Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

UP Bypolls Results: Mainpuri में 2.88 लाख मतों के अंतर से जीतीं डिंपल यादव

Mainpuri Bypoll मैनपुरी लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में सपा प्रत्याशी डिंपल यादव ने बड़ी जीत दर्ज की। मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद हुए इस चुनाव में डिंपल यादव ने 288461 वोटों के अंतर से भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य को पराजित किया।

By Jagran NewsEdited By: MOHAMMAD AQIB KHANUpdated: Thu, 08 Dec 2022 06:31 PM (IST)
Hero Image
UP Bypolls Results: Mainpuri में 2.88 लाख मतों के अंतर से जीतीं डिंपल यादव : जागरण

मैनपुरी, जागरण संवाददाता: मैनपुरी लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में सपा प्रत्याशी डिंपल यादव ने बड़ी जीत दर्ज की। मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद हुए इस चुनाव में डिंपल यादव ने 288461 वोटों के अंतर से भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य को पराजित किया। डिंपल यादव को 618120 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी 329659 वोट ही प्राप्त कर सके। डिंपल यादव ने जीत के साथ ही लोकसभा सीट में शामिल सभी पांच विधानसभाओं में बढ़त प्राप्त करने का नया कीर्तिमान भी स्थापित कर दिया। इससे पहले अपने इस गढ़ में भी सपा कभी पांचों विधानसभा विधान क्षेत्रों से बढ़त नहीं ले सकी थी।

मैनपुरी लोकसभा सीट को सपा का गढ़ कहा जाता है। सपा का गठन भले ही वर्ष 1992 में हुआ, परंतु मुलायम सिंह यादव के राजनीति में उभार की साथ ही यहां उनका वर्चस्व बन गया था। उनके समर्थन या पार्टी वाले प्रत्याशी ही सांसद बनते रहे। फिर सपा के गठन के बाद मुलायम सिंह यादव खुद वर्ष 1996 में मैदान उतरे और सांसद बने। इसके बाद से सपा यहां अजेय रही है।

मोदी लहर में भी मुलायम का गढ़ रहा था बरकरार 

वर्ष 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में जब भाजपा को मोदी लहर में प्रचंड जीत मिली थी, तब भी मुलायम सिंह यादव का गढ़ बरकरार रहा था। अब उनके निधन के बाद हुए उपचुनाव में भाजपा इस गढ़ को ढहाने के लिए पूरी ताकत से मैदान में उतरी थी। भाजपा ने शाक्य प्रत्याशी के रूप में रघुराज सिंह शाक्य को मैदान में उतारा था। दूसरी तरफ सपा अखिलेश यादव ने अपनी पत्नी डिंपल यादव को प्रत्याशी बनाया।

अखिलेश, डिंपल और उनके पूरे परिवार ने नेताजी की विरासत को बचाए रखने के लिए दिन-रात पसीना बहाया। लोकसभा क्षेत्र की जनता की सहानुभूति का उनकाे पूरा साथ मिला। ऐसे में भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा।

हर राउंड की गिनती में बढ़त का आंकड़ा बढ़ता चला गया

गुरुवार को जब मतगणना आरंभ हुई तो ईवीएम ने यह साक्ष्य देना शुरू कर दिया कि सपा का गढ़ बरकरार रहेगा। डिंपल यादव पहले राउंड से ही भाजपा प्रत्याशी से आगे निकल गईं। इसके बाद हर राउंड की गिनती में बढ़त का आंकड़ा बढ़ता चला गया। भाजपा प्रत्याशी कभी भी मुकाबले में नजर नहीं आया। अंत में डिंपल यादव ने 618128 कुल मत प्राप्त किए, जबकि भाजपा प्रत्याशी को कुल 329659 मत मिले। डिंपल यादव को 288461 मतों की बढ़त से विजय प्राप्त हुई। इस तरह बना नया कीर्तिमान मैनपुरी लोकसभा सीट पर सपा का वर्चस्व भले ही रहा हो, परंतु पूर्व के किसी भी चुनाव में सपा का कोई भी प्रत्याशी सभी विधानसभा क्षेत्रों से बढ़त नहीं ले सका था।

यह भी पढ़ें: Mainpuri की पहली महिला सांसद बनकर Dimple Yadav ने रचा इतिहास

भोगांव विधानसभा क्षेत्र भी नहीं बचा सकी भाजपा

वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में खुद मुलायम सिंह यादव भोगांव विधानसभा क्षेत्र से 26 हजार वोटाें से पिछड़ गए थे। भोगांव क्षेत्र से हर बार भाजपा ही बढ़त पाती रही थी। वहीं पिछले चुनाव में भाजपा ने मैनपुरी लोकसभा सीट से भी बढ़त प्राप्त की थी। परंतु इस चुनाव में डिंपल यादव की ऐसी आंधी चली कि भाजपा का सबसे मजबूत भोगांव विधानसभा क्षेत्र भी नहीं बच सका। डिंपल ने भोगांव से मतों और मैनपुरी से मतों की बढ़त ली। यह लोकसभा सीट के इतिहास में पहली बार हुआ है।

किस प्रत्याशी को मिले कितने वोट

प्रत्याशी पार्टी, कुल मत मिले

डिंपल यादव, सपा, 618128

रघुराज सिंह शाक्य, भाजपा, 329659

प्रमोद कुमार यादव, भारतीय कृषक दल, 3801

भूपेंद्र कुमार धनगर, राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी, 3137

सुरेश चंद्रा, निर्दलीय, 2303

सुषमा देवी, निर्दलीय, 2409

जीत के बड़े कारण

  • मुलायम सिंह यादव के निधन के कारण मिली सहानुभूति।
  • शिवपाल यादव और अखिलेश यादव का एक साथ आना।
  • अखिलेश यादव व पूरे परिवार का गांव-गांव प्रचार।
  • हर जाति-वर्ग के मतदाताओं से संपर्क-संवाद।
  • वोट के रूप में नेताजी को श्रद्धांजलि देने की अपील।
  • मतदाताओं को बूथ तक लाने की रणनीति।
आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर