Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

फर्रुखाबाद के सुधार गृह से भागा दोहरे हत्याकांड का आरोपित किशोर, चोरी की बाइक सहित गिरफ्तार

फर्रुखाबाद के सुधार गृह से भागा दोहरे हत्याकांड का आरोपित किशोर को पुलिस ने बुधवार को चोरी की बाइक सहित गिरफ्तार। कस्बा करहल के मुहल्ला भटेले निवासी एक व्यक्ति की बाइक चोरी कर भट्ठे के पास छिपाकर रखी थी। करहल पुलिस ने बुधवार सुबह आरोपित किशोर को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपित किशोर को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

By Dileep Sharma Edited By: Nitesh Srivastava Updated: Wed, 04 Sep 2024 04:42 PM (IST)
Hero Image
तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। जागरण

जागरण संवाददाता, मैनपुरी। पांच दिन पहले फर्रुखाबाद के किशोर सुधार गृह से भागे दोहरे हत्याकांड के आरोपित किशोर ने कस्बाा करहल के मुहल्ला भटेले निवासी एक व्यक्ति की बाइक चोरी की थी। बुधवार सुबह करहल पुलिस ने भट्ठे के पास छिपाकर रखी गई बाइक सहित आरोपित किशोर को गिरफ्तार कर लिया।

कस्बा करहल निवासी गोलगप्पा विक्रेता किशोर ने बीती पांच जुलाई को दिनदहाड़े मुहल्ला भटेले निवासी सेवानिवृत्त स्वास्थ्य विभाग कर्मचारी बृजबिहारी और उनकी पत्नी की हथौड़ा मारकर हत्या कर दी थी।

घटना के बाद घर में लूट को अंजाम दिया गया था। मौके पर पहुंचे दंपती के नाबालिग नाती पर भी किशोर ने हथौड़े से हमला किया था। घटना की प्राथमिकी आरोपित किशोर और उसके पिता के खिलाफ दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपित के पिता को जेल भेज दिया गया था। जबकि किशोर को फर्रुखाबाद के किशोर सुधार गृह भेजा गया था।

पांच दिन पहले आरोपित किशोर सुधार गृह से भाग निकला था। तभी से पुलिस उसे तलाश कर रही थी। सोमवार रात मुहल्ला काजी निवासी रहमान की बाइक उनके घर के बाहर से चोरी चली गई थी। पास ही लगे सीसी कैमरा की फुटेज देखने पर पता चला था कि रहमान की बाइक को आरोपित किशोर ने ही चोरी किया है।

करहल पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर किशोर की तलाश शुरू कर दी थी। बुधवार सुबह आरोपित किशोर करहल में ईंट भट्ठे के पास झाड़ियों में छिपा हुआ था। तभी एसओ करहल ललित भाटी ने उसे गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपित किशोर को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर