UP News: नहाते समय पानी में उतरा करंट, पिता को बचाने आए बेटे की भी मौत, परिवार में मचा कोहराम
महराजगंज के सुकरहर में शुक्रवार को एक दुखद घटना घटी। टुल्लू पंप से नहाते समय करंट लगने से पिता और पुत्र की मौके पर ही मृत्यु हो गई। श्रीकांत यादव नामक व्यक्ति जब नहा रहा था तो पानी में करंट उतर आया। बचाने के लिए उसका बेटा संतोष यादव दौड़ा लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया। अस्पताल ले जाने पर दोनों को मृत घोषित कर दिया गया।
जागरण संवाददाता, महराजगंज। ग्राम सभा सुकरहर में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। टुल्लू पंप से नहाते समय पानी में करंट उतरने के कारण पिता और पुत्र की मृत्यु हो गई। स्वजन की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के सुकरहर गांव में शुक्रवार की सुबह करीब आठ बजे श्रीकांत यादव ने नहाने के लिए हैंडपंप से जुड़े टुल्लू पंप को चालू किया। इसके बाद पानी आने पर वह नहाने लगे।
इसी दौरान पीनी में करंट उतरने से वह करंट की चपेट में आ गए और तड़पने लगे। पिता को तड़पता देख बेटा संतोष यादव उन्हें बचाने पहुंचा, तभी वह भी करंट की चपेट में आया गया। दोनों के करंट की चपेट में आने पर घर की महिलाएं शोर मचाने लगी।
शोर सुनकर आस-पास के लोग भी एकत्रित हो गए। आनन-फानन में बिजली काटी गई। इसके बाद करंट की चपेट में आए पिता-पुत्र को स्वजन स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत्यु घोषित कर दिया।
कोतवाली प्रभारी महेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि विद्युत करंट की चपेट में आने से पिता व पुत्र की मृत्यु हो गई है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
विद्युत वितरण मंडल महराजगंज के अधीक्षण अभियंता वाईपी सिंह ने बताया कि मृतक के घर पर बिजली विभाग की टीम भेजी गई है। करंट उतरने के कारणों की जांच कराई जा रही है और उसे ठीक कराया जाएगा, ताकि इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।