Move to Jagran APP

UP News: मेरठ में कैफे संचालक की पिस्टल से महिला इंजीनियर को लगी गोली, पुलिस ने तीन घंटे तक दबाया रखा मामला

मेरठ के एक कैफे में महिला इंजीनियर प्राची यादव को कैफे संचालक गौरव गुर्जर की लाइसेंसी पिस्टल से गोली लग गई। घायल प्राची को फ्यूचर प्लस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और पिस्टल को कब्जे में लेकर गौरव को हिरासत में ले लिया है। हालांकि पुलिस ने इस मामले को करीब तीन घंटे तक दबाए रखा।

By Jagran News Edited By: Abhishek Saxena Updated: Sat, 19 Oct 2024 09:03 AM (IST)
Hero Image
Meerut News: खबर में प्रतीकात्मक तस्वीर का उपयोग किया गया है।

जागरण संवाददाता, मेरठ। न्यू फ्रेंड्स कैफे के अंदर संचालक की लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली इन्फोसिस कंपनी की महिला इंजीनियर को जा लगी। घायल इंजीनियर को फ्यूचर प्लस अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं। कैफे संचालक महिला इंजीनियर का दोस्त है।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज व पिस्टल कब्जे में लेकर संचालक को हिरासत में ले लिया है। महिला भाई के साथ कैफे में दोस्त से मिलने आई थी।

सेना से सेवानिवृत्त ओमप्रकाश की बेटी प्राची यादव नोएडा की इन्फोसिस कंपनी में इंजीनियर हैं। सीओ शुचिता सिंह के मुताबिक शुक्रवार शाम प्राची अपने भाई मनन के साथ ललित और सुनीत चौहान के न्यू फ्रेंड्स कैफे आईं थीं। इसे गौरव गुर्जर संचालित कर रहे हैं।

खाना परोसते समय चली गोली

सीओ ने बताया कि एक टेबल पर गौरव, प्राची और मनन बैठे थे। टेबल पर ही गौरव की लाइसेंसी पिस्टल रखी थी। खाना परोसते समय कर्मचारी ने पिस्टल से छेड़छाड़ की तो गोली चल गई जो सामने बैठी प्राची की जांघ में जा लगी। प्राची की हालत गंभीर बताई जा रही है। पल्लवपुरम थाना पुलिस का दावा है कि गोली कैफे संचालक गौरव के कर्मचारी से चली है, जो नाबालिग है।

पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिली

एसपी सिटी ने बताया कि गोली गौरव से चली है। वह पिस्टल को बार-बार देख रहा था। गोली लगने की फुटेज भी पुलिस के पास है। पुलिस के ही विरोधाभाषी बयान से सवाल उठ रहे हैं कि कहीं यह गौरव को बचाने की साजिश तो नहीं है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि कैफे संचालक दोस्त की पिस्टल से चली गोली महिला इंजीनियर प्राची को लगी है।

महिला इंजीनियर को गोली लगने का मामला पुलिस ने तीन घंटे तक दबाया

महिला इंजीनियर प्राची यादव को गोली लगने का मामला पुलिस तीन घंटे तक दबाए रखा। मामला अफसरों के संज्ञान में आने के बाद ही गौरव गुर्जर को अस्पताल से हिरासत में लिया गया है। प्राची यादव को गोली करीब छह बजे लगी थी। गौरव ने ही उसे फ्यूचर प्लस अस्पताल में भर्ती कराया था। पुलिस को इसकी कोई सूचना नहीं दी गई थी।

ये भी पढ़ेंः Agra News: पति-पत्नी के रिश्तों में आई रार के ये पांच कारण आए सामने! एक ही छत के नीचे बनी 'डिजिटल दीवार'

ये भी पढ़ेंः UP By Election: मायावती ने सपा के गढ़ में शाक्य पर खेला दांव, पढ़ें कौन हैं करहल सीट से प्रत्याशी अवनीश कुमार शाक्य

अस्पताल प्रबंधन ने दी पुलिस को घटना की जानकारी

अस्पताल प्रबंधन की तरफ से पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर वापस लौट गई। करीब तीन घंटे बाद नौ बजे मामला अफसरों की जानकारी में आया तब पुलिस ने कैफे की सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ली, साथ ही अस्पताल से गौरव गुर्जर को हिरासत में ले लिया। बाद में महिला के स्वजन भी अस्पताल पहुंच गए। पहले उन्होंने किसी भी कार्रवाई से इनकार कर दिया था। रात 10:30 बजे स्वजन की तरफ से पल्लवपुरम थाने में गौरव के खिलाफ तहरीर दी।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।