Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

मेरठ में मामूली बात पर दो सम्‍प्रदाय आमने-सामने, फायरिंग, पथराव, कई घायल

मेरठ के सरधना क्षेत्र में गांव जाफराबाद-दुर्वेशपुर में रास्ते के विवाद को लेकर दो सम्‍प्रदायों के लोगों में विवाद हो गया। एक पक्ष ने फायरिंग कर दी। दोनों के बीच जमकर पथराव हुआ। इसमें कई घायल हो गए। पुलिस मौके पर पहुंच गई है।

By Parveen VashishtaEdited By: Updated: Mon, 14 Mar 2022 05:32 PM (IST)
Hero Image
मेरठ में दो समुदाय आमने-सामने, फायरिंग और पथराव

मेरठ, जागरण संवाददाता। मेरठ की तहसील सरधना के गांव जाफराबाद दुर्वेशपुर में मामूली विवाद को लेकर सोमवार को दो सम्‍प्रदायों के लोग आमने-सामने आ गए। एक पक्ष ने फायरिंग कर दी। इस दौरान जमकर पथराव हुआ। इसमें कई लोग घायल हो गए। 

यह है मामला

जाफराबाद दुर्वेशपुर की ग्राम प्रधान नईमा पत्नी लियाकत हैं। लियाकत के भाई इस्लामुद्दीन सोमवार को गांव में प्रवेश करने वाले मुख्य मार्ग पर खड़े हुए थे। तभी अंकुर अपनी कार में सवार होकर जा रहे थे। अंकुर भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी भी हैं। आरोप है कि हार्न बजाने के बाद भी इस्लामुद्दीन पक्ष ने अंकुर की कार को रास्ता नहीं दिया। इसी को लेकर अंकुर और इस्लामुद्दीन पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट और पथराव हो गया। सूचना के बाद सरधना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस हमलावरों को रोकने में पूरी तरह से नाकाम हुई। आरोप है कि पुलिस के सामने ही एक समुदाय के लोगों ने आठ राउंड फायरिंग कर पथराव कर दिया, जिसमें हरवीरी पत्नी सूरजमल, अंकुर पुत्र गंगाशरण, अंकुर पुत्र सुदेश, संदीप पुत्र रतन घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए भेज दिया। साथ ही गांव से पांच लोगों को हिरासत में ले लिया है। 

पुलिस के पहुंचने के बाद भी हुआ हमला 

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया। उसके बाद भी आरोप है कि आरोपितों ने दूध निकाल कर आ रहे रविंद्र पुत्र शीशराम पर हमला कर दिया। तमंचा तानकर जान से मारने की धमकी दी। रविंद्र घबराकर वापस घर में दुबक गया। पुलिस की मौजूदगी में आरोपितों ने शांति पत्नी भुल्लन, सोहन उर्फ सोनू के घर में पथराव कर तोड़फोड़ कर दी।

ये हुए घायल 

पथराव में महिला हरवीरी देवी पत्नी सूरजमल, अंकुर पुत्र गंगा शरण, अंकुर पुत्र सुरेश, संदीप पुत्र रतन घायल हो गए। उन्‍हें सीएचसी सरधना ले जाया गया है। 

इन्‍होंने कहा 

गांव जाफराबाद दुर्वेशपुर में शांति व्यवस्था बना दी गई है। एसपी देहात फोर्स के साथ खुद ही कैंप किए हुए है। पुलिस की तरफ से मुकदमा दर्ज कर हमलावरों की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है। किसी को भी कानून हाथ में लेने नहीं देंगे।

प्रभाकर चौधरी, एसएसपी