Move to Jagran APP

Meerut: ये भैंसा दस करोड़ का क्‍यों ? ‘गोलू-टू’ को देखकर केंद्रीय मंत्री डा. संजीव बालियान ने किया सवाल

Meerut news मेरठ के मोदीपुरम स्‍थित कृषि विश्वविद्यालय में लगे किसान मेले में गोलू-टू’नाम का भैंसा लोगों के आकर्षण का केंद्र है। केंद्रीय पशुपालन डेयरी और मत्स्य पालन राज्यमंत्री संजीव बालियान बुधवार को यहां पहुंचे। उन्‍होंने इसके बारे में इसके स्‍वामी से जानकारी ली।

By Jagran NewsEdited By: Parveen VashishtaUpdated: Wed, 19 Oct 2022 04:00 PM (IST)
Hero Image
केंद्रीय मंत्री ने पूछा कि ये भैंसा दस करोड़ का क्‍यों

मेरठ, जागरण संवाददाता। मोदीपुरम के सरदार वल्लभ पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिरी विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय किसान मेले के दूसरे बुधवार को केंद्रीय पशुपालन, डेयरी और मत्स्य पालन राज्यमंत्री संजीव बालियान का पहुंचे। उन्‍होंने दस करोड़ रुपये कीमत के ‘गोलू-टू’ नाम के भैंसे को देखकर उसके स्‍वामी पानीपत निवासी पद्मश्री सम्मान प्राप्त किसान नरेंद्र सिंह से पूछा कि आखिर यह भैंसा दस करोड़ का क्‍यों है। 

गोलू को पालते हैं औलाद की तरह

नरेंद्र सिंह ने जवाब दिया कि करीब चार साल पहले पानीपत में लगे कृषि मेले में इस भैंसे की कीमत दस करोड़ लगाई गई थी, लेकिन उन्‍होंने मैने इसे नहीं बेचा। वर्तमान में इस भैंसे का वजन 15 कुंतल है। एक साल में इसका सीमन 25 लाख में बिकता है। उसकी सुरक्षा निजी सुरक्षाकर्मी करते हैं। रोजाना 30 किलो चारा, सात किलो गेहूं-चना व 50 ग्राम मिनरल मिक्चर इसकी खुराक है। रोज तीन किलो सरसों के तेल से उसकी मालिश की जाती है। गोलू को हम भैंसा की तरह नहीं, औलाद की तरह पालते हैं। उन्‍होंने बताया कि हरियाणा के एक किसान ने गोलू के बदलने में 20 एकड़ जमीन देने को भी कहा था, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। 

20 लाख के डाग

राज्‍यमंत्री ने मेले में डाग शो को भी देखा, जिसमें बीस लाख रुपए के विभिन्‍न नस्‍ल के डाग को देखने के लिए भीड़ उमड़ी। मेले में 150 स्‍टालों पर किसानों को विभिन्न जानकारियां भी दी जा रही हैं। 

बीन बजाकर सपेरों ने किया स्‍वागत  

किसान मेले में अतिथियों के स्वागत के लिए सपेरों के दल को बुलाया गया है। हरियाणा से पांच सपेरे पहुंचें हैं। उनकी मंडली द्वारा किसानों का स्वागत किया जा रहा है। बीन बजाकर सपेरों ने मंत्री का स्‍वागत किया। सपेरे राजू ने बताया वह बीन बजाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बताया कि वह इटली में भी अपनी प्रस्तुति दे चुके हैं। 

नई तकनीक अपनाकर किसान बढ़ाएं उत्‍पादन  

राज्यमंत्री संजीव बालियान ने किसानों को सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इसी के साथ ही किसान मेले में नई तकनीक और नई प्रजातियों की जानकारी लेकर किसानों से उत्पादन बढ़ाकर आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्‍होंने कुलपति डा. केके सिंह के साथ मेले का भ्रमण किया। भाजपा जिलाध्यक्ष विमल शर्मा व सुनील भराला आदि मौजूद रहे।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें