Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

चाचा को छोड़कर पांडे जी को… राजभर ने अखिलेश के पीडीए को बताया ‘पांडे डेवलपमेंट अथॉरिटी’

UP Politics - उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अखिलेश यादव अब पीडीए और जाति जनगणना की बात कर रहे हैं लेकिन जब वह मुख्यमंत्री थे तब इसकी याद नहीं आई थी। राजभर ने सपा मुखिया पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्होंने पीडीए नहीं पांडे डेवलपमेंट अथॉरिटी बनाई है।

By Jagran News Edited By: Shivam Yadav Updated: Wed, 11 Sep 2024 05:59 PM (IST)
Hero Image
राजभर ने माता प्रसाद पांडेय को नेता प्रतिपक्ष बनाने को लेकर किया कटाक्ष।

जागरण संवाददाता, मैनपुरी। जबरदस्त बारिश के बीच सुभासपा अध्यक्ष पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने करहल में सपा को निशाने पर रखा।  राजभर ने कहा कि सपा मुखिया अखिलेश यादव अब पीडीए और जाति जनगणना की बात कर रहे हैं। जब वह और उनके पिता मुख्यमंत्री थे, तब इसकी याद क्यों नहीं आई थी? 

माता प्रसाद पांडेय को नेता प्रतिपक्ष बनाने को लेकर कटाक्ष करते हुए कहा कि अखिलेश यादव ने पीडीए नहीं, पांडे डेवलपमेंट अथॉरिटी बनाई है। चाचा शिवपाल सिंह यादव को छोड़कर पांडे जी को नेता बना दिया। राजभर ने कहा कि जाति जनगणना केवल भाजपा ही करा सकती है, दूसरों को इसके नाम पर वोट चाहिए।

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की प्रशंसा की

करहल माया रिसोर्ट में आयोजित जनसभा में ओमप्रकाश राजभर दोपहर साढ़े 12 बजे पहुंचे। उनके पहुंचते ही तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच में ही उन्होंने संबोधन दिया, कार्यकर्ता भी डटे रहे। 

जनसभा में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा की। कहा कि प्रदेश की सभी जातियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। विरोधी जाति जनगणना की बात करते हैं। इससे पहले बसपा और सपा की सरकारें रही थीं, तब उन्होंने इसकी बात नहीं की।

पूर्व सरकारों ने नहीं दिया लाभ

राजभर ने कहा कि हमारे समाज को तो इनकी सरकारों ने जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ही नहीं दिया। मायावती चार बार प्रदेश के मुख्यमंत्री रहीं, तब अंबेडकर ग्राम विकास योजना में 14 योजनाएं चलती थीं, वह भी केवल लिए दलितों के लिए। इसलिए हम उनसे अलग हुए और दलित, पिछड़ा, अल्पसंख्यक निषाद, कुम्हार, मल्लाह आदि जातियों की आवाज बनकर सरकार में काम कर रहे हैं। 

पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि आने वाले समय में करहल विधानसभा क्षेत्र का उपचुनाव होना है। उपचुनाव में पार्टी को भारी मतों से विजयी बनाना है। सभा के बाद पत्रकार वार्ता में राहुल गांधी के बयानों के सवाल पर कहा कि वह हमेशा विदेशों में जाकर भारत के खिलाफ बोलते हैं। उनकी भाषा भारत के लिए अच्छी नहीं है। 

यह भी पढ़ें: PM Svanidhi Yojana: बेहतर काम पर मिला सम्मान, बरेली-मुरादाबाद समेत चार शहरों को राष्ट्रीय पुरस्कार

यह भी पढ़ें: Greenfield Expressway Project: यूपी-बिहार सीमा के मांझी में बन रहा नया पुल, NHAI ने अंडरपास का भी भेजा प्रस्ताव

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर