Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Krishna Janmashtami: सोम चंद्रिका पोशाक में ठाकुरजी के दर्शन, पद्मकांति पुष्प बंगला में विराजमान, जगमाएंगे 5251 दीप

Shri Krishna Janmashtami In Mathura UP News कान्हा का इस बार 5251वां जन्मोत्सव मनाया जाएगा। सीएम योगी एक दिन पहले मथुरा आएंगे। जन्मोत्सव के लिए खास पोशाक तैयार की जा रही है उसे 25 अगस्त को भगवान को अर्पित किया जाएगा। कृष्ण भक्त इस बार 15 मिनट अधिक दर्शन कर सकेंगे। भगवान को मेवे गोंद मिंगी के लड्डुओं का भोग लगेगा।

By Jagran News Edited By: Abhishek Saxena Updated: Sat, 24 Aug 2024 08:18 AM (IST)
Hero Image
Krishna Janmashtami: सोम चंद्रिका पोशाक में दर्शन देंगे ठाकुरजी, सजेगा पद्मकांति पुष्प बंगला, जलेंगे 5251 दीप।

जागरण संवाददाता, मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर भगवान श्रीकृष्ण के 5251वें जन्मोत्सव पर ठाकुरजी पद्मकांति पुष्प बंगले में विराजमान होंगे। सोम चंद्रिका पोशाक धारण करेंगे। जन्मस्थान पर 5251 दीप जलाए जाएंगे। जन्मोत्सव 26 अगस्त को होगा, लेकिन ठाकुर जी को पोशाक 25 अगस्त को अर्पित की जाएगी।

श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने शुक्रवार को बताया कि जन्मोत्सव 26 अगस्त को मनाया जाएगा। नयनाभिराम सज्जा की जा रही है। कंस के कारागार के रूप में प्रसिद्ध श्रीगर्भ गृह और श्रीकृष्ण चबूतरा की साज-सज्जा भक्तों को द्वापरकालीन कंस के कारागार की अनुभूति कराएगी। श्रीकृष्ण चबूतरा व गर्भगृह को कारागार के रूप में सजाया जा रहा है।

कपिल शर्मा ने बताया, कि गर्भगृह में विराजमान चतुर्भुज नारायण के श्रीविग्रह की पोशाक विशिष्ट होगी, इससे भक्त भगवान के चतुर्भुज रूप के दर्शन कर पाएंगे। शंख, चक्र, गदा और पद्म धारण किए हुए भगवान के दर्शन मंगलकारी होंगे। भगवान श्रीकेशवदेवजी, श्रीगर्भगृह, श्रीराधाकृष्ण युगल सरकार और भगवती योगमाया के श्रीविग्रह के लिए जरदोजी का कार्य, रेशम, जरी, रत्न-प्रतिकृति आदि के साथ सिल्क के वस्त्र पर किया गया है। ठाकुरजी दिव्य मुकुट धारण करेंगे, भगवती योगमाया स्वर्ण मुकुट धारण कर भक्तों को दर्शन देंगी।

25 को अर्पित होगी पोशाक

भागवत भवन में भगवान श्रीराधाकृष्ण सोम-चंद्रिका पोशाक धारण कर भक्तों को दर्शन देंगे। नवरत्न जड़ित स्वर्ण कंठा भी श्रीठाकुरजी को धारण कराया जाएगा। दिव्य पोशाक 25 अगस्त शाम छह बजे शोभायात्रा, घंटे- घड़ियाल, झांझ-मजीरे, मृदंग और डमरू की मंगल ध्वनि के मध्य भगवान श्रीकेशवदेवजी, भगवती योगमायाजी, श्रीगर्भगृहजी, श्रीराधाकृष्ण युगल सरकार को अर्पित की जाएगी।

  • 26 अगस्त को सुबह शहनाई और नगाड़ों के वादन के साथ भगवान की मंगला आरती के दर्शन सुबह 5.30 बजे होंगे।
  • सुबह आठ बजे भगवान का दिव्य पंचामृत अभिषेक किया जाएगा।
  • सुबह नौ बजे पुष्पांजलि और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव संकल्प का अलौकिक कार्यक्रम श्रीराधाकृष्ण युगल सरकार के श्रीचरणों में भागवत-भवन के आयोजित किया जाएगा।
  • जन्म महाभिषेक का मुख्य कार्यक्रम रात्रि 11 बजे श्रीगणेश-नवग्रह आदि पूजन से आरंभ होगा।
  • 1008 कमल-पुष्पों से ठाकुरजी का सहस्त्रार्चन करते हुए आह्वान किया जाएगा।

सेवा संस्थान के सदस्य गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी ने बताया कि इस तरह का योग अब करीब 250 वर्ष बाद बनेगा। जन्म महाभिषेक में दूध, दही, घी, बूरा, शहद, औषधियां, वनस्पतियों का प्रयोग होगा।

भोग किया जा रहा तैयार

भगवान को लड्डू और मेवा-पाग का भोग लगाया जाएगा। लड्डू कारीगर व भक्त रात-दिन भाव और श्रद्धा के साथ बना रहे हैं। भगवान को मेवे, गोंद, मिंगी के लड्डुओं का भोग लगाया जाएगा।

