Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

CM Yogi in Moradabad : विदेशी फूलों से हुई शादी के भव्य पंडाल की सजावट, गाजीपुर से मंगाए गए थे फूल

CM Yogi in Moradabad मुख्य विकास अधिकारी आनंद वर्धन ने बताया कि मुख्यमंत्री विभिन्न विभागों की लगभग 48 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। जिनकी लागत लगभग 180 करोड़ है। इनमें कुछ पेयजल परियोजनाएं गोशालाएं एवं पुलिस की बैरक हैं।

By Narendra KumarEdited By: Updated: Mon, 15 Feb 2021 10:19 AM (IST)
Hero Image
अफसर भी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारी में लगे हुए हैं।

मुरादाबाद, जेएनएन। श्रमिकों की बेटियों के सामूहिक विवाह के लिए बन रहा पंडाल विदेशी फूलों से महकेगा। मंच को सजाने के लिए गाजीपुर से विदेशी फूल मंगा लिए गए हैं। सोमवार की सुबह ही मंच को विदेशी फूलों से सजा दिया गया। इन फूलों की महक सारे पंडालों तक पहुंचेगी। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के अलावा अन्य विभागों के अफसर भी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारी में लगे हुए हैं।

मुजफ्फरनगर के गांधी टेंट हाउस को निर्माण श्रमिकों की बेटियों की शादी के लिए भव्य पंडाल तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। पिछले पांच दिन से 500 से अधिक मजदूर पंडाल बनाने में लगे थे। जर्मन हेंगर टेंट लगाए गए हैं। टेंट हाउस के मालिक दीपक जैन ने बताया कि पांच बड़े पंडाल बनाए गए हैं। गाजीपुर से मंच के लिए फूल मंगाए गए थे। कुछ देशी और कुछ विदेशी फूलों से मंच को सजाया गया। फूलों में जरवेरा, काडनेशन, केरला, आर्किट आदि हैं। इन फूलों की महक पूरे पंडाल में रहेगी। 

पंडाल में होगी श्रमिकों की बेटियों की शादी

डीएम राकेश कुमार सिंह ने बताया क‍ि श्रमिकों की बेटियों की शादी के पंजीकरण की व्यवस्था सामूहिक विवाह कार्यक्रम स्थल के पंडाल में ही कराई गई है। निबंधन विभाग के अधिकारियों को शादियों के पंजीकरण की जिम्मेदारी दी है। ठेकेदार ने शादियों के पंजीयन के लिए मंच के बराबर में ही व्यवस्था करा दी है। एआइजी स्टाम्प ने बताया कि श्रमिकों की बेटियों की शादी का पंजीकरण करने के लिए पंडाल में ही व्यवस्था की गई है। हमारा लक्ष्य ज्यादा से ज्यादा नवविवाहित जोड़ों की शादी का पंजीकरण करने का है। पंडाल में मुख्यमंत्री की मौजूदगी में श्रमिकों की बेटियों की शादी की रस्में पूरी होने के बाद शादी के पंजीकरण होगा।

पांच फायर टेंडरों पर तैनात रहेंगी टीमें, सिविल डिफेंस को भी लगाया

शादी के हर पंडाल में अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों के साथ सिविल डिफेंस के सोशल वर्कर भी रहेंगे। निर्माण श्रमिकों की बेटियों की सामूहिक शादी के लिए बनाए पंडालों को अग्निशमन विभाग ने 24 सेक्टरों में बांटा है। हर सेक्टर में एक अग्निशमन कर्मचारी के साथ सिविल डिफेंस के सोशल वर्कर भी रहेगा। सीएफओ ने फायरमैनों और अपने विभाग के अन्य कर्मचारियों के अलावा सिविल डिफेंस के सोशल वर्करों को अलर्ट रहने को कहा। सीएफओ मुकेश कुमार ने बताया कि हवन आदि होने पर आग लगने का खतरा बना रहता है। आग लगने पर हम पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश करेंगे। घबराने की कोई जरूरत नहीं है। दरी में आग लगने पर दूसरी दरी से भी आग बुझाई जा सकती है। सामूहिक शादी के कार्यक्रम के लिए रामपुर और मेरठ से फायर टेंडर मंगाए गए हैं। एक फायर टेंडर हेलीपैड पर रहेगा। चार फायर टेंडरों को कार्यक्रम में लगाया गया है।

यह भी पढ़ें 

आज मुरादाबाद में आएंगे सीएम योगी, एक घंटा 35 म‍िनट तक रहेंगे, जान‍िए म‍िनट-टू-म‍िनट कार्यक्रम

CM Yogi in Moradabad : जमीन से लेकर आकाश तक रहेगा पुलिस का पहरा, 1200 पुलिस कर्मियों की तैनाती