Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

नवरात्रि में मिलावटी कुट्टू के आटे पर लगेगी लगाम, अब यूपी में 12 अक्टूबर तक चलेगा अभियान

नवरात्रि के दौरान मिलावटी कुट्टू के आटे की बिक्री पर रोक लगाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने 12 अक्टूबर तक चलने वाला अभियान शुरू किया है। बिजनौर में कुट्टू के आटे की पकौड़ी खाने से 250 लोगों के बीमार होने के बाद यह कदम उठाया गया है। अभियान के तहत सभी जिलों में कुट्टू के आटे के नमूने लिए जाएंगे और जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे।

By Ashish Kumar Trivedi Edited By: Aysha Sheikh Updated: Fri, 04 Oct 2024 09:13 PM (IST)
Hero Image
कुट्टू के आटे की जांच को 12 तक चलेगा अभियान - प्रतीकात्मक तस्वीर।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। नवरात्रि में खराब व मिलावटी कुट्टू का आटे खपाने में जुटे धंधेबाजों पर नकेल कस दी गई है। बिजनौर के चांदपुर में कुट्टू के आटे की पकौड़ी खाने से 250 लोगों के बीमार होने के बाद शुक्रवार से प्रदेश भर में इस आटे की जांच के लिए अभियान शुरू कर दिया गया। अब 12 अक्टूबर तक सभी जिलों में यह अभियान चलाया जाएगा। खाद्य निरीक्षक इसके नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजेंगे। जांच में गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

प्रमुख सचिव, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन पी. गुरुप्रसाद की ओर से सभी जिलों को इसकी जांच किए जाने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। पहले दिन प्रदेश भर में कुल 398 सैंपल लिए गए। लखनऊ मंडल के सभी जिलों में 57 और अकेले राजधानी में 27 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

सिंघाड़े के आटे के भी नमूने लिए जाएंगे

बाजारों में नवरात्रि को देखते हुए मिलावटी सामान की बिक्री न हो इसके लिए अभियान में तेज कर दिया गया है। कुट्टू के आटे की जांच के लिए सैंपल जरूर लिए जाएंगे और इसके साथ-साथ जरूरत के अनुसार सिंघाड़े के आटे के भी नमूने लिए जाएंगे। व्रत में लोग इसका आटा ही प्रयोग करते हैं, ऐसे में इसकी मांग बाजार में काफी रहती है। मिलावटखोर इसका फायदा उठाकर खराब आटा खपाने की फिराक में रहते हैं।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें