Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

मीराबाई 525वां जन्मोत्सव: प्रधानमंत्री ने जारी किया 525 रुपये का सिक्का और डाक टिकट, ये हैं इसकी खूबियां

कृष्ण भक्त मीराबाई के 525वें जन्मोत्सव आज मनाया जा रहा है। इस मौके पर पीएम मोदी आज मथुरा के दौरे पर हैं। सिक्कों का संग्रह और अध्ययन करने वाले मुद्राशास्त्री सुधीर लुणावत ने बताया कि ये पहला 525 रुपये मूल्यवर्ग का सिक्का होगा। इस खास सिक्के का वजन 35 ग्राम होगा जो 50 प्रतिशत चांदी 40 प्रतिशत तांबा पांच प्रतिशत निकल और पांच प्रतिशत जस्ते के मिश्रण से बना होगा।

By Jagran NewsEdited By: Narender SanwariyaUpdated: Thu, 23 Nov 2023 04:17 AM (IST)
Hero Image
प्रधानमंत्री ने जारी किया 525 रुपये का सिक्का।

अवधेश माहेश्वरी, मथुरा। कृष्ण भक्त मीराबाई के 525वें जन्मोत्सव पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 525 रुपये का एक स्मारक सिक्का मीराबाई की स्मृति में गुरुवार को जारी किया। ये सिक्का आम प्रचलन में नहीं होगा।

सिक्कों का संग्रह और अध्ययन करने वाले मुद्राशास्त्री सुधीर लुणावत ने बताया कि ये पहला 525 रुपये मूल्यवर्ग का सिक्का होगा। इस खास सिक्के का वजन 35 ग्राम होगा, जो 50 प्रतिशत चांदी, 40 प्रतिशत तांबा, पांच प्रतिशत निकल और पांच प्रतिशत जस्ते के मिश्रण से बना होगा। 

सिक्के की खूबियां

सिक्के के एक तरफ अशोक स्तंभ के नीचे मूल्य 525 रुपये लिखा हुआ है। दूसरी तरफ मीराबाई का चित्र है। इस सिक्के के ऊपर हिंदी तथा नीचे अंग्रेजी में संत मीराबाई की 525वीं जयंती लिखा है। मीराबाई चित्र के दाएं और बाएं 1498 और 2023 लिखा है।

सुधीर ने बताया कि इस सिक्के को भारत सरकार की कोलकाता टकसाल ने बनाया है। ये सिक्का आम प्रचलन में नहीं होगा। लेकिन प्रीमियम दरों पर कुछ दिन बाद सरकार इसे लोगों को बिक्री करेगी। जिसे धरोहर के रूप में रखा जा सकता है।

एडीजी सुरक्षा ने ली पुलिस-प्रशासनिक अफसरों की बैठक

पीएम दौरे से एक दिन पहले बुधवार को अपर पुलिस महानिदेशक सुरक्षा और अपर पुलिस महानिदेशक ने पुलिस लाइन के परेड मैदान में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक ली। इसमें प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित दिशा-निर्देश दिए। अफसरों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि कहीं पर भी कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए। 

ब्रज रज उत्सव में शामिल हुए पीएम मोदी

गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी श्रीकृष्ण जन्मभूमि के दर्शन करने के साथ रेलवे ग्राउंड पर आयोजित ब्रज रज उत्सव में शामिल हुए। मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी, राज्यपाल आनंदी बेन सहित अन्य मंत्री पीएम की अगवाई की। 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मथुरा में कुछ नए संकेत दिए। उन्होंने कृष्ण जन्मभूमि स्थित गर्भगृह में आराध्य के दर्शन किए। फिर ब्रजरज महोत्सव में बोले कि पिछली सरकारों ने ब्रज को उसका हक नहीं दिया। उनकी सरकार अब मथुरा और ब्रज का पूरा विकास करेगी। यहां दिव्यता से दर्शन होंगे। कृष्ण के आशीर्वाद से अपने संकल्प पूरे करेंगे। उन्होंने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि कुछ लोग गुलामी की मानसिकता को त्याग नहीं सके। हम पहली बार गुलामी की मानसिकता से देश को बाहर निकालकर अपनी विरासत पर गर्व करते हैं। गुरुवार शाम साढ़े चार बजे राजस्थान के चुनावी रण से कान्हा की धरा पर पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी सबसे पहले श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचे।

मोदी पहले ऐसे पीएम हैं जो श्रीकृष्ण जन्मस्थान दर्शन को पहुंचे। वहां परिसर में स्थित चारों मंदिरों के दर्शन किए। इसके बाद रेलवे मैदान पर आयोजित मीराबाई की 525वीं जयंती समारोह में पहुंचे। यहां राधे-राधे से बात शुरू की। फिर कहा कि राजस्थान के चुनावी मैदान से भक्ति के स्थान पर आया हूं। यहां वही आता है, जिसे श्रीकृष्ण बुलाते हैं। उन्होंने मीराबाई के वृंदावन से रिश्ते की बात करते हुए नई बात जोड़ी। मोदी ने कहा कि मेरे लिए यहां आना एक और कारण से विशेष है। मीराबाई से लेकर वृंदावन तक का नाता गुजरात से रहा है।

श्रीकृष्ण जब द्वारका पहुंचे तो, कान्हा से द्वारकाधीश बने। वहीं मीराबाई भी अंतिम समय में मथुरा रही थीं। वह राजस्थान की थीं, इसलिए यूपी और राजस्थान से भी गुजरात का नाता है। जब गुजरात वालों को यहां आने का मौका मिलता है तो, श्रीजी की कृपा मानते हैं। स्वयं को उप्र से विशेष रूप से जोड़ते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि मुझे मां गंगा ने बुलाया था और 2014 से यहीं सेवा में रम गया। मोदी ने अपने भाषण में मीराबाई और राजस्थान का बार-बार जिक्र किया, जहां की सीमा मथुरा से सटी है। बता दें, राजस्थान में 25 नवंबर को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान है।

ब्रज में विकास न होने के लिए विपक्ष जिम्मेदार

ब्रज में विकास न होने के लिए विपक्ष को जिम्मेदार बताते हुए मोदी ने कहा कि पूरा ब्रज क्षेत्र कान्हा की लीलाओं से जुड़ा है। मथुरा-वृंदावन के साथ भरतपुर, करौली, फिरोजाबाद, कासगंज, पलवल और बल्लभगढ़ तक ब्रज क्षेत्र है। केंद्र सरकार उप्र, हरियाणा और राजस्थान के साथ मिलकर ब्रज का विकास कराएगी। उन्होंने काशी विश्वनाथ, महाकाल लोक और बाबा केदारनाथ के नए स्वरूप और भव्यता की भी याद दिलाई।

हम कृष्ण के आशीर्वाद से पूरे करेंगे संकल्प

मोदी बोले कि महाभारत प्रमाण है कि जहां पुनरोत्थान होता है, वहां श्रीकृष्ण का आशीर्वाद होता है। हम श्रीकृष्ण के आशीर्वाद से संकल्पों को पूरा करेंगे। प्रधानमंत्री ने मीराबाई पर डाक टिकट का विमोचन करने के साथ ही 525वीं जयंती पर 525 रुपये का सिक्का जारी किया। साथ ही उन्होंने सांसद और अभिनेत्री हेमा मालिनी की मीराबाई पर आधारित नृत्य नाटिका को भी देखा।

नारी शक्ति का सबसे बड़ा केंद्र ब्रज

नारी शक्ति को जोड़ने के लिए पीएम ने कहा कि यह देश हमेशा से नारीशक्ति को पूजता है। ब्रज क्षेत्र में नारी शक्ति का सबसे बड़ा केंद्र है। यहां लाड़ली जू पहले आती हैं। राधा का नाम पहले आने पर ही कृष्ण पूरे होते हैं। यहां लोग राधे-राधे कहकर दिन की शुरुआत करते हैं।

मथुरा-अयोध्या में जो नहीं हो सकता था वह हुआ : योगी

ब्रज रज उत्सव में उप्र के सीएम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब ब्रज बदल गया है। नगर निगम बनाने के साथ समूचे मथुरा का विकास तेजी पर हो रहा है। पिछले साढ़े नौ वर्ष में देशवासियों ने नए भारत के दर्शन किए हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विश्व में देश का मान बढ़ा है। योग 190 देशों तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि नया भारत विकास कर रहा है। काशी विश्वनाथ धाम दुनिया को आकर्षित कर रहा है। महाकाल लोक और बाबा केदारनाथ में भव्य दर्शन हो रहे हैं। अयोध्या में जो कभी नहीं हो सकता था वह प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हुआ। अब देश अयोध्या में 22 जनवरी का इंतजार कर रहा है। उन्होंने ब्रज क्षेत्र के विकास की जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकास के संकल्प को दोहराया।

यह भी पढ़ेंः राम ध्वजा थाम मिशन 2024 पर चली भाजपा, पार्टी के अधिकृत X हैंडल से जय श्रीराम का उद्घोष