Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

कोई तो करो मदद! यूपी के इस इलाके में 36 घंटे से बिजली-पानी को तरस रहे 400 परिवार, लिफ्ट बंद होने से घरों में हुए कैद

दिल्ली-दून हाईवे स्थित पाश कालोनी मेरठ स्पोर्ट सिटी सुपरटेक के 400 से अधिक परिवार पानी-बिजली की समस्या (UP electricity Problem) से जूझ रहे हैं। दो रातों से कालोनी में अंधेरा छाया हुआ है। रविवार को देर रात तक आवासीय कालोनी में बिजली आई नहीं थी। 14 मंजिल इमारत में लिफ्ट बंद होने से लोग अपने अपने फ्लैटों में कैद रहे।

By OM Bajpai Edited By: Aysha Sheikh Updated: Mon, 08 Jul 2024 03:32 PM (IST)
Hero Image
36 घंटे से बिजली-पानी को तरस रहे 400 परिवार - प्रतीकात्मक तस्वीर।

जागरण संवाददाता, मोदीपुरम। पल्लवपुरम क्षेत्र में दिल्ली-दून हाईवे स्थित पाश कालोनी मेरठ स्पोर्ट सिटी सुपरटेक के निवासी 36 घंटे से बिना बिजली के रहने को मजबूर रहे। दो रातों से कालोनी में अंधेरा छाया हुआ है। रविवार को देर रात तक आवासीय कालोनी में बिजली आई नहीं थी। कालोनी में रह रहे लगभग 400 परिवार पानी के लिए तरसना पड़ा है। रविवार को जनरेटर से सुबह और शाम जरूरत के लिए पानी की टंकी भरी गई।

14 मंजिल इमारत में लिफ्ट बंद होने से लोग अपने अपने फ्लैटों में कैद रहे। निवासियों ने बताया कि रात मरम्मत का काम अंधेरे के कारण नहीं हो पाया। रविवार को सुबह 10 बजे के बाद आपूर्ति बहाल होने की संभावना जताई है। शनिवार को शाम चार बजे कालोनी में भूमिगत केबल में फाल्ट के चलते आपूर्ति बाधित हुई है। वहीं, विद्युत वितरण खंड के उपखंड अधिकारी ने निजी आवासीय कालोनी के प्रबंधन पर कोई सहयोग नहीं करने की बात कही है।

कालोनी में बने हैं 800 फ्लैट

हाईवे पर एटूजेड कालोनी के पास मेरठ स्पोर्ट सिटी सुपरटेक कालोनी है। इसमें करीब 800 फ्लैट हैं और इनमें से करीब 400 फ्लैट में परिवार रहते हैं। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व भी कालोनी में बिजली कनेक्शन को लेकर कई दिन तक हंगामा हुआ था। तब कालोनी में बिल्डर की आपूर्ति व्यवस्था थी।

कालोनी के लोग अपने घरों में बिल्डर के बजाय सरकारी बिजली कनेक्शन लगाने की थी। अधिकांश घरों में अब पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड द्वारा बिजली के कनेक्शन दिए गए हैं। शनिवार शाम करीब चार बजे से गुल हुई बिजली रात तक भी नहीं आई तो निवासियों ने बिल्डर के कार्यालय में संपर्क किया। जिसके बाद पता लगा कि भूमिगत केबल में फाल्ट हुआ है।

निवासियों ने पास की एटूजेड कालोनी से सप्लाई लेने की मांग की। लेकिन जब आपूर्ति का प्रयास किया गया तो उस केबल में भी फाल्ट मिला। कालोनी में जनरेटर की सुविधा कुछ फ्लैटों में दी गई है। वह भी बिजली पंखों तक सीमित है। यहां बिना बिजली अधिकांश घरों में इन्वर्टर बैठ गए। लोग मोबाइल भी नहीं रिचार्ज कर सके।

कालोनी निवासियों की परेशानी

कालोनी में 14 मंजिल के पांच टावर हैं जिनमें लोग रह रहे हैं। बिजली न आने से लिफ्ट भी बंद है। लोगों के लिए बाहर जाना मुश्किल हो गया है। बुजुर्ग और महिलाओं को कितनी परेशानी हो रही है इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। बेसमेंट पानी भरा है लेकिन मोटर न चलने से निकाला नहीं सका है। - विशाल गर्ग, निवासी

पूरी कालोनी की स्ट्रीट लाइट शनिवार और रविवार की शाम से बंद हैं। पूरे परिसर में अंधेरा छाया है। लगता ही नहीं कि हम शहर में रह रहे हैं गांव से बदतर हालात हैं। रात में काम रोक दिया है। सोमवार को सुबह 10 बजे के बाद आपूर्ति बहाल होने की बात कही है। - ललित त्यागी, निवासी

33 केवी की दो केबल थी। एक केबल पहले से खराब से थी दूसरी शनिवार को खराब हो गई। मेंटीनेंस कर रही संस्था ने अगर पहले ही केबल की मरम्मत कर दी होती तो यह हालत नहीं होती। दिल्ली में बिल्डर के निदेशकों को सूचना दी गई लेकिन कोई रिस्पांस नहीं मिला। - धर्मवीर सिंह त्यागी, निवासी

कालोनी की 33 केवी भूमिगत लाइन में फाल्ट हुआ था। दूसरे ट्रांसफार्मर से सप्लाई देने का प्रयास किया गया तो उसकी लाइन में भी फाल्ट मिला। बिल्डर कार्यालय से केबल मांगा गया, ताकि दूसरे फीडर से लाइन जोड़ी जाए, मगर उन्होंने केबल नहीं दिया। इससे आपूर्ति सुचारु करने में विलंब हो रहा है। केबिल की व्यवस्था कराई जा रही है। इंद्रभानु सिंह, उपखंड अधिकारी, पल्लवपुरम

कालोनी में भूमिगत केबल में शनिवार को फाल्ट हुआ था। उसे ठीक कराया जा रहा है। विद्युत विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों का सहयोग किया जा रहा है। जल्द लाइन चालू हो जाएगी। आमिर हुसैन, बिलिंग इंचार्ज-मेरठ स्पोर्ट सिटी सुपरटेक कालोनी

ये भी पढ़ें - 

यूपी में स्वास्थ्य विभाग में निकली नौकरियां! Walk-in Interview के तहत होगी भर्ती, Brajesh Pathak ने की बड़ी घोषणा

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें