Move to Jagran APP

CM Yogi बने भाजपा के सक्रिय सदस्य, यूपी में दो करोड़ से ज्यादा ने ली सदस्यता; 31 अक्टूबर तक चलेगा अभियान

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के सक्रिय सदस्यता अभियान के तहत अपनी सक्रिय सदस्यता का नवीनीकरण करवाया। उनके साथ ही उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने भी अपनी सक्रिय सदस्यता का नवीनीकरण करवाया। इस अभियान के तहत उत्तर प्रदेश में भाजपा ने दो करोड़ से ज्यादा सदस्य बनाकर देश में पहला स्थान प्राप्त किया है।

By Manoj Kumar Tripathi Edited By: Aysha Sheikh Updated: Sat, 19 Oct 2024 06:34 PM (IST)
Hero Image
मुख्यमंत्री योगी बने भाजपा के सक्रिय सदस्य

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। भाजपा के सक्रिय सदस्यता अभियान के तहत प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सक्रिय सदस्यता का नवीनीकरण किया। प्रदेश अध्यक्ष ने उन्हें गमछा ओढ़ाने के साथ फार्म भरवा कर सक्रिय सदस्यता के नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी की। वहीं उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक की भी सक्रिय सदस्यता का नवीनीकरण भी किया गया।

शनिवार को मुख्यमंत्री के आवास पांच कालीदास मार्ग पर सक्रिय सदस्यता का नवीनीकरण करवाने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना से विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल के सक्रिय सदस्यता अभियान के तहत अपनी सक्रिय सदस्यता का नवीनीकरण करवा कर प्रसन्नता की अनुभूति हुई है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुए इस अभियान के साथ जुड़कर एक भारत श्रेष्ठ भारत के संकल्प को मजबूत करें। वहीं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज से पार्टी के सक्रिय सदस्यता अभियान की औपचारिक शुरुआत कर दी गई है।

उन्होंने कहा डेढ़ लाख नए सदस्यों को पार्टी के साथ जोड़ने के लक्ष्य को लेकर शुरू किया गया अभियान 31 अक्टूबर तक चलेगा। यह महाअभियान संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती प्रदान करने के साथ ही सभी को राष्ट्रवादी विचारधारा से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगा।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सक्रिय सदस्यता का नवीनीकरण करवाने के बाद सभी का आभार व्यक्त किया है। वहीं उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अपनी सक्रिय सदस्यता का नवीनीकरण करवाने के बाद कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन के लिए पार्टी का आभार व्यक्त किया है।

यूपी ने बनाए सबसे ज्यादा सदस्य

दो सितंबर से शुरू हुए सदस्यता अभियान के तहत उत्तर प्रदेश में भाजपा ने दो करोड़ से ज्यादा सदस्य बनाकर देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। इसके बाद सक्रिय सदस्य बनाने का अभियान पार्टी ने शुरू किया है। सक्रिय सदस्यता अभियान में उन्हीं प्राथमिक सदस्यों को सक्रिय सदस्य बनाया जा रहा है जिन्होंने अपनी विधानसभा या बूथ पर अनिवार्य रूप से 50 प्राथमिक सदस्य बनाए हैं। सक्रिय सदस्य बनने के लिए नमो एप के माध्यम से 100 रुपये का शुल्क लिया जा रहा है। पार्टी की कोशिश है कि समाज के हर वर्ग, जाति व क्षेत्र के लोगों को सदस्य बनाया जाए।

ये भी पढे़ं - 

राम गोपाल की पत्नी को मिलेगी सरकारी नौकरी, 10 लाख मुआवजा-सीएम आवास का लाभ भी; जानिए कितनी शिक्षित हैं रोली

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।