Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

जहां से अखिलेश ने लड़ा पहला विधानसभा चुनाव, वहां भाजपा की जीत की रणनीति को धार दे गए योगी; दिलाई गुंडाराज की याद

Mainpuri Political News Update सीएम योगी ने करहल विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए रूपरेखा तैयार की है। बरनाहल में जनसभा के दौरान सीएम योगी ने सपा सरकार के दौरान मैनपुरी की उपेक्षा और खराब पहचान का उल्लेख कर नब्ज थामी। उन्होंने विकास का वादा कर जनता का विश्वास मांगा। करहल में भाजपा सिर्फ एक बार जीती है।

By Jagran News Edited By: Abhishek Saxena Updated: Wed, 04 Sep 2024 11:08 AM (IST)
Hero Image
UP News: सीएम योगी आदित्यनाथ और सपा मुखिया अखिलेश यादव।

दिलीप शर्मा, जागरण. मैनपुरी। Yogi Adityanath: सपा के सबसे मजबूत गढ़ करहल विधानसभा सीट पर भाजपा की जीत की रणनीति को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को और धार दी। योगी ने पहले विकास योजनाओं के लोकार्पण-शिलान्यास कर उनका उल्लेख किया। करहल विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी योजनाएं खुद मंच से गिनाईं।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक सहित अन्य बड़े नेताओं की लगातार सक्रियता का उल्लेख कर सरकार की प्रतिबद्धिता का उदाहरण दिया और फिर सपा के शासनकाल में गुंडाराज की बात कह जनता की नब्ज पर हाथ रख दिया। योगी ने पूर्व में मैनपुरी वासियों की खराब पहचान की कसक को भी छू लिया।

करहल को सपा का सबसे मजबूत गढ़ माना जाता है

करहल विधानसभा सीट को सपा का सबसे मजबूत गढ़ कहा जाता है। सैफई से सटा यह विधानसभा क्षेत्र स्व. मुलायम सिंह यादव की कर्मस्थली रहा है। मुलायम सिंह यादव यहां जैन इंटर कॉलेज में पढ़े थे और यहीं पर शिक्षक भी रहे। यहां के लोगों से सैफई परिवार का नजदीकी रिश्ता रहा है। समाजवादी पार्टी ने करहल विधानसभा सीट पर बीते चार चुनाव से लगातार जीत रही है।

अखिलेश ने लड़ा था पहला चुनाव

वर्ष 2022 में सपा मुखिया अखिलेश यादव ने अपना पहला विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए इसी सीट को चुना था। तब भाजपा ने केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल को उनके सामने खड़ा किया था, परंतु उनको 66 हजार वोटों के बड़े अंतर से पराजय मिली थी। यादवों की बहुलता वाली इस सीट पर भाजपा के लिए जीत की राह आसान नहीं। इसके चलते ही यहां डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, राज्यमंत्री अजीत पाल को लगाया गया है।

दो बार डिप्टी सीएम आए हैं करहल

डिप्टी सीएम दो बार करहल आ चुके हैं। बीते सप्ताह उन्होंने रोजगार मेले में युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटे थे। भाजपा की रणनीति मतदाताओं के बीच सपा सरकार के कार्यकाल की स्थिति और योगी सरकार के कार्यकाल में हो रहे विकास की तुलनात्मक तस्वीर पेश कर बढ़त बनाने की है। मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इसी रणनीति को आगे बढ़ाते नजर आए।

सपा पर उठाए सवाल

योगी आदित्यनाथ ने शुरुआत में च्यवन ऋषि, मयन ऋषि का उल्लेख कर जनता को जिले के सांस्कृतिक गौरव का अहसास कराया। फिर सपा सरकार के समय में जिले की उपेक्षा पर सवाल उठाकर जनता से जुड़ने की कोशिश की। कहा कि पूर्व की सरकारों की उपेक्षा के कारण जिले के गौरवमयी इतिहास को पहचान नहीं मिल सकी।

सीएम ने योगी ने पूर्व में गुंडराज और असुरक्षा के माहौल पर भी तीखे वार किए। अपनी सरकार में बेहतर कानून-व्यवस्था और विकास का उदाहरण भी दिया। इस दौरान सभा स्थल पर मौजूद भीड़ तालियां बजाती रही। बीच-बीच में योगी-योगी का शोर भी गूंजा। सबसे ज्यादा तालियां मैनपुरी की पहचान की बात पर बजीं।

ये भी पढ़ेंः UP News: पिता की गोली मारकर हुई थी हत्या, 9 साल बाद बेटी ने डिप्टी एसपी बनकर सपना किया पूरा; IPS बनना लक्ष्य

ये भी पढ़ेंः स्कूल-कॉलेजों की छुट्टी; फिरोजाबाद में झमाझम बारिश से जलभराव, मिर्च की खेती खराब होने की आशंका

योगी ने करहल उपचुनाव में मांगा जनता का समर्थन

योगी ने कहा कि 2017 से पूर्व जब जनपद मैनपुरी के युवा किसी अन्य जनपद, प्रदेश में जाते थे तो उन्हें शक की नजर से देखा जाता था। उन्हें सम्मान नहीं मिलता था, अपमानित होना पड़ता था, होटल, धर्मशाला में कमरे नहीं मिलते थे, लेकिन आज जनपद के युवाओं के सामने पहचान का संकट नहीं है। अंत में योगी ने करहल उपचुनाव का संकेत देते हुए जनता का साथ मांगा। कहा कि आपको भाजपा के विकास अभियान में साथ देना होगा। उम्मीद है कि आज अपना विश्वास हम पर बनाए रखेंगे।