Move to Jagran APP

दूसरी पत्नी के साथ मना रहा था करवा चौथ, पहली को लग गई भनक; जब दोनों आमने-सामने आईं तो पति की फूल गईं सांसें

करवा चौथ के दिन एक व्यक्ति की दूसरी शादी का खुलासा होने पर हंगामा हो गया। पहली पत्नी को जब अपने पति की दूसरी शादी की खबर मिली तो स्वजन के साथ ससुराल पहुंची और विरोध जताते हुए हंगामा करने लगी। पुलिस ने दोनों पत्नियों के बीच समझौता कराने की कोशिश की लेकिन कोई हल नहीं निकला। इसके बाद पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया।

By jitendra kumar gupta Edited By: Aysha Sheikh Updated: Sun, 20 Oct 2024 07:09 PM (IST)
Hero Image
दूसरी पत्नी के साथ मना रहा था करवा चौथ, पहली को लग गई भनक - प्रतीकात्मक तस्वीर।

जागरण संवाददाता, चौमुहां। संतान नहीं होने पर एक व्यक्ति ने पहली पत्नी को मायके भेज दिया और चुपचाप दूसरी शादी रचा ली। करवा चौथ पर दूसरी पत्नी घर में तैयारियां कर रही थी कि पहली को भनक लग गई। इसके बाद वह स्वजन के साथ गांव पहुंची और विरोध जताते हुए हंगामा किया। स्वजन पति और दूसरी पत्नी को लेकर थाने पहुंचे, जहां दोनों पत्नियों के बीच जमकर विवाद हुआ।

पुलिस ने समझौता कराया, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया। जैंत थाना क्षेत्र के गांव तेहरा निवासी सुभाष की शादी 25 फरवरी 2020 को आगरा के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के एक गांव की युवती के साथ हुई थी। शादी के चार वर्ष बाद भी कोई संतान नहीं हुई। इसको लेकर दोनों के बीच विवाद होने लगे। सुभाष ने चार माह पूर्व पहली पत्नी को मायके भेज दिया।

चुपचाप कर ली दूसरी शादी...

इंटरनेट मीडिया के माध्यम से कुरुक्षेत्र के समीप एक लड़की से प्रेम प्रसंग हो गए। चार माह पूर्व दोनों ने चुपचाप शादी कर ली। इसके बाद सुभाष उसे अपने घर ले आया। रविवार को करवाचौथ पर सुभाष अपनी दूसरी पत्नी के साथ तैयारियों में जुटे थे। इसकी भनक पहली पत्नी को लग गई। वह मायके से स्वजन के साथ ससुराल पहुंची और विरोध जताते हुए हंगामा करने लगी।

गांव में हंगामे की सूचना पर पुलिस पहुंची और दोनों पत्नियों के साथ पति को थाने ले आई। यहां पर दोनों पत्नियों के बीच जमकर विवाद हुआ। दोनों पत्नियों का कहना था कि उन्होंने पति के लिए करवा चौथ का व्रत रखा है। कई घंटे तक थाने में हंगामा देख पुलिस कर्मियों ने दोनों को समझाया, लेकिन कोई हल नहीं निकला।

दूसरी पत्नी पहली शादी से थी अंजान

दूसरी पत्नी का कहना था कि उसे सुभाष की शादी की कोई जानकारी नहीं थी। इसलिए उसने शादी कर ली। अब वह कहीं नहीं जा सकती है। वहीं पहली पत्नी ने कहना था कि पति ने उसके साथ धोखा किया है। ऐसे में वह कार्रवाई करना चाहती है। दोनों पक्षों में समझौता नहीं होने पर पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया। जैंत थाना प्रभारी अश्वनी कुमार ने बताया, शिकायती-पत्र मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें - 

करवा चौथ पर उजड़ गया दो महिलाओं का सुहाग, मातम में बदली त्योहार की खुशियां; शव देख पत्नी बेहोश

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।