Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

मशहूर कव्वाल अहसान भारती घुंघरू वाले का निधन

शाहपुर निवासी कव्वाल अहसान भारती के घुंघरू हमेशा के लिए शांत हो गए। कस्बे के मशहूर कव्वाल 85 वर्षीय अहसान भारती का लंबी बीमारी के चलते दिल्ली में निधन हो गया। संगीत जगत से जुड़े लोगों व कस्बे में शोक छा गया। अपनी सुरीली आवाज के दम पर उन्होंने गिनीज बुक आफ व‌र्ल्ड रिका‌र्ड्स में अपना नाम दर्ज कराया।

By JagranEdited By: Updated: Wed, 12 Jan 2022 09:50 PM (IST)
Hero Image
मशहूर कव्वाल अहसान भारती घुंघरू वाले का निधन

मुजफ्फरनगर, टीम जागरण। शाहपुर निवासी कव्वाल अहसान भारती के घुंघरू हमेशा के लिए शांत हो गए। कस्बे के मशहूर कव्वाल 85 वर्षीय अहसान भारती का लंबी बीमारी के चलते दिल्ली में निधन हो गया। संगीत जगत से जुड़े लोगों व कस्बे में शोक छा गया। अपनी सुरीली आवाज के दम पर उन्होंने 'गिनीज बुक आफ व‌र्ल्ड रिका‌र्ड्स' में अपना नाम दर्ज कराया।

शाहपुर कस्बा निवासी अहसान भारती के पिता अशवाक अहमद उर्फ घोसनी कव्वाल लगभग छह दशक पूर्व दिल्ली रहने लगे थे। अहसान भारती का बचपन शाहपुर में बीता। बचपन से ही वह अपनी जादुई आवाज से मशहूर थे। इसके बाद वो भी दिल्ली चले गए। थोड़े ही समय में देश-दुनिया में बतौर कव्वाल मशहूर हो गए। कई माह से बीमार चल रहे थे। उनके निधन से कस्बे में शोक छा गया। कस्बा शाहपुर निवासी उनके बचपन के दोस्त बताते हैं कि अहसान भारती कस्बे में मोहर्रम पर आया करते थे। नक्कालों वाली कोठी पर रात के समय संगीत का प्रोग्राम किया करते थे। पूर्व चेयरमैन आरिफ सिद्दीकी ने बताया कि जब कभी उनसे मिलने दिल्ली जाना होता था उनके पास बैठकर वे अपनेपन का अहसास करते थे। उनके सिखाये हुए दर्जनों गायक उनके परिवारिक सदस्य इन दिनों मुंबई के नामचीन गायकों में शामिल हैं।

84 तरह की निकालते थे आवाज

अहसान भारती अपने गले से 84 तरह की आवाज निकालकर अपने फन से लोगों को अचंभित कर देते थे। उनकी आवाज के दीवाने उन्हें घुंघरू वाले के नाम से पुकारते थे। अहसान भारती सूफी स्टाइल गायन के लिए जाने जाते हैं। अपनी जादुई आवाज के दम पर उनका नाम 'गिनीज बुक आफ व‌र्ल्ड रिका‌र्ड्स' में भी दर्ज हो चुका है। अहसान भारती ने एक बार फिल्म अभिनेता सलमान खान को एक शेर पर रोने को मजबूर कर दिया था। 'शाहजहां डूब गया हुस्न की गहराई में, और ताजमहल बन गया हुस्न की अंगड़ाई में।'

निधन पर शोक जताया

मुजफ्फरनगर, टीम जागरण। पुरकाजी केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष व मेडिकल स्टोर स्वामी भूराहेड़ी निवासी जगवीर सिंह वर्मा (65) का बुधवार तड़के घर में ही हार्ट अटैक से निधन हो गया। मृतक वर्मा रालोद नेता धर्मेद्र राठी व भारतीय किसान यूनियन के मंडल अध्यक्ष नवीन राठी के पारिवारिक भाई थे। पीड़ित परिवार के यहां सांत्वना देने जाने वालों में विधायक प्रमोद उटवाल, पूर्व चेयरमैन तारिक मुस्तफा, प्रताप सिंह, हरिओम त्यागी व संजय त्यागी के अलावा कस्बे के चिकित्सक, राजनीतिक दलों के नेता, मेडिकल स्टोर स्वामी आदि लोग रहे। निधन पर क़स्बे के सभी मेडिकल स्टोर पर दोपहर तक ताला लटका रहा।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें