Rain Alert In West UP: दो तीन दिनों तक होती रहेगी बरसात, मानसून सीजन बीतने के बाद सावन भादो जैसे नजारे
Rain Alert पूरे वेस्ट यूपी में 36 घंटों से अधिक समय से लगातार बरसात हो रही है। अभी मौसम का हाल ऐसा ही बना रहेगा। लगातार बारिश ने मुसीबतों को भी बढ़ा दिया है। खेतों में धान की फसलों को नुकसान पहुंचा है। वहीं जलभराव भी परेशानी बढ़ा रहा है।
मेरठ, जेएनएन। Rain Alert मेरठ सहित पूरे वेस्ट यूपी में 36 घंटों से हो रही बरसात आज रविवार की सुबह भी जारी रही। बारिश के चलते तापमान के गिरने से ठंड का भी अहसास होने लगा। वहीं कई स्थानों पर जलभराव होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग अनुसार अभी 12 अक्टूबर तक पूरे क्षेत्र में बारिश का मौसम बना रहेगा। बरसात से किसानों के साथ-साथ व्यापारी व आम वर्ग भी परेशान हो गया है। त्योहारी सीजन भी सिर पर है।
बागपत में हल्की बूंदाबांदी
बागपत में शनिवार की रात तक वर्षा हुई। रविवार की सुबह बदल छाए रहे। हल्की हल्की बूंदाबांदी होती रही। हवा चलने से मौसम बिल्कुल बदल गया है। लोगों को सुबह घर से निकलने पर ठंड का अहसास हुआ। बदलते मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ी हुई है। किसानों ने धान की कटाई को रोका हुआ है। कृषि विज्ञान केंद्र की मौसम विशेषज्ञ अंकिता नेगी ने बताया कि 12 अक्टूबर तक वर्षा की संभावना है। रात का तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस और सुबह के समय 23.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया।
बिजनौर में किसान भी परेशान
बिजनौर में लगातार हो रही बरसात अब परेशानी बढ़ा रही है। बरसात से किसानों के साथ साथ व्यापारी व आम वर्ग भी परेशान हो गया है। व्यापारी त्योहारी सीजन को पूरी तरह कैश नहीं कर पा रहा है। भीगने पर बीमार होने के डर से उपभोक्ता घरों से कम ही निकल रहे हैं। शुक्रवार शाम करीब सात बजे से बरसात शुरू हुई थी। रविवार सुबह तक भी बरसात से कोई राहत नहीं मिली है। रविवार तड़के सुबह तइन से पांच बजे तक तेज बरसात हुई।
धान और उड़द की फसल को नुकसान
इस समय किसी भी वर्ग को बरसात की कोई जरूरत नहीं है। धान और उड़द की फसल खेतों में तैयार खड़ी है। तैयार फसल पर जितना पानी बरस रहा है धान की पैदावार और गुणवत्ता पर उतना ही असर पड़ेगा। इसके अलावा सब्जी की फसल की बुआई में देर पर देर हुई जा रही है। बरसात से राहत के भी अभी कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं। सोमवार को भी तेज बारिश की बात कही जा रही है। हालांकि रविवार को हवा शांत ही रही।
सोमवार को भी तेज बारिश की संभावना
वहीं बरसात से मौसम में ठंड बनी हुई है। लोगों ने छोटे बच्चों को गरम कपड़े पहनाने शुरू कर दिए हैं। वहीं जिला कृषि अधिकारी डॉ. अवधेश मिश्र का कहना है कि बरसात से फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कराया जाएगा। धान या बाकी किसी फसल को बरसात की अभी कोई जरूरत नहीं है। इस बीच नगीना स्थित मौसम वेधशाला के प्रेक्षक सतीश कुमार ने बताया कि सोमवार को भी तेज बारिश के आसार हैं। बरसात ने मौसम ठंडा कर दिया है।
मेरठ में आठ साल बाद अक्टूबर में रिकार्ड बरसात
मेरठ में मानसून सीजन बीतने के बाद भी सावन भादो की तरह बरसात की झड़ी लगी है। शनिवार को पूरा दिन इंद्र देव का अधिपत्य रहा। सूर्य देव के दर्शन नहीं हुए। आठ वर्ष बाद 24 घंटे में इतनी अधिक बरसात देखी गई। सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक 22.6 मिलीमीटर वर्षा हो चुकी है। इसके पहले 24 घंटे में सर्वाधिक वर्षा 2013 में 62 मिलीमीटर हुई थी। उसके बाद की यह सर्वाधिक बरसात है।
दिन का तापमान भी गिरा
शनिवार को पूरे एनसीआर में बरसात का प्रसार रहा। दिल्ली सफदरजंग में 36 घंटे में 38 मिलीमीटर वर्षा हुई। वहीं मेरठ में 29.6 मिलीमीटर रही पूरे उत्तर प्रदेश और राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात तक था। रविवार को भी मौसम का यही रुख रहने की संभावना है। अक्टूबर में पूरे माह में 29 मिलीमीटर बारिश होती है जो कि 36 घंटे में हो गई है। पंखे बंद, गुलाबी ठंड की दस्तक लगातार बारिश से दिन का तापमान गिर गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री कम 22.8 डिग्री रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री रहा। अर्थात अधिकतम और न्यूनतम तापमान का जो अंतर सामान्य रूप से 8 से 10 डिग्री का होता है वह घट कर 2.5 रह गया। घरों में पंखे बंद हो गए। चादर का सहारा लेना पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें : Meerut Weather Update: मेरठ में आठ साल बाद रिकॉर्ड बरसात, पढ़िए कब तक रहेगा मौसम का ऐसा हाल