Move to Jagran APP

Moradabad News : पति से हुआ झगड़ा तो अपने मासूम बच्चों के खून की प्यासी हुई मां, पुल से नीचे फेंक कर मार डाला

17 अक्टूबर की सुबह घर के सभी लोग सो रहे थे। आरोप है कि सामिया बेटे इजहान को लेकर पुल पर चली गई। उसे पुल के ऊपर से फेंक दिया। पुल से नीचे गिरने की वजह से उसके सिर में चोट लगने से पोस्टमार्टम में मौत की पुष्टि हुई। इसके बाद वह अपने घर वापस आ गई। बेटे के सवाल पर कहा कि इजहान को मायके में छोड़ आई है।

By Jagran News Edited By: Mohammed Ammar Updated: Sat, 19 Oct 2024 10:18 PM (IST)
Hero Image
पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। पति-पत्नी के झगड़े में मां बच्चों के खून की प्यासी बन गई। पति से दो टूक कहा कि सारा किस्सा ही खत्म कर देते हैं। वह इरादा समझ पाता कि बड़ी अनहोनी हो गई। मां ने पहले चार साल के बेटे को पुल से फेंककर मौत के घाट उतार दिया। फिर अगले दिन दो साल की मासूम बेटी को ठिकाने लगाने पहुंची। मगर, मौत उससे दूर थी।

नदी के पास मछुआरों के बैठे होने के चलते आरोपित अपने इरादे में कामयाब ना हो पाई। काफी इंतजार के बाद भी जब बेटी को फेंक नहीं पाई तब उसे लेकर वापस आ गई। बेटा ना होने पर सवाल हुआ तो वह गुमराह करती रही। इस बीच चार साल के मासूम की मौत की कहानी से पर्दा उठा तो हर कोई दंग रह गया।

साल 2019 में हुई थी शादी

मुगलपुरा बरवालान में कुंवर साहब वाली गली में रामगंगा नदी के पास ही राशिद रहते हैं। उनकी शादी 12 दिसंबर 2019 में करूला रहमत नगर गली नंबर एक कर्बला की रहने वाली सामिया से हुई थी। ढलाई करके यह परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। इनका चार साल का बेटा इजहान और दो साल की बेटी इनायत हैं।

पति का कहना है कि शादी के बाद से महिला ने ससुराल के लोगों से मिलना-मिलाना छोड़ दिया था। बच्चों को दादी के पास भी जाने नहीं देती थी। बार-बार झगड़ा करने की वजह से बच्चों के भी सभी काम वह ही करते थे।

17 अक्टूबर के दिन हुई थी वारदात

17 अक्टूबर की सुबह घर के सभी लोग सो रहे थे। आरोप है कि सामिया बेटे इजहान को लेकर पुल पर चली गई। उसे पुल के ऊपर से फेंक दिया। पुल से नीचे गिरने की वजह से उसके सिर में चोट लगने से पोस्टमार्टम में मौत की पुष्टि हुई। इसके बाद वह अपने घर वापस आ गई। बेटे के सवाल पर कहा कि इजहान को मायके में छोड़ आई है।

बेटा अक्सर वहीं रहता था। लिहाजा, शक भी ना हुआ। इसके बाद 18 की सुबह में वह फिर दो वर्षीय बेटी इनायत को ले गई। यहां नदी किनारे बैठी थी। सुबह के समय रेता भरने वाले युवकों ने देखा तो उससे पूछा कि यहां कैसे बैठी हो? इतना सुनने के बाद वह वहां से भाग निकली। तब बात फैली। पति तक पहुंची।

पति और मुहल्ले के लोग महिला को साथ लेकर गए। मायके में इजहान को तलाश किया। लेकिन, उसका कुछ पता नहीं लगा। जानकारी पुलिस तक पहुंची। बच्चे के शव की पहचान हुई। तब पूरी कहानी से पर्दा उठा। महिला से पूछताछ की गई तो उसने पूरा घटनाक्रम स्वीकार कर लिया और सिलसिलेवार कहानी बताई। राशिद के शिकायती पत्र पर पुलिस ने आरोपित महिला के विरुद्ध प्राथमिकी लिख ली है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।