Move to Jagran APP

Holi 2022: मुरादाबाद में होलिका स्‍थल पर भगवा रंग के गुब्बारे लगाने को लेकर दो पक्षों में पथराव, चार लोग हुए घायल

मझोला थाना क्षेत्र के लाइनपार में राजकुमारी छात्रावास के सामने होलिका दहन की व्यवस्था नगर निगम की ओर की गई थी। इस दौरान होलिका दहन स्थल में भगवा रंग के गुब्बारे लगाने को लेकर पहले नाबालिग बच्चों में विवाद हो गया।

By Vivek BajpaiEdited By: Updated: Fri, 18 Mar 2022 12:14 PM (IST)
Hero Image
पुलिस की मौजूदगी में होलिका दहन किया गया।
मुरादाबाद, जेएनएन। मझोला थाना क्षेत्र में गुरुवार रात होली दहन से पहले दो पक्षों में विवाद हो गया। बच्चों के आपसी विवाद के बाद दो अलग-अलग समुदायों के लोग आमने-सामने आकर पत्थरबाजी करने लगे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने लाठियां पटककर लोगों को दौड़ाया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में होलिका दहन किया गया। इस मामले में एक पक्ष की ओर से तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग की गई है।

मझोला थाना क्षेत्र के लाइनपार में राजकुमारी छात्रावास के सामने होलिका दहन की व्यवस्था नगर निगम की ओर की गई थी। इस दौरान होलिका दहन स्थल में भगवा रंग के गुब्बारे लगाने को लेकर पहले नाबालिग बच्चों में विवाद हो गया। इसके बाद मामला बड़ों तक पहुंच गया। कुछ ही देर में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। वाद-विवाद के बाद पहले दोनों पक्षों में लाठी-डंड़े चले इसके बाद पथराव शुरू हो गया। घटना की सूचना मिलने पर मझोला थाना प्रभारी धनंजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लाठियां पटककर लोगों को दौड़ाया।

इस मामले में लाइनपार निवासी दीपचंद सैनी ने मझोला थाने में तहरीर देकर बताया कि भगवा रंग के गुब्बारे लगाने को लेकर आशू, पंकज, नानू, विजय बाबू, सुधीर, राजकुमार, अमित, सुभाष के साथ ही अन्य लोगों ने विरोध किया था। वाद-विवाद के बाद इन्हीं लोगों ने लाठी-डंड़े से हमला करने के साथ पथराव किया। इस घटना में दीपचंद सैनी, सोहन, मुकेश, गौरव के साथ ही अनिल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मामले की सूचना पुलिस को देने के साथ ही सभी का मेडीकल कराया गया है। सीओ सिविल लाइंस सागर जैन ने बताया कि दो पक्षों में विवाद की सूचना मिली थी। मौके पर पुलिस बल को भेजा गया था। घटना की जांच करके नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।