Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Meerut Weather Update: मेरठ में आठ साल बाद रिकॉर्ड बरसात, पढ़िए कब तक रहेगा मौसम का ऐसा हाल

Meerut Weather News Update गुरुवार से हो रही बारिश के अभी थमने के आसार नहीं आ रहे हैं। शनिवार को तो सुबह से लेकर रात तक बारिश का दौर रहा है। लेकिन लगातार बरसात के कारण जगह-जगह पानी भरने से दुश्‍वारियां भी बढ़ी हैं।

By Jagran NewsEdited By: PREM DUTT BHATTUpdated: Sun, 09 Oct 2022 07:10 AM (IST)
Hero Image
Weather In Meerut Today मेरठ में रविवार को पूरे दिन बरसात होने की संभावना है।

मेरठ, जागरण संवाददाता। Meerut Weather Update झमाझम हो रही बारिश का दौर अभी जारी रहेगा। मेरठ सहित पूरे वेस्‍ट यूपी के जिलों में तीन दिनों से बरसात जारी है। रविवार को भी सुबह से आसमान पर घने बादल नजर आए और बूंदाबांदी शुरू हो गई है। कहीं तेज तो कहीं हल्‍की बारिश हो रही है। आज भी पूरे ही दिन बारिश होने की संभावना है। वहीं रविवार को मेरठ मोहनपुरी नाले में कार भी गिर गई। इस कार में चालक भी सवार था।

ग्रे एलर्ट जारी

मेरठ में अक्टूबर में सावन की तरह रिमझिम वर्षा की झड़ी लगी है। पूरे माह में जितनी बरसात होती है उतनी 18 घंटे में हो गई है। मौसम विभाग ने पश्चिम उत्तर प्रदेश में शनिवार के लिए ग्रे एलर्ट जारी किया है। मध्यम और भारी बारिश हो सकती है। ऐसे में सावधानी भी बरतनी होगी।

आठ साल बाद अक्टूबर में रिकार्ड बरसात

मेरठ में मानसून सीजन बीतने के बाद भी सावन भादो की तरह बरसात की झड़ी लगी है। शनिवार को पूरा दिन इंद्र देव का अधिपत्य रहा। सूर्य देव के दर्शन नहीं हुए। आठ वर्ष बाद 24 घंटे में इतनी अधिक बरसात देखी गई। सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक 22.6 मिलीमीटर वर्षा हो चुकी है। इसके पहले 24 घंटे में सर्वाधिक वर्षा 2013 में 62 मिलीमीटर हुई थी। उसके बाद की यह सर्वाधिक बरसात है।

दिन का तापमान भी गिरा

शनिवार को पूरे एनसीआर में बरसात का प्रसार रहा। दिल्ली सफदरजंग में 36 घंटे में 38 मिलीमीटर वर्षा हुई। वहीं मेरठ में 29.6 मिलीमीटर रही पूरे उत्तर प्रदेश और राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात तक था। रविवार को भी मौसम का यही रुख रहने की संभावना है। अक्टूबर में पूरे माह में 29 मिलीमीटर बारिश होती है जो कि 36 घंटे में हो गई है। पंखे बंद, गुलाबी ठंड की दस्तक लगातार बारिश से दिन का तापमान गिर गया।

अधिकतम तापमान

अधिकतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री कम 22.8 डिग्री रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री रहा। अर्थात अधिकतम और न्यूनतम तापमान का जो अंतर सामान्य रूप से 8 से 10 डिग्री का होता है वह घट कर 2.5 रह गया। घरों में पंखे बंद हो गए। चादर का सहारा लेना पड़ रहा है।

12 अक्‍टूबर होती रहेगी बारिश

सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा के प्रभारी डा. यूपी शाही ने बताया कि उत्तराखंड और पश्चिम उत्तर प्रदेश पर नम हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। 12 अक्टूबर तक लगातार बरसात की संभावना है। शुक्रवार को दिन में अधिकांश समय बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने एक मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की है। 48 घंटे में अधिकतम तापमान में 5.9 डिग्री की कमी दर्ज की गई है। यह सामान्य से छह डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री रहा।

शामली में हल्‍की बूंदाबांदी

शामली में शनिवार की सुबह बादल छाए और हल्की बूंदाबांदी हुई। शुक्रवार को भी दिनभर बादल छाए रहे थे तो शाम को बूंदाबांदी हुई थी। इस कारण मौसम का मिजाज और ठंडा हो गया है। तापमान में गिरावट आने की संभावना बनी हुई है।

बागपत में किसानों की चिंता बढ़ी

बागपत में शुक्रवार से ही मौसम खराब है। रूक-रुक कर बूंदाबांदी हो रही है। मौसम ठंडा हो गया। बदलते मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी। किसानों ने धान की कटाई रोक दी। कृषि विज्ञान केंद्र की मौसम विशेषज्ञ अंकिता नेगी ने बताया कि 12 अक्टूबर तक वर्षा की संभावना है। रात का तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस और सुबह के समय 27.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया। 

बागपत में भरभराकर गिरा मकान, परिवार के तीन सदस्य घायल

बागपत जिले में बारिश कहर बरपा रही है। एक मकान भरभराकर गिर गया। परिवार के तीन सदस्य मलबे में दबकर घायल हो गए। दूसरे मकान के एक कमरे की छत गिर गई। गनीमत रही कि परिवार के सदस्य दूसरे कमरे में थे, वरना बड़ा हादसा हो जाता। जलभराव व कीचड़ से लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।

बारिश गुरुवार देर रात शुरू हो गई थी। तब से अब तक कभी तेज तो कभी हल्की बारिश हो रही है। इसी के चलते ग्राम नौरोजपुर गुर्जर गांव में जमशेद अपने परिवार के साथ रविवार सुबह करीब सात बजे बैठे हुए थे।

अचानक मची अफरातफरी

अचानक मकान भरभराकर गिर गया। मलबे में दबकर जमशेद, उनकी पत्नी जुबैदा व पांच वर्षीय बेटा घायल हो गए। इससे अफरा-तरफी मच गई। ग्रामीणों ने किसी तरह उन्हें मलबे से निकाला और जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इसके अलावा ग्राम हिसावदा निवासी सतवीर के मकान के एक कमरे की छत शनिवार रात अचानक गिर गई। उस समय सतवीर अपनी पत्नी व छह बच्चों के साथ दूसरे कमरे में सोए हुए थे। उनकी पत्नी पैरालाइसिस बीमारी से ग्रस्त है।लोगों ने प्रशासनिक अफसरों से उक्त परिवारों की आर्थिक मदद करने की मांग की है।

यह भी पढ़ें : Rain Alert In West UP: दो तीन दिनों तक होती रहेगी बरसात, मानसून सीजन बीतने के बाद सावन भादो जैसे नजारे

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर