Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Meerut News: सरधना पेपर मिल में खून से लथपथ मिली युवक की लाश, जांच में जुटी पुलिस, स्वजन में आक्रोश

पेपर मिल में मजदूर का शव मिलने के बाद खलबली मच गई। पुलिस ने शव मिलने के बाद छानबीन शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के लिए मिल प्रबंधन से बात की है। वहीं स्वजन में आक्रोश व्याप्त है। हत्या का आरोप लगाया है।

By Jagran NewsEdited By: Abhishek SaxenaUpdated: Tue, 04 Apr 2023 11:59 AM (IST)
Hero Image
Meerut News: सरधना पेपर मिल में मिला मजदूर का शव।

मेरठ, जागरण टीम। सरधना पेपर मिल में मजदूर की खून से लथपथ लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक का मुंह खून से सना हुआ था। सूचना पर ग्रामीण दो ट्रैक्टर-ट्राली में सवार होकर मिल परिसर में पहुंचे और धरने पर बैठ गए। वहीं रोहटा, सरूरपुर व जानी थाना क्षेत्र की भी पुलिस पहुंच गई।

कटिंग का काम करता था मृतक

अटेरना निवासी 24 वर्ष तोमेश पुत्र राजेश सरधना पेपर मिल में पोप रिल मशीन पर कटिंग पर काम करता था। मिल में काम कर रहे मजदूरों ने दबी आवाज में बताया कि सोमवार देर रात किसी भारी वस्तु के प्रहार से उसकी मौत हो गई। वहीं मिल परिसर में शव की सूचना पर अन्य मजदूरों में खलबली मच गई। अटेरना निवासी अमर ने बताया कि वह मिल में लैब कैमिस्ट है। सुबह 6 बजे कैंटीन से चाय पीकर लैब को जा रहा था। तभी मजदूरों की भीड़ दिखाई दी। जब वह मौके पर पहुंचा तो पूरा मामला पता चला।

मिल प्रशासन ने अमर को नौकरी से निकालने की दी धमकी

अमर ने बताया कि जानकारी होने पर मिल प्रशासन ने उसका मोबाइल छीनने की कोशिश की और गांव में बताने पर नौकरी से निकालने की धमकी दी। जिस पर उसने इनकार कर दिया और गांव मे तोमेश के स्वजन को जानकारी दे दी। इस पर ग्राम प्रधान के पति अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और मिल संचालक को बुलाने की मांग पर अड़ते हुए धरने पर बैठ गए। वहीं, रोहटा , सरूरपुर और जानी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके साथ ही एसडीएम पंकज प्रकाश राठौर व सीओ ब्रजेश सिंह भी पहुंचे। ग्रामीणों की मांग पर मैनेजमेंट मिल संचालक नवीन गुप्ता पहुंचे और अधिकारियों व लोगों से वार्ता की।

रात आठ बजे से तोमेश की थी ड्यूटी

सरधना पेपर मिल में तोमेश नाइट शिफ्ट में कार्य करता था। हालांकि, जहां पर पोप रिल मशीन पर काम करता था। वहां पर सीसीटीवी लगा हुआ है। जब मिल मैनेजमेंट संचालक से सीसीटीवी के बारे में पूछा तो उनका कोई जवाब नहीं बन पाया ।

अभी सभी पहलुओं पर जांच चल रही है। इसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है। - ब्रजेश कुमार सिंह, सीओ सरधना

मुझे भी सुबह पता चला है। क्या कैसे हुआ। इसका पता किया जा रहा है। अभी कुछ नहीं कह सकते। मिल प्रशासन ने किसी को कोई धमकी नहीं दी है। घटना दुखद है। - नवीन गुप्ता, मैनेजमेंट मिल संचालक, सरधना पेपर मिल। 

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें