Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

उत्तर प्रदेश बनेगा देश का पहला गरीब मुक्त राज्य, CM Yogi ने लिया संकल्प

सीएम योगी ने 10 लाख एमएसएमई का गठन कर 50 लाख युवाओं को रोजगार देने के लिए मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना की शुरूआत की है। सीएम ने संकल्प लिया है कि उत्तर प्रदेश को देश का पहला गरीब मुक्त राज्य बनाया जाएगा। सीएम ने इस अवसर पर कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।

By Nishant Yadav Edited By: Aysha Sheikh Updated: Fri, 16 Aug 2024 08:24 PM (IST)
Hero Image
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ - फाइल फोटो ।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। विधान भवन में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश को देश का पहला गरीब मुक्त राज्य बनाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा, हर परिवार की आइडी बनाकर उनको सरकारी योजना का पूरा लाभ दिया जाएगा। इस अवसर पर योगी ने 10 लाख एमएसएमई का गठन कर 50 लाख युवाओं को रोजगार देने के लिए मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर छह करोड़ लोगों को सात वर्षों में गरीबी से बाहर लाकर सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराया गया है। नीति आयोग के अनुसार उत्तर प्रदेश कंपोजिट रैंकिंग में देश में प्रथम स्थान पर है। आकांक्षात्मक विकास खंडों के माध्यम से पिछड़े विकास खंडों को विकास की मुख्य धारा के साथ जोड़ा जा रहा है। पात्र परिवारों के लिए लाभार्थीपरक योजनाओं के माध्यम से प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प को आत्मसात किया है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं के लिए ''''मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना'''' की घोषणा करते हुए कहा कि हमारा युवा प्रतिभाशाली और ऊर्जा से भरपूर है। विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके लिए राज्य सरकार शिक्षा और रोजगार पर विशेष ध्यान दे रही है। इस योजना में नौकरी के बजाए उद्यम के लिए इच्छुक युवाओं को 10 लाख एमएसएमइ इकाइयों के गठन के लिए सरकार उन्हें आर्थिक रूप से सहयोग करेगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक हुए निवेश से 1.62 करोड़ से अधिक युवाओं को रोजगार मिला है। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से 62 लाख युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने में भी मदद मिली है। निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से विगत सात वर्षों में 6.5 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए दो करोड़ स्मार्टफोन और टैबलेट निश्शुल्क वितरण किया गया है।

मुख्यमंत्री ने बांग्लादेश में तख्तापलट में बाद हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रहे हमलों की ओर इशारा करते हुए कहा कि जागरूक नागरिक होने के नाते हम अपने आस-पड़ोस की घटनाओं से अनभिज्ञ नहीं रह सकते हैं। जो ताकतें आज हमारे देश के पड़ोस में मानवता को शर्मसार करते हुए अराजकता की दुंदुभी बजा रही हैं, वे हमारे गांव, नगर व कस्बे के सामाजिक सौहार्द्र को भी मिटाने का कुचक्र रच सकती हैं।

हमें इन विभाजनकारी ताकतों को पहचानना होगा और इनसे सावधान रहते हुए कुत्सित प्रयासों का मुंहतोड़ जवाब देना होगा। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थापना से देश और दुनिया में उत्तर प्रदेश की धारणा बदली है।

मुख्यमंत्री ने कहा, प्रदेश सरकार किसानों की आय को बढ़ाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। गोआधारित प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए एग्रीस्टैक योजना में 99 हजार राजस्व गांवों का जियो रेफरेंस विलेज मैप तैयार किया गया है। वर्ष 2024-25 में सभी जिले में डिजिटल फसल सर्वे और किसान पंजीकरण को भी पूरा करने का लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार नारी शक्ति के उन्नयन और सशक्तीकरण के लिए कार्य कर रही है। मेरठ और प्रयागराज को जोड़ने वाले गंगा एक्सप्रेसवे को प्रयागराज महाकुंभ-2025 से पूर्व संचालित करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रदेश में 15 क्रियाशील एयरपोर्ट हैं, जिसमें चार अंतरराष्ट्रीय हैं।

निर्माणाधीन नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन के बाद उत्तर प्रदेश पांच अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों वाला देश का एकमात्र राज्य होगा। छह शहरों में मेट्रो के संचालन के साथ उत्तर प्रदेश देश के सर्वाधिक शहरों में मेट्रो सेवा देने वाला राज्य है। प्राथमिक, माध्यमिक, उच्च, व्यावसायिक एवं तकनीकी शिक्षा के पाठ्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप विकसित हो रहे हैं।

नए शैक्षिक सत्र में अब तक 20.50 लाख से अधिक बच्चों ने परिषदीय स्कूलों में प्रवेश लिया है। उन्होंने कहा कि 22 जनवरी को अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि ने पांच शताब्दी के इंतजार को पूरा किया है। राज्य सरकार समग्र विकास के लिए गरीब, अन्नदाता और नारी के उन्नयन के लिए पूरे क्षमता से काम कर रही है। कभी बीमारू राज्य के रूप में नाम था। आज यूपी देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनी है।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर बलिदानी के परिवारीजन को सम्मानित किया। हेलीकाप्टर से सभी पर पुष्प वर्षा की गई। संस्कृति विभाग की तरफ से संस्कृति से समृद्धि थीम पर छह राज्यों ने संयुक्त प्रस्तुति दी। इस दौरान प्रभु श्रीराम की झांकी भी निकाली गई। इससे पहले अपने सरकारी आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर योगी ने प्रदेशवासियों से पंच प्रण का पालन करने का आह्वान किया। कहा कि प्रधानमंत्री के बताए पंच प्रण के पालन से वर्ष 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बनेगा।

राज्यपाल ने भी किया ध्वजारोहण

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राजभवन में ध्वजारोहण किया। राज्यपाल ने गृह मंत्रालय भारत सरकार के उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित राजभवन के मुख्य सुरक्षा अधिकारी अजय त्रिपाठी को सम्मानित किया। एक अन्य कार्यक्रम में उन्होंने राजभवन से हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा बाइक रैली को रवाना किया। राजभवन में स्वल्पाहार कार्यक्रम का आयोजन हुआ।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ , विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह, विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक भी शामिल हुए। राजभवन में राष्ट्रीय भावना से ओत-प्रोत एक शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम में लखनऊ विश्वविद्यालय, केजीएमयू और डा. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, साहित्यकारों व कवियों ने हिस्सा लिया। उधर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर विधान भवन के समक्ष सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले कलाकारों को सम्मानित किया।

ये भी पढ़ें - 

योगी सरकार रेंट एग्रीमेंट के खर्चे में करने वाली है बदलाव, किरायेदार-मालिक के बीच विवाद भी कम होने के आसार

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर