Move to Jagran APP

Coronavirus: नगर निगम के सफाई कर्मचारी के दोनों बेटे कोरोना संक्रमित, 16 कर्मियों की निगेटिव आई रिपोर्ट Meerut News

नगर निगम के वार्ड-29 के सफाई कर्मचारी के दोनों बेटे भी कोरोना संक्रमित पाए गए। बड़ा बेटा वार्ड-32 सिविल लाइंस में आउटसोर्स सफाई कर्मचारी है।

By Prem BhattEdited By: Updated: Mon, 01 Jun 2020 12:10 PM (IST)
Hero Image
Coronavirus: नगर निगम के सफाई कर्मचारी के दोनों बेटे कोरोना संक्रमित, 16 कर्मियों की निगेटिव आई रिपोर्ट Meerut News
मेरठ, जेएनएन। Coronavirus नगर निगम के वार्ड-29 के सफाई कर्मचारी के दोनों बेटे भी कोरोना संक्रमित पाए गए। बड़ा बेटा वार्ड-32 सिविल लाइंस में आउटसोर्स सफाई कर्मचारी है। सीएमओ डॉ.राजकुमार ने बताया कि नगर निगम वार्ड-29 में तैनात 52 वर्षीय सफाई कर्मचारी की रिपोर्ट बुधवार को पॉजिटिव आई थी। वह पांचली अस्पताल के कोविड केयर सेंटर में भर्ती है। कर्मचारी के स्वजनों के सैंपल जांच को लिए गए थे। रविवार को उसके दोनों बेटे की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बड़ा बेटा 22 साल का है, जबकि छोटा बेटा 10 साल का है। उन्हें भी पांचली अस्पताल में आइसोलेट किया गया है। सफाई कर्मचारी का बड़ा बेटा नगर निगम में आउटसोर्स सफाई कर्मचारी है। वह वार्ड-32 सिविल लाइंस में तैनात है। हालांकि चार दिन से वह होम क्वारंटाइन था, लेकिन उससे पहले वह काम कर रहा था। ऐसे में वार्ड 32 के सफाईकर्मियों की जांच कराई जाएगी।

नगर स्वास्थ्य अधिकारी समेत 16 कर्मियों की रिपोर्ट निगेटिव

नगर निगम के लिए राहत भरी खबर भी है। वार्ड 29 के सफाईकर्मी के संपर्क में रहे नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गजेंद्र सिंह समेत 16 कर्मचारियों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं, नगरायुक्त डॉ. अरविंद चौरसिया होम क्वारंटाइन हैं। उनका चार्ज अपर नगरायुक्त श्रद्धा शांडिल्यायन को दिया है।

चार मरीजों की हालत गंभीर

कोविड वार्ड में छह मरीजों को आक्सीजन पर रखा गया है। इनमें चार की हालत गंभीर है। इसमें से तीन गाजियाबाद व एक मरीज मेरठ का है। रविवार को मेडिकल कालेज में छह मरीजों को भर्ती किया गया। इसमें चार गाजियाबाद और एक-एक मरीज हापुड़ व मेरठ के हैं। कोमार्बिड मरीजों की संख्या भी बढ़ती जा रही है।

रेड से ज्यादा हुए ग्रीन जोन

कंटेनमेंट जोन मेरठ में आंकड़े राहत देने वाले हैं। संक्रमण लगातार बढ़ने के बावजूद ग्रीन जोन की संख्या 79 हो गई, जबकि रेड जोन 78 रह गए हैं। क्वरंटाइन केंद्रों में 3587 लोग रखे गए थे। इनमें 3367 को घर भेजा जा चुका है। सिर्फ 220 लोग रह गए हैं। इनकी रिपोर्ट भी जल्द आ जाएगी। इस रिपोर्ट के आधार पर निर्णय लिया जाएगा।

गाजियाबाद के मरीज की मौत, कोरोना संक्रमित होने की आशंका

गाजियाबाद के नंदग्राम निवासी 35 वर्षीय एक मरीज एमएमजी अस्पताल की तबियत बिगड़ने पर उसे रविवार रात 10 बजे मेरठ मेडिकल कालेज ले आया गया। उसकी हालत बहुत खराब थी। इलाज शुरू किया गया, लेकिन रात 12.30 बजे उसने दम तोड़ दिया। उसे चार-पांच दिन से बुखार था। मेडिकल कालेज को आशंका है कि वह कोरोना का मरीज हो सकता है। जांच के लिए सैंपल ले लिया गया है। 

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।