग जारी की जाती है, जिन्हें चार समूहों में बांटा जाता है। इनमें कोस्टल (तटीय), लैंडलाक (भू-आबद्ध), पूर्वोत्तर नार्थ और केंद्र शासित प्रदेश समूह शामिल हैं। प्रत्येक समूह को तीन श्रेणियों- अचीवर्स, फास्ट मूवर्स और एस्पायरर्स में वर्गीकृत कर इनमें अलग-अलग राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों को स्थान दिया जाता है।

अचीवर्स

2023 की लीड्स सर्वे रिपोर्ट में तटीय समूह में आंध्र प्रदेश, गुजरात, तमिलनाडु और कर्नाटक को एचीवर्स श्रेणी में बताया गया है। लैंडलाक समूह में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, तेलंगाना और पंजाब शामिल हैं। पूर्वोत्तर समूह में असम, सिक्किम और त्रिपुरा, जबकि केंद्र शासित प्रदेशों के समूह में चंडीगढ़ और दिल्ली शामिल हैं।

फास्ट मूवर्स

इस श्रेणी के लिए तटीय समूह में केरल व महाराष्ट्र हैं, जबकि लैंडलाक समूह में मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तराखंड राज्यों को शामिल किया गया है। पूर्वोत्तर समूह में अरुणाचल प्रदेश और नगालैंड के नाम हैं, जबकि केंद्र शासित प्रदेश समूह में अंडमान निकोबार, लक्षद्वीप और पुडुचेरी को रखा गया है। 

यह भी पढ़ें- वृंदावन में चार पहिया वाहनों की नो एंट्री, ई-रिक्शा पर रोक; प्राकट्योत्सव के चलते हुआ निर्णय

एस्पायरर्स 

इस श्रेणी के लिए तटीय समूह गोवा, ओडिशा और पश्चिम बंगाल को जगह मिली है, जबकि लैंडलाक समूह में बिहार, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश और झारखंड को शामिल किया गया है। पूर्वोत्तर समूह में मणिपुर, मेघालय और मिजोरम को इस सूची में स्थान दिया गया है, जबकि केंद्र शासित प्रदेश समूह में दमन दीव, दादरा और नागर हवेली, जम्मू कश्मीर और लद्दाख को रखा गया है।