यह रहेंगे 26 अगस्त का कार्यक्रम

रात 11 बजे-श्री गणपति व नवग्रह स्थापना, पूजन रात 11.55 बजे- सहस्त्रार्चन (कमल पुष्प एवं तुलसीदल से) रात 11.59 बजे- प्राकट्य दर्शन को पट बंद रात 12 बजे से रात 12.10 बजे तक-प्राकट्य दर्शन रात 12.10 बजे से रात 12.25 बजे तक- पयोधर महाअभिषेक (कामधेनु) रात 12.25 बजे से रात 12.40 बजे तक- रजत कमल पुष्प में विराजमान ठाकुरजी का जन्म-महाभिषेक रात 12.50 बजे से रात 12.50 बजे तक-शृंगार आरती रात 1.55 बजे से रात दो बजे तक-शयन आरती

ये भी पढ़ेंः Janmashtami 2024: मथुरा में जन्माष्टमी पर 25 लाख से अधिक श्रद्धालु आने की संभावना, सीएम योगी भी करेंगे दर्शन

भगवान अपने मूल स्थान पर विराजें, होगा संकल्प

संस्थान के सदस्य गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी ने बताया कि इस वर्ष भगवान अपने मूल स्थान पर विराजमान हों, यह संकल्प लिया जाएगा। वहीं जन्मोत्सव के दिन 15 मिनट ज्यादा श्रद्धालु दर्शन करे सकेंगे। प्रवेश रात 1.30 बजे तक ही होगा, लेकिन दर्शन रात दो बजे तक होंगे। अभी तक रात 1.45 बजे तक दर्शन होते रहे हैं।

ये भी पढ़ेंः Shri Krishna Janmashtami: बांकेबिहारी मंदिर की गाइड लाइन जारी, मंगला आरती में भीड़ का हिस्सा बनने से बचें भक्त

ये है पद्मकांति पुष्प बंगला

संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि ठाकुरजी पद्मकांति बंगले में विराजमान होंगे। भगवान के पांच चिन्ह गदा, कमल, शंख, चक्र बंगले में दिखाई देंगे। चंद्रवंश की सोम चंद्रिका पोशाक भगवान धारण करेंगे। सोम वर्क का कार्य होगा। पत्ती आदि पोशाक पर होंगे।

कान्हा के दर्शन के लिए 25 अगस्त को ही जिले में आ जाएंगे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर कान्हा के दर्शन के लिए 25 अगस्त को ही जिले में आ जाएंगे। विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करने के साथ ही वह सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे। वेटेरिनरी विवि के गेस्ट हाउस में रात्रि प्रवास कर सीएम 26 अगस्त की सुबह करीब एक घंटे श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर आराध्य के दर्शन करेंगे। शुक्रवार देर शाम सीएम का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जारी हो गया।

सीएम का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम

  • लखनऊ से मुख्यमंत्री का हेलीकाप्टर शाम 5.40 बजे वेटेरिनरी विवि के हेलीपैड पर पहुंचेगा।
  • यहां से वह छह बजे डैंपियर नगर स्थित पांचजन्य प्रेक्षागृह पहुंचेंगे।
  • यहां वह करीब नौ अरब की विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करने के साथ ही सांसद हेमा मालिनी द्वारा यशोदा और कान्हा पर प्रस्तुत की जाने वाली नृत्य नाटिका भी देखेंगे।
  • रात आठ बजे वह फिर वेटेरिनरी विवि के गेस्ट हाउस पहुंचेंगे।
  • अगले दिन सुबह सवा नौ बजे सीएम श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर दर्शन पूजन करेंगे और यहां श्रद्धालुओं को संबोधित करेंगे। साढ़े दस बजे वह हेलीकॉप्टर से आगरा के लिए प्रस्थान कर जाएंगे।
  • वहां आगरा में प्रस्तावित कार्यक्रमों में भाग लेंगे। 

श्रीकेशव देवजी मंदिर में ये कार्यक्रम

प्राचीन मंदिर ठाकुर श्री केशव देवजी महाराज में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव 26 अगस्त को मनाया जाएगा। जन्मोत्सव के लिए मंदिर सजाया जा रहा है। पोशाक तैयार की जा रही है। सुबह 10 बजे महिलाओं द्वारा भजन गायन किया जाएगा। श्री कृष्णा सामूहिक संगठन मंडल द्वारा रात आठ बजे से भजन और मंगल गायन किया जाएगा। रात 10 बजे से 251 किलो दूध, दही, शहद, मेवा से शंख ध्वनि, शहनाई वादन के बीच सेवायतों द्वारा ठाकुरजी का अभिषेक किया जाएगा। रात 12 बजे जन्म के दर्शन होंगे और भव्य आरती का आयोजन होगा।

27 अगस्त को सुबह आठ बजे से 12 बजे तक नंद उत्सव का आयोजन किया जाएगा। 25 मन पाग, पंजीरी, लड्डू प्रसाद का वितरण किया जाएगा। एक सितंबर को भगवान का छठी पूजन होगा। दोपहर 12 बजे से दोपहर तीन बजे तक भंडारे का आयोजन किया गया है। बैठक में सभी सदस्यों को जिम्मेदारियां दे दी गई हैं। मीडिया प्रभारी नारायण प्रसाद शर्मा ने बताया कि कई वर्ष बाद स्मार्त और वैष्णव एक साथ श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व मना रहे हैं। सोहनलाल शर्मा, सुरेश अग्रवाल, मनमोहन, महेश गोयल , गोपाल, राजकुमार अग्रवाल मौजूद रहे।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर