Move to Jagran APP

शराब पीकर पीट रहा था पति… बचने के लिए गमछे से गला कसकर सो गई पत्नी, सुबह उठी तो जाना पड़ा जेल

मुरादाबाद के गांव मथाना में एक पत्नी ने अपने पति की शराब की लत और मारपीट से तंग आकर अंगोछे से गला दबाकर हत्या कर दी। पत्नी को पति की मौत की जानकारी नहीं थी और वह रातभर पति के पास सोई रही। सुबह जब पति नहीं उठे तो उसने घटना की जानकारी दी। पुलिस ने पत्नी को गिरफ्तार कर लिया और न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।

By Mehandi Hasan Edited By: Shivam Yadav Updated: Thu, 10 Oct 2024 12:19 AM (IST)
Hero Image
पुलिस की गिरफ्त में पति की हत्या की आरोपी बेबी। जागरण

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। शराब के चलते रोज-रोज होते कलेश ने बड़ा रूप ले लिया। रोज-रोज मारपीट से आजिज पत्नी इस कदर आक्रोशित हो गई कि पति का अंगोछे से गला दबा दिया। हैरानी यह है कि घटना के बाद उसे भनक भी नहीं थी कि पति की जान चली गई है। 

रातभर वह बच्चों को लेकर पति के पास ही सोई। सुबह उठकर पति को जगाया, तब वह नहीं उठा। इससे वह हैरत में पड़ गई। फिर पता चला कि गला दबाने से पति की मौत हो गई। पत्नी ने खुद सिलसिलेवार कहानी बताई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

यह है पूरा मामला

छजलैट के गांव मथाना में राजू उर्फ राजवीर का परिवार रहता है। पत्नी बेबी, 14 माह व चार साल की दो बेटियां हैं। राजू भवन निर्माण व अन्य कार्यों की मजदूरी कर भरण पोषण करता था। 

पुलिस के अनुसार, राजू शराब पीने का आदी था। हर दिन शराब पीकर घर में पत्नी से मारपीट की घटना को अंजाम देता था। पत्नी बेबी ने कई बार परिजन से शिकायत की लेकिन, नतीजा सिफर ही रहा। रोज का किस्सा हो चुका था। मंगलवार रात भी पत्नी बेबी से शराब पीकर राजू ने मारपीट की। 

इसके बाद कलेश बढ़ गया और घटना कारित हुई। चूंकि, राजू अत्यधिक नशे में था। इसलिए प्रतिक्रिया ना देने पर भी कोई संदेह नहीं हुआ। सुबह राजू की मौत की कहानी सामने आने पर घटनाक्रम खुला। 

मृतक के चाचा कल्लू सिंह ने बेबी के विरुद्ध शिकायती पत्र दिया। आरोप लगाया गया बेबी ने ही अपने पति की हत्या की है। पुलिस ने घटनास्थल पर मिले साक्ष्य व बेबी के कबूलनामे के आधार पर उसे मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। फिर न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया।

आरोपी महिला के अनुसार उसका उसे पति पीट रहा था। बचाव में उसने पति का अंगोछे से गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। प्राथमिकी लिखकर आरोपी महिला को जेल भेज दिया गया है।

-अपेक्षा निंबाडिया, सीओ, कांठ

मृतक की बहन के पास हैं दोनों बेटियां

पति की पिटाई से बचने के चक्कर में बेबी ने अंगोछे से उसका गला दबा दिया था। उसे शायद यह अंदाजा ही नहीं हुआ कि उसके पति की मौत हो गई। पत्नी और दोनों बेटियां रातभर वहीं सोते रहे। सुबह में जब उठाया गया तो वह नहीं उठे। महिला के जेल जाने के बाद दोनों बेटियां मृतक की बहन के पास हैं।

यह भी पढ़ें: मंत्री की डीपी लगाकर जमाई धौंस… धड़ाधड़ करवाए लेखपालों के तबादले, युवक के कारनामे से अधिकारी भी हैरान

यह भी पढ़ें: डेबिट कार्ड बदलकर ठगी करने वाला एमएससी पास निकला, एसपी ने फाइल खुलवाई तो परत दर परत खुला मामला

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें