Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

मेरठ में बनाया जा रहा था 'नकली' डीजल, जो पंपों पर हो रहा था सप्लाई; सूचना मिलने पर तुरंत पहुंच गई पुलिस

मेरठ (Meerut News) में नकली डीजल बनाने का भंडाफोड़ हुआ है। ब्रह्मपुरी पुलिस ने अंजुम पैलेस के पास एक गोदाम में छापा मारकर डेढ़ हजार लीटर डीजल बरामद किया है। पूर्ति विभाग ने मौके पर पहुंचकर चार नमूने लिए हैं। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी । फिलहाल गोदाम में जाने पर स्वामी का भी प्रतिबंध लगा दिया है ।

By sushil kumar Edited By: Aysha Sheikh Updated: Thu, 03 Oct 2024 01:49 PM (IST)
Hero Image
ब्रह्मपुरी में बनाया जा रहा था नकली डीजल - प्रतीकात्मक तस्वीर।

जागरण संवाददाता, मेरठ। ब्रह्मपुरी पुलिस ने अंजुम पैलेस के पास मुखबिर की सूचना पर एक गोदाम में छापा मारा। सूचना थी कि यहां पर नकली डीजल तैयार किया जा रहा है। छापामारी के दौरान गोदाम के अंदर से डेढ़ हजार लीटर डीजल बरामद किया है। उसके बाद पुलिस ने पूर्ति विभाग को घटना की जानकारी दी। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर चार नमूने लिए हैं। उनकी जांच कराने के बाद कार्रवाई की जाएगी। बताया जाता है कि पिछले काफी दिनों से गोदाम में नकली तेल बनाया जा रहा था।

किसी मुखबिर ने दी थी सूचना

एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर जानकारी मिली कि अंजुम पैलेस के पास एक गोदाम में नकली तेल बनाया जा रहा है। भारी मात्रा में तेल गोदाम में बनाकर रखा हुआ है। सूचना पर ब्रह्मपुरी पुलिस ने टीम के साथ गोदाम पर छापा मारा गया। गोदाम के अंदर से भारी मात्रा में डीजल पकड़ा गया है।

गोदाम में काम करने वाले कर्मचारी मौके से भाग गए। यह गोदाम लिसाड़ीगेट के खुशहाल नगर निवासी आबाद का है। आबाद से इस मामले में जानकारी जुटाई जा रही है। बताया जाता है कि यहां से नकली तेल बनाकर कुछ पेट्रोल पंपों पर भी सप्लाई किया जा रहा था। पुलिस ने गोदाम के बाहर की फुटेज भी बरामद की है, जहां पर कुछ लोग तेल की खरीदारी करते नजर आए हैं।

पुलिस ने पूर्ति विभाग को भी इसकी सूचना दे दी है। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर डेढ़ हजार लीटर डीजल को सीज कर दिया। उसके चार नमूने भी लिए गए हैं। एसपी सिटी का कहना है कि नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद गोदाम स्वामी पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गोदाम में जाने पर स्वामी का भी प्रतिबंध लगा दिया है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें