Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

अफसरशाही पर भड़की भारतीय किसान यूनियन, रेलगाड़ी रोककर स्टेशन पर कब्जा जमाया

रेलवे स्टेशन पर टॉवर वैगन पर चढ़कर किया हंगामा। मत्स्य पालन व दमकल विभाग की गाड़ी भी सीज कराई।

By JagranEdited By: Updated: Thu, 29 Nov 2018 11:12 PM (IST)
Hero Image
अफसरशाही पर भड़की भारतीय किसान यूनियन, रेलगाड़ी रोककर स्टेशन पर कब्जा जमाया

मुजफ्फरनगर : ट्रैक्टरों के खिलाफ कार्रवाई से भड़के भाकियू कार्यकर्ताओं ने रेलवे स्टेशन पर टॉवर वैगन पर कब्जा कर हंगामा किया। अफसरों की मनमानी का विरोध कर किसानों का शोषण किए जाने के आरोप लगाए। मौके पर आरपीएफ, जीआरपी के साथ सिविल लाइन और नईमंडी पुलिस तैनात की गई है। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने किसानों के साथ स्टेशन पर डेरा जमा लिया। अधिकारियों के साथ वार्ता विफल होने के बाद कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने मानकों के विपरीत दौड़ रहीं मत्स्य और दमकल विभाग की गाड़ियों का चालान कराया।

भाकियू प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत के नेतृत्व में कार्यकर्ता गुरुवार को संगठन कार्यालय पर एकत्र हुए। इसके बाद जुलूस निकालते हुए रेलवे स्टेशन पहुंचे और रेलवे ट्रैक पर खड़े टॉवर वैगन पर चढ़कर हंगामा किया। सूचना पर एडीएम प्रशासन अमित कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट अतुल कुमार, एआरटीओ प्रवर्तन विनीत मिश्रा, स्टेशन अधीक्षक विपिन कुमार त्यागी घटनास्थल पर पहुंचे। कार्यकर्ताओं को समझाकर टॉवर वैगन से नीचे उतारा। अधिकारियों की राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत से वार्ता हुई। टिकैत ने कहा कि एनजीटी का हवाला देकर किसानों के ट्रैक्टरों को सीज किया जा रहा है। उनके ट्रैक्टर खेतों में चलते हैं, सड़कों पर नहीं दौड़ते। कार्यकर्ता रेलवे इंजनों को भी बंद करने की मांग पर अड़ गए। भीड़-भाड़ को देखते हुए मौके पर बुलाई गई दमकल की गाड़ी को लेकर कार्यकर्ताओं का आक्रोश भड़क गया। अधिकारियों से इसकी जांच कराई तो यह 32 साल पुरानी निकली। इस पर एआरटीओ प्रवर्तन से गाड़ी का चालान कटवा दिया। रेलवे रोड से गुजर रही मत्स्य पालन विभाग की गाड़ी को भी कार्यकर्ताओं ने पकड़ लिया। जांच में मानकों के विपरीत मिलने पर इसका भी चालान कराया गया। हंगामा बढ़ता देख दोपहर बाद फिर से वार्ता हुई। वार्ता विफल होने पर कार्यकर्ताओं ने अनिश्चितकालीन धरने का ऐलान कर दिया। इस दौरान मीडिया प्रभारी धर्मेद्र मलिक, राजू पीनना, शहर अध्यक्ष शाहिद मलिक आदि सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। रेलवे अधिकारियों ने दिल्ली तक किसानों के धरने की जानकारी दी है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें