Move to Jagran APP

मऊ के अनंत सिंह ने बढ़ाया जिले का मान, 6316 मीटर ऊंची बंदरपूंछ चोटी पर लहराया परचम; बधाई देने वालों का तांता

मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के बरसवां गांव निवासी 22 वर्षीय अनंत सिंह ने 6316 मीटर ऊंची माउंट बंदरपूंछ चोटी पर चढ़ाई की। उसके कामयाबी पर पैतृक निवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। लोंगो ने गांव-घर की मिट्टी से निकले इस लाल के कमाल पर हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी है। बरसवां निवासी अनंत सिंह के पिता रमाकांत सिंह उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्यरत हैं।

By Jaiprakash Nishad Edited By: Riya Pandey Updated: Sun, 02 Jun 2024 06:27 PM (IST)
Hero Image
मऊ के अनंत ने 6316 मीटर ऊंची माउंट बंदरपूंछ चोटी पर की चढ़ाई

संवाद सूत्र, करहां (मऊ)। मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के बरसवां गांव निवासी 22 वर्षीय अनंत सिंह ने 6316 मीटर ऊंची माउंट बंदरपूंछ चोटी पर चढ़ाई कर जनपद का मान बढ़ाया है। उसके कामयाबी पर पैतृक निवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। लोंगो ने गांव-घर की मिट्टी से निकले इस लाल के कमाल पर हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी है।

पर्वतारोही अनंत सिंह ने 20 दिन के इस अभियान का आरंभ दिल्ली स्थित भारतीय पर्वतारोहण फाउंडेशन से 11 मई को 02 विदेशी पर्वतारोहियों एवं 05 भारतीय पर्वतारोहियों के साथ किया था। इस दल ने अपना बेस कैंप 12618 फिट पर बनाया एवं चढ़ाई शुरू की। बेस कैंप से पहली चढ़ाई 4,594 मीटर तक, दूसरी चढ़ाई 5,159 मीटर तक होते हुए समिट कैंप 5,710 मीटर पर पूर्ण किया।

जटिल व दुर्गम रास्तों को पार कर बंदरपूंछ चोटी पर लहराया परचम

समिट कैंप से रात्रि में 02 बजे चलकर प्रातः 07:45 पर कई जटिल एवं दुर्गम रास्तों से होते हुए अपने सामान एवं साथियों के साथ रास्ता बनाते हुए 6220 मीटर ऊंचाई पर पहुंचे। दुर्भाग्य से आगे क्रेवास व मौसम खराब होने के कारण उन्हें लौटना पड़ा। उन्होंने हार न मानते हुए 25 मई को सुबह 07:45 बजे 6316 मीटर ऊंची माउंट बंदरपूंछ चोटी पर अपना परचम लहरा दिया।

बता दें कि माउंट बंदरपूंछ गढ़वाल के हिमायल रेंज में स्थित 6316 मीटर ऊंची चोटी है एवं इसके विषय में इतिहास में अनेक पौराणिक मान्यताएं भी प्रचलित हैं।

अनंत ने बताया कि अब तक उन्होंने 6517 मीटर माउंट मुल्कीला, 6370 मीटर माउंट एम-5, 6040 मीटर माउंट वाइट सफायर जैसे पर्वतों पर पर्वतारोहण अभियानों में शामिल रहे हैं। साथ ही 6288 मीटर माउंट कांग यत्से-2, 6111 मीटर माउंट यूनम को उन्होंने 20 वर्ष की आयु में ही फतह कर लिया था।

अनंत नेहरू इंस्टीट्यूट आफ माउंटेनियरिंग से खोज व बचाव जैसे दुष्कर कोर्स भी कर चुके हैं एवं समय-समय पर भारतीय पर्वतारोहण संस्थान में अपनी सेवा व योगदान भी देते रहते हैं।

उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्यरत हैं अनंत के पिता

बरसवां निवासी अनंत सिंह के पिता रमाकांत सिंह उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्यरत हैं। इनके दादा सहित परिवार के कई अन्य सदस्य भी पुलिस सेवा में कार्यरत रहे हैं।

बधाई देने वालों में ब्लाक प्रमुख मुहम्मदाबाद गोहना रानू सिंह, करहां भाजपा मंडल अध्यक्ष ओमकार सिंह मुन्ना, भाजपा नेत्री पूनम सरोज, चंद्रकांत तिवारी, ग्राम प्रधान रविंद्रदेव राजभर, बसंत कुमार सिंह, अभिषेक पांडेय, अनीत कुमार सिंह, अभिषेक यादव, संजय सिंह आदि शामिल हैं।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।