Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Traffic Rule: सांप-सीढ़ी के खेल से सीखेंगे यातायात के नियम, मेरठ के अमित ने तैयार किया इलेक्ट्रानिक बोर्ड

Traffic Rules मेरठ में खेल खेल में सिखाया जाएगा यातायात नियम। सांप-सीढ़ी के खेल में सांप काटेगा भी और सीढ़ी उपर भी चढ़ाएगी बस फर्क इतना होगा कि हर बाक्स पर यातायात नियमों के बारे में लिखा होगा। रोड सेफ्टी से जुड़े अमित तिवारी ने तैयार किया इलेक्ट्रानिक बोर्ड।

By abhishek kaushikEdited By: PREM DUTT BHATTUpdated: Tue, 18 Oct 2022 02:00 PM (IST)
Hero Image
Traffic Rules स्कूलों में प्रयास सफल होने पर मोबाइल एप भी लाने की तैयारी।

अभिषेक कौशिक, मेरठ। Traffic Rules खेल-खेल में स्कूली छात्र यातायात नियमों को सीख सकेंगे। सांप-सीढ़ी के खेल में सांप काटेगा भी और सीढ़ी उपर भी चढ़ाएगी, बस फर्क इतना होगा कि हर बाक्स पर यातायात नियमों के बारे में लिखा होगा। उनमें निशानों-नियमों की जानकारी होगी और कारण भी होंगे। सतर्क भी किया जाएगा। प्रयास सफल रहने पर मोबाइल एप भी लांच किया जाएगा।

आज ट्रेनर की भूमिका में अमित

प्रभात नगर निवासी अमित तिवारी ने बताया कि छह साल पहले परिवहन विभाग से जुड़े थे। तब उनको भी यातायात नियमों की उतनी ही जानकारी थी, जितनी आम आदमी को होती है। आज वह ट्रेनर बन चुके हैं। हजारों लोगों को यातायात नियमों का पाठ पढ़ा चुके हैं। कई एनजीओ के साथ मिलकर काम कर चुके हैं।

लंबे अनुभव के बाद बनाया इलेक्ट्रानिक बोर्ड

लंबे अनुभव के बाद उन्होंने ऐसा इलेक्ट्रानिक बोर्ड बनाया है, जो सांप-सीढ़ी के खेल जैसा है। इसमें एक से सौ तक नंबर लिखे हैं, जिसमें यातायात संकेतकों को लिखा गया है। हादसों का कारण बताया गया है। चलने से लेकर रुकने और गति धीमी करने की भी जानकारी दी गई है। हेलमेट पहनने से लेकर सीट बेल्ट लगाने तक के बारे में बताया गया है।

स्कूलों में बच्चों को शीट उपलब्ध कराएंगे

अमित ने बताया कि इलेक्ट्रानिक बोर्ड बनाने की शुरुआत फरवरी में की थी। सैकड़ों नियमों में से सौ ऐसे नियमों का चयन करना था, जो सबसे जरूरी हैं। कई माह तो इसी उधेड़-बुन में निकल गए। इसके बाद रुकना, चलना और तैयारी से लेकर नशा करके वाहन ना चलाएं, अस्पताल और पार्किंग-नो पार्किंग की जानकारी दी है। जो बोर्ड बनाया है, वह इलेक्ट्रानिक है।

मोबाइल एप भी जल्‍द ही

हालांकि जब स्कूलों में जाएंगे तो बच्चों को शीट दी जाएगी, जो लूडो के जैसी होगी। वह उस पर खेलकर यातायात नियमों के बारे में जान सकेंगे। घर, परिवार और दोस्तों के साथ भी उसे खले सकेंगे। इसको लेकर सभी उत्साह दिखा रहे हैं। जल्द ही मोबाइल एप भी लांच किया जाएगा। इसके बाद मोबाइल में खेल-खेल में नियम सीख सकेंगे। अमित ने बताया कि वह ट्रैफिक पुलिस के साथ स्कूलों में जाएंगे और बच्चों को यातायात नियमों के बारे में बताएंगे।

इनका कहना है

रोड सेफ्टी से जुड़े अमित ने यातायात नियमों को लेकर सांप-सीढ़ी का इलेक्ट्रानिक बोर्ड बनाया है, जिसे उन्होंने सड़क-सीढ़ी नाम दिया है। उसमें कुछ कमियां हैं, जिनके बारे में बता दिया गया है। उनके साथ स्कूलों में जाकर बच्चों को जागरूक किया जाएगा। उनका प्रयास भी सराहनीय है।

- जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, एसपी यातायात, मेरठ 

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर