Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

ट्रेन आते ही आरक्षित डिब्बों में घुसने लगे BKU कार्यकर्ता, यात्रियों की सीटों पर किया कब्जा; आखिर ऐसा क्यों किया?

मेरठ में भारतीय किसान यूनियन (तोमर) गुट के कार्यकर्ताओं ने लखनऊ महापंचायत में जाने के लिए नौचंदी एक्सप्रेस पर कब्जा कर लिया। इससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई। आरक्षित डिब्बों में भी कार्यकर्ता घुस गए जिससे यात्रियों को सीट नहीं मिल पाई। ट्रेन 30 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही। 200 से अधिक यात्री परेशान हुए और कई यात्रियों ने आरक्षण रद्द कराया।

By sanjeev Kumar Jain Edited By: Aysha Sheikh Updated: Thu, 26 Sep 2024 04:33 PM (IST)
Hero Image
नौचंदी एक्सप्रेस में हंगामा - प्रतीकात्मक तस्वीर।

जागरण संवाददाता, मेरठ। लखनऊ में गुरुवार को होनी वाली महापंचायत में हिस्सा लेने जा रहे भारतीय किसान यूनियन (तोमर) गुट के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को सिटी स्टेशन पर नौचंदी एक्सप्रेस पर कब्जा कर लिया। यात्रियों को सीट नहीं मिली। किसान आरक्षित डिब्बों में बैठ गए। इस कारण 200 से अधिक लोगों ने आरक्षण रद्द करा लिए। इस दौरान स्टेशन पर अफरातफरी का माहौल रहा। भाकियू कार्यकर्ताओं की पुलिस से भी नोकझोंक हुई। 30 मिनट तक ट्रेन स्टेशन पर खड़ी रही।

शाम छह बजे से पहले ही कार्यकर्ता स्टेशन पर पहुंच गए थे। ट्रेन सिटी स्टेशन से शाम 7.50 बजे लखनऊ की ओर रवाना होती है लेकिन यह ट्रेन 30 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही। सहारनपुर से यह ट्रेन जैसे ही प्लेटफार्म पर पहुंची तो भाकियू कार्यकर्ता डिब्बों में जबरन घुस गए।

आरक्षित श्रेणी के डिब्बों में भी कार्यकर्ता घुसने शुरू हो गए, जिस कारण जिन यात्रियों का आरक्ष्रण था उन्हें भी सीट नहीं मिल पाई। यात्रियों को इस कारण परेशान होना पड़ा। मेरठ के अलावा मुजफ्फरनगर, बागपत, शामली व अन्य जिलों से भी काफी संख्या में कार्यकर्ता ट्रेन में सवार रहे। भाकियू कार्यकर्ताओं ने बी-1, बी-2 व एसी 3 कोच के साथ-साथ एस-9, एस-8 पर कब्जा कर लिया।

भारतीय किसान यूनियन (तोमर) गुट के मंडलीय अध्यक्ष मौ. साजिद के साथ ट्रेन में बैठे कार्यकर्ताओं ने बताया कि मेरठ से सैकड़ों कार्यकर्ता लखनऊ के लिए रवाना हुए। उन्होंने ट्रेन में अतिरिक्त कोच बढ़ाने की भी मांग की, लेकिन उनकी मांग पूरी नहीं हुई। इस कारण ट्रेन में आम यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

भाकियू कार्यकर्ताओं ने सीटों पर किया कब्जा

दूसरी ओर, भाकियू कार्यकर्ताओं ने सीटें न मिलने पर आरक्षित श्रेणी के डिब्बों में भी सीटों को कब्जा लिया। इसे लेकर रेलवे पुलिस ने उन्हें सीटों से उठाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं उठे। इसे लेकर पुलिस के साथ भाकियू कार्यकर्ताओं की बहस भी हुई। यात्रियों को सीटें नहीं मिल पाई और उन्हें बिना सीट के ही सफर तय करना पड़ा।।

शास्त्री नगर निवासी राजकुमार मदान ने बताया कि उन्होंने इस ट्रेन से एस-9 में सीट आरक्षित कराई, इसके बाद भी उन्हें सीट नही मिली। मुरादाबाद जाकर उन्हें बैठने के लिए जरूर सीट मिली। अन्य यात्रियों का भी यही हाल है। उन्होंने बताया कि यह ट्रेन मुरादाबाद से निकल गई है और ढाई घंटा विलंब से चल रही है।