Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

बुक आफ वर्ल्‍ड रिकार्ड में शामिल हुई प्रवीण की 'यात्रा', मुम्‍बई हमले के दौरान दिखा चुके हैं अदम्य साहस

26 नवंबर 2008 को मुम्बई पर हुए हमले के दौरान बुलंदशहर के गांव भटौना निवासी मरीन कमांडो प्रवीण तेवतिया ने डेढ़ सौ लोगों से अधिक लोगों के प्राणों की रक्षा की थी। इस दौरान गोली लगने के बाद उनके एक फेफड़े व कान को नुकसान पहुंचा था।

By Parveen VashishtaEdited By: Updated: Sun, 10 Apr 2022 09:34 PM (IST)
Hero Image
बुक आफ वर्ल्‍ड रिकार्ड में शामिल हुई प्रवीण की दिल्‍ली से मुम्‍बई तक की 'यात्रा'

बुलंदशहर, जागरण संवाददाता। पूर्व मरीन कमांडो प्रवीण तेवतिया ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए दिल्ली के इंडिया गेट से गेटवे आफ इंडिया मुंबई तक की यात्रा की। 1420 किलोमीटर की दूरी को प्रवीण ने दौड़कर व साइकिल चलाकर पूरा किया। उनकी इस यात्रा को यूरोपीय यूनियन की 'बुक आफ वर्ल्‍ड रिकार्ड ने अपनी सूची में शामिल किया है। हाल ही में उन्हें इसका सर्टिफिकेट मिला है।

दिल्ली के इंडिया गेट से मुम्बई के गेटवे आफ इंडिया तक की यात्रा 

नौसेना से वर्ष 2017 में सेवानिवृत्त होने के बाद गांव भटौना निवासी प्रवीण तेवतिया देश सेवा के एक और मिशन पर निकल पड़े हैं। प्रवीण ने वन जागृति संस्था जयपुर के साथ मिलकर पिछले साल 10 नवंबर 2021 से 25 नवंबर 2021 तक पर्यावरण जागरूकता यात्रा शुरू की। यह यात्रा दिल्ली के इंडिया गेट से शुरू होकर गेटवे आफ इंडिया मुंबई पर समाप्त हुई। यात्रा 1420 किमी लंबी थी। 

चोट के बाद थामी साइकिल

यात्रा की शुरुआत में प्रवीण दौड़ते हुए बेहतर समय लेकर चल रहे थे। एक दिन में सौ किलोमीटर के आसपास  दौड़कर इस दूरी को पूरा करने का उनका इरादा था, लेकिन उदयपुर के बाद उनको पैर में चोट लग गई/ इसके चलते उन्‍हें साइकिल थामनी पड़ी। इसके बाद उन्होंने मुंबई से कुछ पहले तक साइकिल से यात्रा की। यात्रा का अंतिम चरण उन्होंने फिर से दौड़कर पूरा किया। यात्रा में शामिल लोगों पर जीपीएस (ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम) से निगरानी की गई थी। प्रवीण ने यात्रा के दौरान 740 किमी की यात्रा दौड़कर और 680 किमी की यात्रा साइकिल चलाकर पूरी की। उनकी इस यात्रा को यूरोपीय यूनियन की बुक आफ वर्ल्‍ड रिकार्ड ने भी अपनी सूची में शामिल किया है। संस्था ने प्रवीण को डुआथलान (रनिंग  और साइकिलिंग इवेंट) श्रेणी में सर्टिफिकेट जारी किया है।

वर्ष 2012 में शुरू की थी आयरनमैन की तैयारी

प्रवीण तेवतिया बताते हैं कि ताज होटल में 26/11 आपरेशन के दौरान उन्हें चार गोली लगी थीं। एक फेफड़ा डैमेज हो गया था। कई साल इलाज के दौरान उन्होंने योग और प्राणायाम को अपनाया। लंबे समय तक दवाएं खाने और कई शारीरिक समस्याओं के होते हुए भी दुनिया की सबसे कठिन आयरनमैन स्पर्धा के लिए खुद को तैयार किया। इसमें 3.8 किलोमीटर समुद्र में तैराकी, 180 किलोमीटर साइकिलिंग और 42.2 किलोमीटर दौड़ को एक के बाद एक पूरा करना होता है। आयरन ट्राइथलोन संस्था अमेरिका द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में प्रवीण ने 2018-19 में सफलतापूर्वक हिस्‍सा लिया। इसके अतिरिक्त वह 27 मैराथन व 100 हाफ मैराथन प्रतियोगिताओं में भी प्रतिभाग कर चुके हैं।

केबीसी के कर्मवीर एपिसोड में ले चुके हैं हिस्सा

2018 में अमिताभ बच्चन के कौन बनेगा करोड़पति के कर्मवीर एपिसोड में भी उन्होंने हिस्सा लिया था। इस दौरान उनके संस्मरणों को दर्शकों ने बहुत पसंद किया था।

वर्ष 2017 में सचिन तेंदुलकर एक टीवी कार्यक्रम के लिए प्रवीण कुमार का इंटरव्यू ले चुके हैं। उन्होंने अपनी आत्मकथा 26/11 Brave Heart My Encounter With Terrorists That Night के नाम से लिखी है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें