Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

सातवां संत समागम : नागरिकता संशोधन कानून की भ्रांति दूर करें संत समाज Meerut News

कैंट वेस्ट एंड रोड स्थित जैन विवाह मंडप में आयोजित संत समागम में सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि भारत कृषि और ऋषि प्रधान देश है। मोदी सरकार दोनो की हितैषी है।

By Prem BhattEdited By: Updated: Tue, 07 Jan 2020 09:58 AM (IST)
Hero Image
सातवां संत समागम : नागरिकता संशोधन कानून की भ्रांति दूर करें संत समाज Meerut News

मेरठ, जेएनएन। कैंट वेस्ट एंड रोड स्थित जैन विवाह मंडप में आयोजित संत समागम में सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि भारत कृषि और ऋषि प्रधान देश है। मोदी सरकार दोनो की हितैषी है। साधु संस्कारों का पोषण करता है जबकि किसान अन्नदाता है। संत समाज से अपील की कि वह नागरिकता संशोधन कानून को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने का काम करें। भारत धर्मशाला नहीं है। कहा प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह धर्म की स्थापना करने अवतार के रूप में आए हैं।

विपक्षी राजनीतिक दलों की भूमिका की कड़ी आलोचना

सिद्धपीठ संकटमोचन हनुमान श्री बालाजी एवं शनि शक्ति पीठ के महंत महेंद्र दास द्वारा आयोजित सातवें संत समागम में विपक्षी राजनीतिक दलों की भूमिका की कड़ी आलोचना करते हुए कहा नागरिकता संशोधन कानून सीएए विपक्षी दलों के नेता मुसलमानों को बरगला रहे हैं और सारे देश में उत्पात करवा रहे हैं। सांसद ने कहा भारत में मुसलमानों को जितनी सुरक्षा और इज्जत हासिल है उतनी किसी भी मुल्क में नहीं है। इस कानून से किसी भी मुसलमान को डरने की जरूरत नहीं है। जो घुसपैठिए हैं उन्हें इससे तकलीफ हो रही है।

राष्ट्रपति के समक्ष विरोध करें

उन्नाव से सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि सीएए को लेकर कोई शिकायत है तो कानून बनाने वाले सांसदों, और हस्ताक्षर करने वाले राष्ट्रपति के समक्ष विरोध करें। ट्रेन, बस और निजी संपत्ति को नुकसान क्यों पहुंचाया जा रहा है। साक्षी महाराज ने कहा कि पहले लगता ही नहीं था कि हम हिंदुस्‍तान में हैं। प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने अयोध्या में राम मंदिर, अनुच्छेद 370, तीन तलाक, और अब नागरिकता संशोधन कानून लाकर देश की दिशा बदल दी है। कश्मीर से आतंक का सफाया जो रहा है। कहा इससे अच्छे दिन और क्या आएंगे। साक्षी महाराज ने कहा मुख्यमंत्री योगी ने कहा है अयोध्या के बाद अब हस्तिनापुर का कायाकल्प होगा हस्तिनापुर का विकास होने से मेरठ का विकास अपने आप ही हो जाएगा। महामंडलेश्वर महेंद्र दास को उनके 65 जन्मदिन पर बधाई दी।

आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग

संत समागम की अध्यक्षता महामंडलेश्वर महंत शनि मंदिर कोकिलावन प्रेमदास महाराज ने की। उन्होंने गऊ शालाओं को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की। संचालन महामंडलेश्वर महेंद्र दास ने किया। कैलाशानंद महाराज, निर्मोही अखाड़े के सचिव रामसरन दास, महामंडलेश्वर कृपाल दास जी महाराज, शुक्रताल महामंडलेश्वर गोपाल दास, महामंडलेश्वर विद्यास्वरूप महाराज हरियाणा, जयस्वरूप महाराज, ब्रजघाट के उदयआश्रम महराज, कृष्ण स्वरूप महाराज आदि संत मौजूद रहे। सांसद राजेंद्र अग्रवाल और कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल भी संतों का आर्शिवाद लेने पहुंचे।

हम दो हमारे दो हम सबको दो

साक्षी महाराज ने कहा कि मोदी सरकार का अगला लक्ष्य जनसंख्या कानून का है। चार बीवी 40 बच्चे का प्रावधान अब नहीं चलेगा। पहले यह कहने पर मेरे खिलाफ मेरठ में मुकदमा भी हुआ था। हम दो, हमारे दो, और हम सबके दो का कानून इस देश में चलेगा। उसके बाद समान नागरिक संहिता और एक विधान एक निशान का कानून लागू होगा। कहा एनआरसी के मामले में भी केंद्र सरकार पीछे नहीं हटेगी। यह मोदी सरकार है बाबा मनमोहन की सरकार नहीं। ओवैसी और फारुक अब्दुल्ला कहते थे कि मोदी 10 बार प्रधानमंत्री बन जाएं लेकिन राम मंदिर नहीं बनवा पाएंगे और अनुच्छेद 370 नहीं हटा पाएंगे। उनका बयान धरा रह गया। सांसद ने कहा कि पाकिस्तान में 22.5 से 1.5 प्रतिशत हिंदू रह गए हैं। वहीं भारत में मुसलमान 30 करोड़ हैं फिर भी आरोप लग रहे हैं। पाकिस्तान में 800 सिख रह गए हैं। जबरन धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। पाकिस्तान में कोई भगवा पहन कर नहीं घूम सकता।

मजहब-पंथ की होती है डेट आफ बर्थ

साक्षी महाराज ने कहा कि मजहब और पंथ की डेट आफ बर्थ होती है। जिसकी डेट आफ बर्थ होती है उसका मृत्यु भी होती है। धर्म की जन्मतिथि नहीं होती। सनातन हिंदू धर्म शास्वत है और हमेशा रहेगा। कहा आवारा फिरने वाली गायों को लेकर मुख्यमंत्री योगी ने कड़े आदेश दिए हैं। हमारा नैतिक कर्तव्य हैं गायों को हम खूंटे से बांध कर रखें। साक्षी महाराज ने कहा कि इतिहास में अकबर को महान बताया कि लेकिन भगत सिंह, चंद्रशेखर और शिवाजी जैसे वीरों के बारे में नहीं बताया। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को गीता और रामायण पढ़ कर उसके अनुसार आचरण करना चाहिए। 

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें