Move to Jagran APP

सीएम योगी के फैसले से केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को आपत्ति, कहा- क्या नाम और धर्म पूछ कर हाथ मिलाया जाएगा

Kaanwar Yatra 2024 बता दें कि योगी सरकार ने आदेश दिए हैं कि जहां-जहां से कांवड़िये निकलेंगे वहां रास्ते किनारे ठेला लगाने वाले फल या अन्य सब्जी विक्रेता अपने ठेले पर अपना नाम लिखेंगे। इसके बाद मुजफ्फरनगर में इन आदेश का पालन करते हुए पुलिसकर्मियों ने ठेले वालों से उनका नाम ठेले पर लिखवाया। अब सरकार के फैसले पर पार्टी के ही जयंत चौधरी सवाल उठा रहे हैं।

By Jagran News Edited By: Mohammed Ammar Updated: Sun, 21 Jul 2024 06:32 PM (IST)
Hero Image
इससे पहले इस फैसले पर अखिलेश यादव भी सवाल उठा चुके हैं।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा मार्ग पर होटल-ढाबा समेत सभी दुकानों पर उनके संचालकों के नाम लिखने के संबंध में प्रदेश सरकार के आदेश से रालोद अध्यक्ष जयन्त चौधरी सहमत नहीं है। उन्होंने कहा कि यह फैसला ज्यादा सोच समझकर नहीं लिया गया है, अब फैसला ले लिया है तो सरकार उस पर टिकी हुई है, इस पर विचार किया जाना चाहिए, इसे वापस लेना चाहिए।

जयंत बोले- जाति-धर्म पूछे बिना लोग करते हैं सेवा 

केंद्रीय राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार जयन्त चौधरी रविवार को भोपा क्षेत्र के गांव यूसुफपुर में बलिदानी की प्रतिमा का अनावरण करने के लिए जनपद पहुंचे। इससे पहले मुजफ्फरनगर में मेरठ रोड पर सालिटेयर इन होटल में रालोद कार्यकर्ताओं के द्वारा उनका स्वागत किया गया। यहां मीडिया से बातचीत में जयन्त ने कहा कि कांवड़ यात्रा में लाखों श्रद्धालु गंगाजल लेकर आते हैं। उनकी सेवा करने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटते हैं, श्रद्धालु सेवा करने में यह नहीं पूछते कि उनकी जाति-धर्म क्या है।

क्या अब कुर्ते पर भी नाम लिखवाया जाएगा 

दुकानों के बाहर संचालक का नाम लिखे जाने पर उन्होंने कहा कि मैकडोनाल्ड और किंग बर्गर पर क्या लिखा जाएगा। बहुत से ब्रांड हैं और बड़ी कंपनियां हैं जो नाम से संचालित होती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि होटल या ढाबे पर खाना बनाने वाला कौन है, इससे क्या फर्क पड़ता है, क्योंकि वेजीटेरियन मुसलमान भी हैं और नान वेजिटेरियन हिंदू भी है।

क्या अब कुर्ते पर भी नाम लिखवाया जाएगा। क्या नाम पूछकर और धर्म पूछ कर हाथ मिलाया जाएगा, यह ठीक नहीं है। सरकार ने बिना सोचे समझे जल्दबाजी में फैसला लिया है, अब उस पर टिक रहे हैं, इसे वापस लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मामले पर रालोद का स्टैंड शुरुआत से साफ है और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है, वही हमारा भी मत है।

यह भी पढ़ें : कांवड़ियों के लिए दौड़ेंगी 6 मोबाइल प्रकाश वैन, इन सुविधाओं से है लैस; 10 स्थानों पर तैनात किए गए मोबाइल टॉयलेट

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।