Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

UP Politics: मुजफ्फरनगर में केंद्रीय मंत्री जयन्त चौधरी के कार्यक्रम में भिड़े दो मंत्री, मंच पर हुई तीखी तकरार!

UP Politics मुजफ्फरनगर में केंद्रीय कौशल विकास मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयन्त चौधरी आईटीआई का शुभारंभ करने आए थे। यहां मंच से जब वे जनता को संबोधित कर रहे थे। तभी योगी सरकार के दो मंत्री आपस में भिड़ रहे थे। एक तरफ शिलापट पर नाम नहीं होना और दूसरी तरफ मंच से उनके नाम का संबोधन कुछ ऐसा हुआ कि बात बिगड़ गई।

By Jagran News Edited By: Abhishek Saxena Updated: Mon, 23 Sep 2024 09:22 AM (IST)
Hero Image
कार्यक्रम में मंच पर कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार और राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल के बीच होती वार्ता। सौ. वीडियो ग्रेब

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। एक तरफ केंद्रीय कौशल विकास मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयन्त चौधरी का संबोधन चल रहा था, तो दूसरी तरफ मंच पर आसीन विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार तथा कौशल विकास राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल के बीच तल्ख तेवरों में बातचीत हो रही थी। दोनों मंत्रियों के बीच क्या हुआ, इसका पता तब चला जब मंच संचालक ने माइक से ही माफी मांगते हुए कहा कि संबोधन के क्रम में मंत्रियों को बुलाने में त्रुटि हो गई, जिसके लिए वह क्षमा चाहते हैं।

दोनों मंत्रियों के बीच मंच पर वार्ता बनी चर्चा का विषय

रविवार को दोनों मंत्रियों के बीच मंच पर होती वार्ता के वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुए, जो चर्चा का विषय बने रहे। दरअसल, शनिवार को बधाईकलां आईटीआई का शुभारंभ हुआ। केंद्रीय कौशल विकास मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयन्त चौधरी इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे। मंच के पीछे लगाए गए बैकड्रॉप पर केंद्रीय मंत्री जयन्त चौधरी के साथ ही कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार और राज्यमंत्री का चित्र भी लगाया गया था। हालांकि आईटीआई भवन के शिलापट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, कैबिनेट मंत्री जयन्त चौधरी और राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल का ही नाम अंकित था।

शिलापट पर नाम नहीं लिखा होना नागवार गुजरा

माना जा रहा है कि कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार को शिलापट पर नाम लिखा नहीं होना भी नागवार गुजरा और फिर रही सही कसर मंच पर संबोधन के गड़बड़ाए क्रम ने पूरी कर दी। संचालन कर रहे एवीपीएल के संस्थापक एवं एमडी दीप ने सबसे पहले कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार को संबोधन के लिए बुलाया। उसके पश्चात राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल और फिर मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री जयन्त चौधरी को बुलाया गया।

मंच पर पहुंचे जयन्त तभी होने लगी बहस

जब जयन्त चौधरी संबोधन कर रहे थे, तो उसी दौरान मंच पर बैठे कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार और राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल के बीच संबोधन में प्रोटोकॉल का पालन नहीं करने को लेकर शिकवा-शिकायत हुई। तभी राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने इशारा करके संचालक दीप को बुलाया और नाराजगी जताई। तब तक दोनों मंत्री बगल में बैठे थे, लेकिन तभी कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार उठकर दूरी बनाते हुए बैठ गए।

तत्पश्चात जयन्त चौधरी का संबोधन समाप्त होने पर संचालक दीप ने माइक से ही कहा कि संबोधन के क्रम में मंत्रियों को बुलाने में गलती हुई है, इसके लिए क्षमा प्रार्थी हैं।

ये भी पढ़ें: झूठी शान के लिए नाबालिग बेटी की हत्या; दो भाई और मां के साथ मामा ने किया कत्ल, पुलिस ने साजिश का किया खुलासा

UP News: मतांतरण की क्लास के पीछे के राज सामने आए, मुफ्त शिक्षा व विदेश में नौकरी का देते थे प्रलोभन

संबोधन के लिए किसे पहले बुलाना था और किसे बाद में, यह संचालक पर निर्भर करता है। संचालक ने अपनी गलती स्वीकार भी कर ली, इसमें कोई विवाद की स्थिति नहीं है। - कपिल देव अग्रवाल, राज्यमंत्री, कौशल विकास