Move to Jagran APP

Weather Today: यूपी के कई जिलों में धुंध जैसे हालात, लखनऊ में वायु प्रदूषण का स्तर खराब; अब रात में बढ़ेगा तापमान

UP Weather News प्रदेश में मौसम अब शुष्क रहने लगा है। कुछ जिलों में धुंध के कारण हवा की स्थिति खराब हो रही है। वहीं कभी हल्की धूप निकल रही है तो कभी बादल छा रहे हैं। आगरा बरेली मेरठ सहारनपुर प्रयागराज अयोध्या में दिन में बादलों की लुका−छिपी उमस बढ़ा रही है। अब रात का तापमान गिरने से हल्की ठंडक होने के आसार हैं।

By Jagran News Edited By: Abhishek Saxena Updated: Mon, 14 Oct 2024 09:41 AM (IST)
Hero Image
UP Weather News: यूपी में धुंध के कारण वायु प्रदूषण बढ़ रहा है।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। अब मौसम साफ होने लगा है। लखनऊ समेत प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहा, लेकिन कुछ जगह बादल छाए रहे। दिन में धुंध जैसी स्थिति रही। इसकी वजह से दिन के तापमान में कमी दिखी है। वहीं, रात के तापमान में एक से दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

रविवार को लखनऊ में दिन के तापमान में 2.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई। दिन का तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि रात का तापमान 3.2 डिग्री बढ़कर 22.9 डिग्री सेल्सियस रहा। सोमवार को लखनऊ के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।

मौसम शुष्क रहने का अनुमान

प्रदेश में भी मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। उधर, लखनऊ में वायु प्रदूषण का स्तर खराब रहा। लखनऊ के कुछ क्षेत्रों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) खराब रहा। गोमतीनगर में एक्यूआइ 114, कुकरैल पिकनिक स्पाट क्षेत्र में 101, निशातगंज क्षेत्र में 105 रहा। जो खराब माना जाता है। हालांकि बीआर अंबेडकर यूनिवर्सिटी, चारबाग, लालबाग क्षेत्र की हवा अपेक्षाकृत ठीक रही। इन क्षेत्रों की एक्यूआई 84 से 95 के बीच में रही, जिसे औसत माना जाता है।

सुबह से शाम तक छाए रहे बादल

आगरा शहर में रविवार को मौसम में बदलाव देखने को मिला। दिनभर बादल छाए रहे। सूरज कभी बादलों के पीछे छिपा तो कभी धूप निकली। इससे अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई और वह सामान्य तापमान से 3.3 डिग्री सेल्सियस कम रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सोमवार को भी आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। शहर में रविवार को सुबह धूप निकली। सुबह नौ बजे के करीब बादल घिर आए और सूरज उनके पीछे छिप गया। दिनभर यही सिलसिला चलता रहा। 

मौसम विज्ञानी मो. दानिश ने बताया कि मंगलवार को आंशिक बादल छाए रहेंगे। बुधवार से आसमान साफ रहेगा। आगामी सप्ताह में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।

बरेली में आज का मौसम

बरेली में सोमवार को मौसम साफ रहने का अनुमान है। आज का तापमान अधिकतम 32.9 न्यूनतम 17.8 डिग्री रह सकता है।

मेरठ में रात का पारा गिरा, जयभीम नगर में हवा की गुणवत्ता बिगड़ी

जनपद में धीरे-धीरे ठंड पैर पसार रही है और एनसीआर में वायु जहरीली होने लगी है। शनिवार को मुजफ्फरनगर प्रदेश का सबसे अधिक प्रदूषित शहर रहा। वहीं मेरठ में जयभीम नगर का वायु गुणवत्ता सूचकांक शाम छह बजे 344 पर पहुंच गया। 300 से 400 एक्यूआई अत्यधिक खराब वायु गुणवत्ता का सूचक है। वहीं पर्यावरण विदों का मानना है दशहरा पर जगह जगह हुई आतिशबाजी से भी हवा की सेहत बिगड़ गई। शनिवार को को न्यूनतम तापमान में 1.6 की गिरावट दर्ज की गई। यह 18 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं अधिकतम तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस कम 34.8 डिग्री सेल्सियस रहा। आगामी दिनों में तापमान में एक से दो डिग्री गिरावट और हो सकती है।

20 घंटे तक हवा सांस लेने याेग्य नहीं रही

बदलते मौसम में एक मुख्य लक्षण देखा जा रहा है। शुष्क होने के बावजूद रात में आदृता का प्रतिशत बढ़ा हुआ है। पांच दिनों से यह 70 प्रतिशत से अधिक है। वहीं दिन में इसका प्रतिशत लगातार घट रहा है। रविवार को आदृता का न्यूनतम प्रतिशत गिर कर 26 पहुंच गया। शनिवार को यह 38 था। अधिकतम प्रतिशत 71 आंका गया। आदृता बढ़ी होने और तापमान गिरने से अति सूक्ष्म प्रदूषित कणों पीएम 2.5 का जमाव वायुमंडल की निचली सतह में बढ़ता जा रहा है। शनिवार की रात आठ बजे से जय भीमनगर में पीएम 2.5 की मात्रा 312 माइक्रो ग्राम प्रतिघन मीटर रिकार्ड की गई।

ये भी पढ़ेंः गाजियाबाद की डांसर से आगरा में दुष्कर्म प्रकरण; फ्लैट नंबर 107 में क्या हुआ युवती के साथ ? खुलेंगे कई रहस्य

ये भी पढ़ेंः दो कैदी फरार होने के बाद उत्तराखंड की जेलों में सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव, बिना अनुमति नहीं होगा कोई भी आयोजन

रविवार को सात बजे तक इसका स्तर 300 से अधिक पर बना हुआ है। सुबह नौ और 10 बजे इसका स्तर 400 के अधिक पहुंच गया। क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी भुवन प्रकाश ने बताया कि मौसम में आए बदलाव से कुछ इलाकों में वायु प्रदूषण बढ़ा है। बीती रात हुई आतिशबाजी को भी इसका एक फैक्टर हो सकती है।

एनसीआर में वायु गुणवत्ता 13 अक्टूबर शाम छह बजे आनंद विहार दिल्ली 384 जयभीमनगर 344 लोनी, गाजियाबाद 326 मुजफ्फरनगर 288 नोएडा सेक्टर 116 244 

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें