Move to Jagran APP

Janmashtami 2024: ठाकुर जी को निहारते रह गए योगी… बांके बिहारी मंदिर में अचानक पहुंचे सीएम, दी 6.43 अरब की सौगात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान अचानक ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के दर्शन का कार्यक्रम बनाया और देर शाम मंदिर पहुंच गए। उन्होंने 6.43 अरब की 138 परियोजनाओं का लोकार्पण और 3.94 अरब की 40 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्रज को उसके प्राचीन वैभव की ओर लौटाने का प्रयास हो रहा है।

By Jagran News Edited By: Shivam Yadav Updated: Sun, 25 Aug 2024 10:36 PM (IST)
Hero Image
मथुरा- वृंदावन के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन करते प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। - फोटो: जागरण।

जागरण संवाददाता, वृंदावन/मथुरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा में सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान अचानक ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन का कार्यक्रम बनाया और देर शाम मंदिर पहुंच गए। यहां सेवायत ने मंत्रोच्चारण के मध्य उन्हें पूजन कराया।

सीएम के पूर्व से निर्धारित कार्यक्रम में ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर दर्शन का कार्यक्रम नहीं था। मथुरा आने के बाद उन्होंने अधिकारियों से दर्शन की इच्छा जताई। अधिकारियों ने तत्काल मंदिर की गलियों में सुरक्षा बढ़ाई। शयन आरती से ठीक पहले मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री ठाकुर जी की अद्भुत छवि को निहारते रहे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के ब्रज की पहचान आस्था, कला, विश्वास, संस्कृति व प्रेम से है। हमारे पास लंबी विरासत है, संतों ने इसे संभाल कर रखा और कथा, भोजपत्रों, पांडुलिपियों, गुरु-शिष्य परंपरा के माध्यम से संरक्षण किया। 

प्राचीन वैभव की ओर लौटाने का प्रयास

सीएम ने 6.43 अरब की 138 परियोजनाओं का लोकार्पण और 3.94 अरब की 40 परियोजनाओं का एक साथ बटन दबाकर शिलान्यास किया। उन्हें मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी और उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र ने चित्रकार कृष्णा कन्हाई द्वारा बनाई गई भगवान श्रीकृष्ण की छवि भेंट की। 

सीएम ने कहा कि ब्रज को उसके प्राचीन वैभव की ओर लौटाने का प्रयास हो रहा है। ये विकास कार्य इसी कड़ी का हिस्सा हैं। 

ये हैं लोकार्पित प्रमुख परियोजनाएं 

  • वृंदावन स्थित लक्ष्मण शहीद स्मारक का 10.11 करोड़ से पुनर्निर्माण, श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर डीगगेट की तरफ द्वार का दो करोड़ से निर्माण और गोवर्धन स्थित कुसुम सरोवर में लाइट एंड साउंड शो की 5.26 करोड़ से स्थापना होगी। 
  • बरसाना में तीर्थयात्रियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा अंतर्गत पीपीपी मोड पर राधारानी मंदिर पर रोपवे की 15.89 करोड़ से स्थापना। 
  • गोवर्धन में चंद्र सरोवर परिसर में टॉयलेट ब्लाक, पाथ-वे, बाउंड्रीवाल, इंटरप्रेटेशन सेंटर। 
  • मल्टीलेवल कार पार्किंग का 41 करोड़ से निर्माण, नगर निगम मथुरा वृंदावन के कार्यालय भवन का 47 करोड़ से निर्माण, बरसाना से कोसी-गोवर्धन मार्ग के 22 किमी लंबे मार्ग का 24.80 करोड़ से चौड़ीकरण एवं सुदृढीकरण आदि। 

इन योजनाओं का शिलान्यास 

  • अकबरपुर जैंत में टूरिस्ट सेंटर का 16.77 करोड़ से निर्माण, गोकुल बैराज में अपस्ट्रीम बाईं तरफ वासुदेव वाटिका का 45 लाख से निर्माण एवं विकास
  • बरसाना स्थित राधा बिहारी इंटर कॉलेज की भूमि पर पर्यटक जनसुविधा केंद्र का 47.50 करोड़ से निर्माण। 
  • मथुरा परिक्रमा मार्ग का 18.89 करोड़ से नवीनीकरण एवं विकास, गोकुल में नगर पंचायत की भूमि पर पर्यटक सुविधा केंद्र एवं पार्किंग का 29.88 करोड़ से निर्माण
  • मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण कार्यालय भवन का 17.73 करोड़ से निर्माण

ये रहे मौजूद 

गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह, सांसद हेमा मालिनी,राज्यसभा सदस्य तेजवीर सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी, विधायक श्रीकांत शर्मा, एमएलसी योगेश चौधरी, ओमप्रकाश सिंह आदि मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें: सिपाही ही निकला सॉल्वर… भर्ती परीक्षा में PAC का जवानों ने ही कर दिया फर्जीवाड़ा, पुलिस विभाग में खलबली

यह भी पढ़ें: सलाखों के पीछे पहुंचा पूर्व विधायक असलम, दो करोड़ से जुड़ा है मामला; कोर्ट ने जारी किए थे गैर जमानती वारंट 

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।