सपा की सरकार बनी तो… आजमगढ़ सांसद ने किया दावा- जल्द चुनाव को तैयार रहें पार्टी कार्यकर्ता
आजमगढ़ के सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों में टकराव के हालात बन रहे हैं जिससे उत्तर प्रदेश की सरकार गिर सकती है। उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं से पूरी मेहनत के साथ संगठन की मजबूती में जुट जाने को कहा। सांसद ने यह भी कहा कि अगर सपा की सरकार बनी तो फर्जी एनकाउंटरों की जांच होगी।
जागरण संवाददाता, मथुरा। आजमगढ़ के सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों में टकराव के हालात बन रहे हैं। ऐसे में उत्तर प्रदेश की सरकार गिर सकती है। ऐसे में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी पूरी मेहनत के साथ संगठन की मजबूती में पूरी दमखम में जुट जाएं।
उन्होंने यह भी कहा अगर सपा की सरकार बनी तो फर्जी एनकाउंटरों की जांच ही नहीं होगी, अपितु निर्दोषों की हत्या में दोषियों पर कार्रवाई भी की जाएगी। सांसद रविवार दोपहर यहां गोवर्धन रोड स्थित खंडेलवाल सेवा सदन में आयोजित संविधान मान स्तंभ स्थापना समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।
अन्याय की लड़ाई लड़ने की प्रेरणा हम सभी को मिली
कार्यकर्ताओं में जोश का संचार करते हुए सांसद ने कहा, मथुरा से ही अन्याय की लड़ाई लड़ने की प्रेरणा हम सभी को मिली है। दलित, शोषित, पिछड़े, गरीबों को न्याय दिलाने के लिए समाजवादी पार्टी हमेशा से आवाज उठाती आई है और आगे भी उठाती रहेगी।
कहा, भाजपा सरकार संविधान को ही बदलने का कुचक्र रच रही है, लेकिन पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की वजह से वह ऐसा करने में सफल नहीं हो सकीं। अब भाजपा इसमें बड़ा बदलाव तक नहीं कर सकती। उन्होंने कहा भाजपा सरकार में अत्याचार बढ़े हैं। निर्दोषों की हत्या फर्जी एनकाउंटर कर हो रही हैं। मकानों पर बुलडोजर चलाए जा रहे हैं।
सांसद ने कहा, डबल इंजन की सरकार में आपस में टकराव होने लगा है, ऐसे में उत्तर प्रदेश में कभी भी चुनाव हो सकता है। कार्यकर्ता तैयार रहें, मथुरा से सपा के विधायक जिताकर सदन में भेजें। उन्होंने यह भी कहा सपा प्रमुख ने पीडीए का नारा दिया है, यह इतिहास रचेगा।
यह भी पढ़ें: UP Flood : टूट गए अरमान, आंखों के सामने नदी में समा गया पूरा मकान- देखें दिल दहला देने वाला VIDEO