नगर निगम की पहल, अब खूब लीजिए सेल्फी और कहिए I Love Meerut, जानिए कहां है यह स्थान
विकास के पथ पर दौड़ रहे मेरठ शहर में एक सेल्फी प्वाइंट बनाकर नगर निगम ने शहरवासियों को सुनहरा मौका दिया है। अब यहां से आते-जाते लोग सेल्फी लेंगे। अभी कई और स्थानों पर ऐसे सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगें।
मेरठ, जागरण संवाददाता। हर शहरवासी को अपने शहर से प्यार होता है। वह इसे शहर की विशेष पहचान से जोड़कर अक्सर इजहार करता रहता है। विकास के पथ पर दौड़ रहे मेरठ शहर में एक सेल्फी प्वाइंट बनाकर नगर निगम ने शहरवासियों को सुनहरा मौका दिया है।
कमिश्नरी चौराहे के समीप है सेल्फी प्वाइंट
कमिश्नरी चौराहे के समीप सेल्फी प्वाइंट बनाया गया है। जिस पर बड़े-बड़े अक्षरों से आइ लव मेरठ लिखा है। अब यहां से आते-जाते लोग सेल्फी लेंगे। इंटरनेट मीडिया सहित अन्य प्लेटफार्मों पर इसे साझा करके अपने शहर को नए अंदाज में प्रस्तुत कर सकेंगे। रविवार को यह सेल्फी प्वाइंट रंग-बिरंगी रोशनी से रोशन हुआ। शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने की दिशा में एक कदम है। अभी कई और स्थानों पर ऐसे सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगें।
7500 अंकों का होगा स्वच्छ सर्वेक्षण 2022
मेरठ। स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 का परिणाम आने के बाद नगर निगम प्रशासन स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 की तैयारी में जुट गया है। इस बार सर्वेक्षण 6000 अंकों की बजाए 7500 अंकों का होगा। शहरी विकास मंत्रालय ने सर्वेक्षण की टूल किट में कई बदलाव कर दिए हैं। जिससे 1500 अंकों की बढ़ोत्तरी हो गई है। खास बात ये है कि सर्वेक्षण जहां डिजिटल आधार पर होगा। वहीं वायु गुणवत्ता और सफाई मित्र सुरक्षा का आंकलन भी किया जाएगा।
1200 अंक निर्धारित
सर्विस लेवल प्रोग्रेस की कैटेगरी के 2000 अंक होते थे। जो अब बढ़कर 3000 कर दिए गए हैं। पहले साफ-सफाई के 600, गीला-सूखा कूड़ा अलग-अलग कलेक्शन के 600 और प्रोसेसिंग व कूड़ा निस्तारण के 800 अंक निर्धारित थे। लेकिन अब साफ-सफाई व सफाई मित्र सुरक्षा के 900, गीला-सूखा कूड़ा अलग-अलग कलेक्शन के 900 अंक और प्रोसेसिंग व कूड़ा निस्तारण के 1200 अंक निर्धारित कर दिए गए हैं।
डोर टू टोर कूड़ा निस्तारण पर बल
कुल मिलाकर डोर टू डोर कूड़ा उठान से लेकर निस्तारण तक अधिक बल दिया गया है। इसका मूल्यांकन तिमाही किया जा रहा है। सभी रिपोर्ट आनलाइन भेजी जा रही हैं। सर्टिफिकेशन कैटेगरी में पहले 1800 अंक थे, जो अब 2250 हो गए हैं। सिटीजन फीडबैक कैटेगरी के भी 1800 अंक थे, जो अब 2250 कर दिए गए हैं। फीडबैक जनवरी से शुरू होगा।