Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल का त्रैवार्षिक चुनाव कल, 102 पदों पर 113 की दावेदारी

उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के त्रैवार्षिक चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अब तक विभिन्न पदों के लिए 113 से अधिक नामांकन फार्म दावेदारों ने ले लिए हैं। इसमें प्रदेश के सभी जिलों से तकरीबन 1200 से अधिक व्यापारी प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।

By Rafiya NazEdited By: Updated: Sat, 13 Mar 2021 09:31 PM (IST)
Hero Image
प्रदेश के व्यापार प्रतिनिधि मंडल के 102 पदों का चुनाव हो रहा है।

लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रांतीय त्रैवार्षिक चुनाव के लिए शनिवार को 102 पदों के लिए 113 व्यापारी प्रतिनिधियों ने नामांकन किया। इनमें अध्यक्ष पद पर दो, वरिष्ठ उपाध्यक्ष के लिए 10, उपाध्यक्ष पद पर 24, वरिष्ठ महामंत्री दो, संयुक्त महामंत्री छह, वरिष्ठ मंत्री छह, मंत्री 24, संगठन मंत्री  34, प्रचार मंत्री एक, संयुक्त प्रचार मंत्री के लिए तीन समेत कुल 113 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। 

विभिन्न जनपदों से नामांकन करने आए व्यापारी प्रतिनिधियों ने अपने समर्थकों के साथ महाराजा अग्रसेन विद्यालय स्थित चुनाव कार्यालय में अपना नामांकन दाखिल किया। मुख्य चुनाव अधिकारी वेद प्रकाश गुप्ता, सहायक चुनाव अधिकारी भारत भूषण गुप्ता, जसवंत बत्रा, संजय अग्रवाल, कानपुर के आयुष द्विवेदी ने चुनाव की कमान संभाली। मुख्य चुनाव अधिकारी ने चुनाव कार्यालय का उद्घाटन कर चुनावी प्रक्रिया का श्रीगणेश किया। मुख्य चुनाव अधिकारी वेद प्रकाश गुप्ता ने बताया कि शनिवार सुबह दस बजे से प्रारंभ हुई नामांकन प्रक्रिया शाम चार बजे तक चली। 

अध्यक्ष पद पर कंछल के सामने आए बाराबंकी के प्रदीप जैन: अध्यक्ष पद के लिए निवर्तमान अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल के समक्ष बाराबंकी के कारोबारी प्रदीप जैन ने अपनी दावेदारी पेश की। वहीं, वरिष्ठ महामंत्री पद पर रमेश अग्रहरि कौशांबी के समक्ष गोरखपुर के प्रमोद अग्रहरि ने नामांकन किया है। व्यापारियों द्वारा कई पदों पर संख्या से अधिक नामांकन किए जाने पर अब चुनाव होना तय माना जा रहा है। हालांकि, प्रत्याशियों में नाम वापसी के लिए मान मनौवल का दौर भी जारी है। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए लखनऊ के राजेंद्र अग्रवाल हैं तो अनिल बजाज, अशोक मोतियानी, अनिल बरमानी उपाध्यक्ष पद के दावेदार हैं। वहीं, मंत्री पद के लिए श्याम कृष्नानी, देवेंद्र गुप्ता, स्वयंबर सिंह यादव और रविनन खजांची ने बाराबंकी से मंत्री पद पर ताल ठोंकी है।

नामांकन वापसी के लिए आज सुबह नौ बजे तक का मौका: लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष एवं प्रांतीय टीम के वरिष्ठ पदाधिकारी राजेंद्र अग्रवाल ने बताया कि भीड़ देख मुख्य चुनाव अधिकारी ने सहायक चुनाव अधिकारियों से विचार-विमर्श कर सबकी सहमति से नामांकन वापस लेने का समय रविवार 14 मार्च को सुबह नौ बजे तक के लिए बढ़ा दिया है। इसके बावजूद अगर नाम वापसी न हुई तो इन पदों का चुनाव होगा। निर्वाचित प्रत्याशियों की घोषणा रविवार को की जाएगी। 

चुनाव और व्यापारी सम्मेलन साथ-साथ: चुनाव के साथ-साथ व्यापारी सम्मेलन की भी शुरुआत होगी। रविवार 14 मार्च को इसमें प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए व्यापारी जीएसटी की दिक्कतों समेत व्यापारी उत्पीडऩ से जुड़े तमाम मुद्दे उठाएंगे। 

पद-संख्या-नामांकन करने वाले प्रत्याशी

  • अध्यक्ष पद-01-02
  • वरिष्ठ उपाध्यक्ष-06-10
  • उपाध्यक्ष-24-25
  • वरिष्ठ महामंत्री-01-02
  • संयुक्त महामंत्री-06-06
  • वरिष्ठ मंत्री-06-06
  • मंत्री-24-24
  • संगठन मंत्री-30-34
  • प्रचार मंत्री-01-01
  • संयुक्त प्रचार मंत्री-03-03
  •