PM Modi In Meerut: '100 दिन में बड़े फैसले लेने हैं, पांच साल बाद मांग लेना हिसाब' पीएम मोदी के भाषण की 10 बड़ी बातें
Lok Sabha Election PM Modi News In Hindi लोकसभा चुनाव प्रचार का आगाज पीएम मोदी ने मेरठ से किया। यहां उन्होंने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। भ्रष्टाचार से लेकर उन्होंने देश के एक टुकड़े को बांटने तक की बात की। अपने भाषण में उन्होंने कश्मीर से धारा 370 हटाने का जिक्र भी किया। पीएम मोदी ने इडी से जब्त किए पैसे को पीड़ितों तक लौटाने की बात भी की।
ऑनलाइन डेस्क, मेरठ। लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लगने के बाद और दिल्ली में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न मिलने के ठीक दूसरे दिन पीएम मोदी ने मेरठ शहर से लोकसभा चुनाव का आगाज किया। पीएम मोदी ने यहां की धरती को नमन किया और मंच से जनता को अपने कार्यकाल की उपलब्धियां भी गिनाईं। यहां पढ़िए पीएम मोदी की रैली की दस बड़ी बातें...
2014 के बाद अब 2024 मेरठ से
पीएम मोदी ने कहा कि मेरठ की धरती ने चौधरी चरण सिंह जैसा सपूत दिया है। कांग्रेस ने कभी चौधरी चरण सिंह का सम्मान नहीं किया। उन्हें भारत रत्न नहीं दिया। अब भारत सरकार को चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देने का सौभाग्य मिला। चुनाव की शुरुआत 2014 में यहीं से शुरू की थी और अब 2024 में भी यहीं से की है।
यही समय है सही समय है
ये चुनाव विकसित बनाने का है, जो तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनाएगा। जब भारत दुनिया में 11वीं अर्थव्यवस्था था तब बहुत गरीबी थी। जब पांचवीं बना तब करोड़ों गरीबी से बाहर हुए। जब तीसरी अर्थव्यवस्था बनेगा तब गरीबी पूरी तरह दूर हो जाएगी। लाल किले से कहा था, यही समय है सही समय है। आज भारत की साख नईं ऊंचाई पर है।
सौ दिन में बड़े फैसले लेंगे
सरकार तीसरे कार्यकाल की तैयारी कर रही है। 100 दिन में बड़े फैसले लेने हैं उसका रोडमैप बन रहा है। मोदी को आने वाली पीढ़ियों की चिंता है। दस साल का रिपोर्ट कार्ड सामने है। जो असंभव था वह हो रहा है।
तीन तलाक से महिलाओं की जिंदगी बची
तीन तलाक के खिलाफ कानून बनाया, बल्कि यह हजारों महिलाओं की जिंदगी बचा रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि नारी शक्तिवंदन अधिनियम सच्चाई बन चुका है। 370 भी असंभव लगता था। यह हटा और वहां तेज विकास भी हो रहा है। अब लोग 370 सीट का आशीर्वाद दे रहे हैं।
पांच साल बाद मांग लेना हिसाब
मोदी गरीबी को भली भांति समझता है। मुफ्त इलाज के लिए आयुष्मान योजना बनाई। 80 करोड़ लोगों को राशन दे रही है। जिसको किसी ने नहीं पूछा, उसे हमने पूजा है। आने वाले पांच साल महिलाओं की उन्नति के होने वाले हैं।
लखपति दीदी
पीएम ने कहा, अब देश की तीन करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाएगा। इसके लिए काम कर रहे हैं। ड्रोन दीदी भाग्य बदलने जा रही है। 2029 में हिसाब मांग लेना। गौरव भी बढ़ेगा और कमाई भी बढ़ेगी। भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी लड़ाई शुरू की है, गरीब का पैसा बीच में कोई न हड़प पाए ऐसी व्यवस्था की।
मोदी की गारंटी...
10 लाख नाम हटाए जिससे उनके नाम पैसा न जाए जिनका जन्म भी नहीं हुआ है। कार्रवाई से कुछ लोग बौखला गए हैं। मोदी की गारंटी कहती है। मोदी का मंत्र है, भ्रष्टाचार हटाओ। वे कहते हैं भ्रष्टाचारी बचाओ। मोदी भ्रष्टाचार की खिलाफ लड़ाई लड़ रहा है, तो उन लोगों इंडी गठबंधन बना लिया है। पीएम मोदी ने कहा, बड़े−बड़े भ्रष्टाचारी आज सलाखाें के पीछे हैं। सुप्रीम कोर्ट तक जमानत नहीं मिल रही है। वॉशिंग मशीन में कुछ के यहां नोटों का ढेर मिला है। इन बेईमानों ने जिनका धन लूटा है उनका धन लौटा रहा हूं।
17 हजार करोड़ जब्त
भ्रष्टाचारी की संपत्ति जब्त कर 17 हजार करोड़ रुपया जिनसे लूटा गया था। उन्हें लौटाया गया। प्रमाण मिलने पर पीड़ितों को सारा पैसा लौटेगा। जितने हमले कर लें मोदी रुकने वाला नहीं है। एक्शन होगा जरूर होगा, कार्रवाई होगी। यह मोदी की गारंटी है।
देश के टुकड़े किए
एक द्वीप है कज्जाथिरु। चार पांच दशक पहले इसे बेकार बता कर मां भारती का एक अंग काट कर अलग कर दिया। कांग्रेस के किए की कीमत आज तक भारत चुका रहा है। मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया जाता है। कांग्रेस पार्टी का इतना बड़ा पाप है, कि उनकी बोलती बंद हो जाती है।
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना
पीएम ने कहा कि इससे घर की छत पर सोलर प्लांट लगाना है। 75 हजार सरकार देती है। सरकार बनते ही इस पर तेजी से काम शुरू होगा। मेरठ को नमो भारत, तीन एक्सप्रेसवे, खेल विश्वविद्यालय, फ्रेट कोरिडोर बन रहा है। एनडीए ने बड़ी मेहनत की है अच्छे प्रत्याशी खड़े किए हैं।