Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

मेरठ में अवैध निर्माण पर खूब गरजा एमडीए का बुलडोजर, लोगों ने किया विरोध; फिर भी टूटे आशियाने

Meerut News खेती की जमीन का लैंडयूज परिवर्तित किए बिना कालोनाइजरों द्वारा अवैध कालोनियां बसाई जा रही हैं। उधर पखवाड़ेभर से एमडीए द्वारा अभियान चलाकर अवैध निर्माण को ढहाया जा रहा है। मवाना में दूसरी बार बुधवार को एमडीएम के छह बुलडोजर गरजे और छह कालोनियों के करीब एक लाख दो हजार वर्गगज क्षेत्रफल के अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

By Pankaj Tyagi Edited By: Abhishek Pandey Updated: Thu, 07 Mar 2024 03:42 PM (IST)
Hero Image
मेरठ में अवैध निर्माण पर खूब गरजा एमडीए का बुलडोजर

जागरण संवाददाता, मवाना। खेती की जमीन का लैंडयूज परिवर्तित किए बिना कालोनाइजरों द्वारा अवैध कालोनियां बसाई जा रही हैं। उधर, पखवाड़ेभर से एमडीए द्वारा अभियान चलाकर अवैध निर्माण को ढहाया जा रहा है। मवाना में दूसरी बार बुधवार को एमडीएम के छह बुलडोजर गरजे और छह कालोनियों के करीब एक लाख दो हजार वर्गगज क्षेत्रफल के अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। ध्वस्तीकरण कार्रवाई के दौरान टीम को कई स्थानों पर विरोध व हंगामा भी झेलना पड़ा।

मेरठ विकास प्राधिकरण के अभियान प्रभारी एवं जूनियर इंजीनियर अर्पित कुमार की अगुवाई में बुधवार को एमडीए की टीम छह बुलडोजर के साथ मवाना पहुंची। टीम ने मेरठ रोड स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास अमित चौहान की 15 हजार वर्ग गज जमीन पर काटी जा रही कालोनी के अवैध निर्माण बाउंड्रीवाल व कई भूखंड समेत कार्यालय को बुलडोजर से तोड़ दिया।

वहीं, नहर के पास शक्ति सिंह की 20 हजार वर्ग गज क्षेत्रफल पर कालोनी में बन रही सड़कें व भूखंडों की नींव को उखाड़ दिया। यहां महिला व पुरुषों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा कर निर्माण तोड़ने का विरोध किया। इस दौरान कुछ देर काम रुका, लेकिन पुलिस के चलते ज्यादा स्थिति नहीं बिगड़ी। इसके बाद अजय प्रधान की 12 हजार वर्गगज जमीन पर भी अवैध निर्माण ढहाया गया।

वहीं, राहुल मित्तल की 22 हजार वर्ग गज जमीन पर सड़कें व भूखंडों और चारदीवारी को तोड़ा गया। इसके बाद मवाना मिल रोड बाईपास पर तीन कालोनी दस हजार वर्ग गज, 12 हजार वर्ग गज और 11 हजार वर्गगज में बस रही कालोनी के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चले।

अभियान प्रभारी अर्पित कुमार ने बताया कि हस्तिनापुर, परीक्षितगढ़ समेत कई स्थानों पर बनाई जा रहीं अवैध कालोनियों को चिन्हित किया जा रहा है। जल्द ही इनके खिलाफ भी अभियान चलेगा।